वीफिन सॉल्यूशंस लिमिटेड (Veefin Solutions) का आईपीओ कल यानी 22 जून को सब्सक्रिप्शन के लिए खुलने वाला है। कंपनी इस इश्यू के जरिए 46.73 करोड़ रुपये जुटाना चाहती है। इस आईपीओ के लिए 82 रुपये प्रति शेयर का फिक्स्ड इश्यू प्राइस रखा गया है। निवेशक इस इश्यू में 26 जून तक निवेश कर सकेंगे। इस दौरान फ्रेश शेयर और ऑफर फॉर सेल के तहत कुल 5,699,200 शेयर बेचे जाएंगे। शेयरों की लिस्टिंग BSE पर स्मॉल एंड मीडियम एंटरप्राइजेज (SME) के रूप में होगी।
इस आईपीओ के लिए 1600 शेयरों का लॉट साइज तय किया गया है। इसका मतलब है कि रिटेल निवेशकों को कम से कम 131,200 रुपये का निवेश करना होगा। इस आईपीओ के तहत 23.37 करोड़ रुपये तक के कुल 2,849,600 फ्रेश शेयर जारी किए जाएंगे। इसके अलावा, 2,849,600 शेयरों की बिक्री ऑफर फॉर सेल (OFS) के तहत की जाएगी। शेड्यूल के तहत इस आईपीओ के शेयरों का अलॉटमेंट 30 जून को फाइनल होगा। वहीं, असफल निवेशकों को 3 जूलाई तक रिफंड मिल जाएगा। लिस्टिंग 5 जुलाई को होने की संभावना है।
कहां होगा फंड का इस्तेमाल
फ्रेश इश्यू से प्राप्त शुद्ध आय का इस्तेमाल सामान्य कॉर्पोरेट उद्देश्यों के अलावा, ग्लोबल सेल्स और मार्केटिंग एक्सपेंडिचर के लिए किया जाएगा। इसके साथ ही नए प्रोडक्ट्स के डेवलपमेंट और मेंटेनेंस, मौजूदा प्रोडक्ट्स को अपग्रेड या अपडेट करने में भी फंड का इस्तेमाल होगा।
FY23 में वीफिन का राजस्व जनवरी 2023 में सालाना आधार पर 93 फीसदी बढ़कर 12.7 करोड़ रुपये हो गया। इसी अवधि में कंपनी का नेट प्रॉफिट सालाना आधार पर 400 फीसदी बढ़कर 3.5 करोड़ रुपये हो गया। कंपनी के कोई डायरेक्ट पियर्स नहीं है। वीफिन ने अपने प्रॉस्पेक्टस में कहा, "भारत और विदेश में ऐसी कोई लिस्टेड कंपनियां नहीं हैं जो हमारी कंपनी के समान प्रोडक्ट सॉल्यूशन डेवलप करने में लगी हों।"
कंपनी सप्लाई चेन फाइनेंस टेक सॉल्यूशंस और डिजिटल लेंडिंग सूट सॉल्यूशंस सेगमेंट में लगी हुई है। वीफिन सॉल्यूशंस की क्लाइंट लिस्ट में बैंक, नॉन-बैंकिंग फाइनेंशियल इंस्टीट्यूशन, फिनटेक और मार्केटप्लेस शामिल हैं। यस बैंक, इंडसइंड बैंक, इंडियन बैंक, सिटी बैंक, BRAC, VP बैंक, रियाद बैंक, आदित्य बिड़ला कैपिटल, मिंटिफी और एंबिट फिनवेस्ट जैसे कॉर्पोरेट इसके कॉर्पोरेट क्लाइंट में से हैं।