Vegorama Punjabi Angithi IPO: रेस्टॉरेंट चेन चलाने वाली कंपनी वेगोरामा पंजाबी अंगीठी के आईपीओ को निवेशकों का जबर्दस्त रिस्पॉन्स मिला है। बोली लगाने के अंतिम दिन 22 मई को यह आईपीओ 32.75 गुना सब्सक्राइब हुआ। खास बात यह है कि निवेशकों की सभी कैटेगरीज में इस आईपीओ को स्ट्रॉन्ग रिस्पॉन्स मिला।
दिल्ली-एनसीआर में कंपनी के 27 क्लाउड किचेंस
वेगोरामा पंजाबी अंगीठी की दिल्ली-एनसीआर में अच्छी पहचान है। यह राजधानी और आसपास के इलाकों में 27 क्लाउंड किचेन और 2 फाइन-डाइन रेस्टॉरेंट्स ऑपरेट करती है। कंपनी का आईपीओ 20 मई को खुला था। यह 22 मई को बंद हो गया। कंपनी आईपीओ से 38.38 करोड़ रुपये जुटा रही है। इसके लिए इसने शेयर के लिए 73-77 रुपये का प्राइस बैंड तय किया था।
हर कैटेगरी में इनवेस्टर्स का जबर्दस्त रिस्पॉन्स
कंपनी आईपीओ के तहत 49.84 लाख शेयर इश्यू करेगी। लेकिन, इनवेस्टर्स की तरफ से 11.68 करोड़ शेयरों के लिए बोली लगाई गई है। नॉन-इंस्टीट्यूशनल कैटेगरी में यह आईपीओ 47.49 गुना सब्सक्राइब हुआ। रिटेल इनवेस्टर्स के लिए रिजर्व शेयरों का हिस्सा 27.79 गुना सब्सक्राइब हुआ। क्वालिफायड इंस्टीट्यूशनल बायर्स की कैटेगरी 26.46 गुना सब्सक्राइब हुई।
आईपीओ से मिले पैसे का इस्तेमाल बिजनेस के विस्तार के लिए
कंपनी इस आईपीओ में नए 39.87 लाख शेयर जारी करेगी, जबकि 9.96 लाख शेयरों की बिक्री ऑफर फॉर सेल (OFS) के जरिए हो रही है। प्रमोटर दीपक चड्ढा ये शेयर बेच रहे हैं। कंपनी आईपीओ से मिले पैसे का इस्तेमाल रेस्टॉरेंट बिजनेस के विस्तार के लिए करेगी। वह एक बैंक्वेट हॉल बनाना चाहती है। एक फाइन-डाइन रेस्टॉरेंट शुरू करने का भी प्लान है। साथ ही मौजूदा क्लाउड किचेंस को अपग्रेड करने के साथ नए क्लाउड किचेंस शुरू करने का भी प्लान है।
बीएसई एसएमई पर 27 मई को लिस्ट होंगे शेयर
कंपनी के शेयरों का एलॉटमेंट 25 मई तक हो जाने की उम्मीद है। कंपनी के शेयर बीएसई एसएमई पर 27 मई को लिस्ट होंगे। ग्रे मार्केट में इस शेयर का प्रीमियम करीब 4-6 फीसदी चल रहा है। कंपनी ने पांच एंकर इनवेस्टर्स को 14.16 लाख शेयर जारी कर 10.9 करोड़ रुपये जुटाए हैं। एंकर इनवेस्टर्स में Bharat Venture Opportunities Fund, Tattvam AIF Trust और Hem Growth Opportunities Fund शामिल हैं।
डिसक्लेमर: मनीकंट्रोल पर एक्सपर्ट्स की तरफ से व्यक्त विचार उनके अपने विचार होते हैं। ये वेबसाइट या इसके मैनेजमेंट के विचार नहीं होते। मनीकंट्रोल की यूजर्स को सलाह है कि उन्हें निवेश का फैसला लेने से पहले सर्टिफायड एक्सपर्ट्स की राय लेनी चाहिए।