Vilin Bio Med IPO : फार्मास्युटिकल प्रोडक्ट बनाने वाली कंपनी Vilin Bio Med के आईपीओ को निवेशकों की अच्छी प्रतिक्रिया मिली है। सब्सक्रिप्शन के अंतिम दिन यानी 21 जून तक यह इश्यू 2.76 गुना सब्सक्राइब हो गया है। रिटेल निवेशकों ने इस इश्यू में अच्छी दिलचस्पी दिखाई है। यह आईपीओ 16 जून को सब्सक्रिप्शन के लिए खुला था। कंपनी को इस इश्यू के तहत 1,04,76,000 शेयरों के लिए बोलियां प्राप्त हुई है, जबकि ऑफर पर 40 लाख शेयर थे। इसके लिए 30 रुपये प्रति शेयर का इश्यू प्राइस तय किया गया था। कंपनी इस आईपीओ के जरिए 12 करोड़ रुपये जुटाना चाहती है।
Vilin Bio Med के आईपीओ में रिटेल निवेशकों ने काफी दिलचस्पी दिखाई है और उनके लिए आरक्षित हिस्सा 4.24 गुना सब्सक्राइब हुआ है। इसके अलावा, नॉन इंस्टीट्यूशनल बायर्स के लिए रिजर्व हिस्सा भी पूरी तरह भर गया है और यह 1.28 गुना सब्सक्राइब हुआ है। कंपनी ने खुदरा निवेशकों के लिए इश्यू का 50 फीसदी हिस्सा रिजर्व किया था। इसके अलावा, शेष 50 फीसदी हिस्सा HNI/NII निवेशकों के आरक्षित था। इसमें 4000 शेयरों का लॉट साइज है।
इश्यू के तहत शेयरों का अलॉटमेंट 26 जून को फाइनल होगा। वहीं, असफल निवेशकों के लिए 27 जून से रिफंड की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। 29 जून को सफल निवेशकों के डीमैट अकाउंट में शेयर डिपॉजिट किए जाएंगे। कंपनी के शेयरों की लिस्टिंग 30 जून को होने की संभावना है। इश्यू का रजिस्ट्रार बिगशेयर सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड होगा, जबकि इन्वेंचर मर्चेंट बैंकिंग सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड इश्यू के लीड मैनेजर के रूप में काम करेगा।
ग्रे मार्केट में क्या है हाल
Vilin Bio Med का इश्यू ग्रे मार्केट में नेगेटिव में ट्रेड कर रहा है। इसका ग्रे मार्केट प्रीमियम -1 है। इस हिसाब से देखा जाए तो कंपनी के शेयरों की लिस्टिंग 29 रुपये के भाव पर होने की संभावना है। यानी निवेशकों को 3.33 फीसदी का नुकसान उठाना पड़ सकता है।