Upcoming IPO : आईपीओ निवेशक हो जाएं तैयार, इसी हफ्ते खुलेंगे ये 3 इश्यू, प्राइस बैंड समेत तमाम डिटेल

IPO निवेशकों को इस हफ्ते निवेश के कई मौके मिलने वाले हैं। जिन तीन कंपनियों के आईपीओ आने वाले हैं उनमें Cosmic CRF, Cell Point (India) और Vilin Bio Med शामिल हैं। Cosmic CRF का आईपीओ कल यानी 14 जून को सब्सक्रिप्शन के लिए खुलने वाला है

अपडेटेड Jun 13, 2023 पर 6:56 PM
इस हफ्ते तीन दिनों में दलाल स्ट्रीट पर तीन आईपीओ आने वाले हैं।

Upcoming IPO : SME सेगमेंट में लगातार कई कंपनियों के आईपीओ आ रहे हैं। इस हफ्ते तीन दिनों में दलाल स्ट्रीट पर तीन आईपीओ आने वाले हैं। हालांकि मेन बोर्ड सेगमेंट ज्यादा हलचल नहीं दिख रही है। इस कैलेंडर ईयर में अब तक मेन बोर्ड सेगमेंट में कुल 7 आईपीओ लॉन्च हुए हैं। जबकि SME सेगमेंट की बात करें तो अब तक 65 आईपीओ ने दस्तक दी है। आईपीओ निवेशकों को इस हफ्ते निवेश के कई मौके मिलने वाले हैं। जिन तीन कंपनियों के आईपीओ आने वाले हैं उनमें Cosmic CRF, Cell Point (India) और Vilin Bio Med शामिल हैं। यहां हमने इन तीनों इश्यू से जुड़ी पूरी डिटेल दी है।

Cosmic CRF IPO

कोल्ड रोल्ड स्टेनलेस सेक्शन सप्लायर Cosmic CRF का आईपीओ 14 जून को सब्सक्रिप्शन के लिए खुलने वाला है। यह एक SME आईपीओ है, जिसका प्राइस बैंड 314-330 रुपये प्रति शेयर तय किया गया है। यह ऑफर 16 जून 2023 को बंद हो जाएगा।


कंपनी 18.22 लाख इक्विटी शेयरों के पब्लिक इश्यू के जरिए 60 करोड़ रुपये से कुछ ज्यादा जुटाने की योजना बना रही है। आईपीओ के पैसे का इस्तेमाल सामान्य कॉर्पोरेट उद्देश्यों के अलावा मौजूदा मैन्युफैक्चरिंग यूनि के विस्तार, वर्किंक कैपिटल जरूरतों और कर्ज चुकाने के लिए किया जाएगा।

इसके क्लाइंट्स में टीटागढ़ वैगन्स लिमिटेड, हिंदुस्तान इंजीनियरिंग एंड इंडस्ट्रीज, मेलब्रो इंजीनियरिंग वर्क्स, जिंदल रेल इंफ्रास्ट्रक्चर, एलाइड कंस्ट्रक्शन इंजीनियर्स जैसी कंपनियां शामिल हैं।

Cell Point (India)

सेल पॉइंट (इंडिया) 15 जून को लॉन्च होने वाला दूसरा आईपीओ होगा। इस इश्यू के लिए 100 रुपये प्रति शेयर का प्राइस तय किया गया है। यह फिक्स्ड प्राइस इश्यू है और निवेशक इसमें 20 जून तक निवेश कर सकेंगे। इस आईपीओ के ज़रिए कंपनी 50 करोड़ रुपये जुटाना चाहती है। फंड का इस्तेमाल कर्ज चुकाने और वर्किंग कैपिटल जरूरतों के लिए किया जाएगा। आईपीओ के पैसे का इस्तेमाल कंपनी मौजूदा रिटेल आउटलेट्स की मरम्मत और रेनोवेशन और नए रिटेल आउटलेट्स की स्थापना के अलावा सामान्य कॉरपोरेट खर्च और इश्यू खर्च के लिए किया जाएगा।

सेल प्वाइंट (इंडिया) की आंध्र प्रदेश में 75 रिटेल स्टोर चेन है। कंपनी कई ब्रांडों के स्मार्टफोन टैबलेट, मोबाइल एक्सेसरीज और मोबाइल से संबंधित प्रोडक्ट्स की रिटेल बिक्री करती है। इसके साथ ही कंपनी कई ब्रांडों जैसे कि Apple, Samsung, Oppo, Realme, Nokia, Vivo, Xiaomi, Nokia, Redmi, Techno, One Plus, GIONEE, VIVO से जुड़े सामान बेचती है।

Vilin Bio Med

फार्मास्युटिकल प्रोडक्ट बनाने वाली कंपनी Vilin Bio Med भी इस हफ्ते 16 जून को आईपीओ लेकर आ रहा है। यह 21 जून को बंद होने वाला एक फिक्स्ड प्राइस इश्यू है। कंपनी की योजना 30 रुपये प्रति शेयर की कीमत पर 40 लाख शेयरों के जरिए 12 करोड़ रुपये जुटाने की है। ज्यादातर फंड का इस्तेमाल सामान्य कॉर्पोरेट उद्देश्यों के अलावा अतिरिक्त वर्किंग कैपिटल जरूरतों के लिए किया जाएगा।

कब होगी इनकी लिस्टिंग

कॉस्मिक सीआरएफ 26 जून को BSE SME सेगमेंट में अपने इक्विटी शेयरों को लिस्ट करेगा, जबकि सेल प्वाइंट (इंडिया) के शेयरों की लिस्टिंग 29 जून और विलिन बायो मेड की लिस्टिंग 30 जून को NSE SME इमर्ज पर होगी।

इस हफ्ते पहले ही खुल चुके हैं ये आईपीओ

इस हफ्ते तीन आईपीओ सब्सक्रिप्शन के लिए पहले ही खुल चुके हैं। अर्बन एनवायरो वेस्ट मैनेजमेंट और बिजोटिक कमर्शियल के पब्लिक इश्यू 12 जून को खुले। दोनों का सब्सक्रिप्शन क्रमशः 14 जून और 15 जून को बंद होगा। अर्बन एनवायरो वेस्ट मैनेजमेंट 100 रुपये प्रति शेयर के प्राइस पर 11.42 करोड़ रुपये जुटाने का इरादा रखता है। कंपनी इसके जरिए कर्ज चुकाएगी और वर्किंग कैपिटल की जरूरतों को पूरा करेगी।

स्पेक्ट्रम टैलेंट मैनेजमेंट का आईपीओ 9 जून को 169-173 रुपये प्रति शेयर के प्राइस बैंड के साथ खुला है। 105 करोड़ रुपये का यह ऑफर 14 जून को बंद होगा। रेडीमेड गारमेंट बनाने वाली कंपनी Bizotic कमर्शियल भी एक फिक्स्ड प्राइस इश्यू है, जिसका लक्ष्य 175 रुपये प्रति शेयर की कीमत पर 24.12 लाख शेयरों के माध्यम से 42.2 करोड़ रुपये जुटाना है। स्पेक्ट्रम टैलेंट मैनेजमेंट और अर्बन एनवायरो वेस्ट मैनेजमेंट NSE SME इमर्ज पर लिस्ट होंगे, जबकि बिजोटिक कमर्शियल के शेयर BSE SME पर लिस्ट होंगे।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।