Get App

लाइव ब्लॉग

MoneyControl News MARCH 06, 2024 / 7:10 PM IST

Lok Sabha Elections 2024 Highlights: सीट बंटवारे पर महा विकास अघाड़ी की बैठक खत्म, NDA की सीट शेयरिंग लगभग फाइनल

Lok Sabha Elections 2024 Highlights: देश भर में NDA या कांग्रेस जल्द से जल्द अपने गठबंधन के साथियों के साथ राज्य स्तर पर सीट बंटवारें के फॉर्मूले को अंतिम रूप देने में एड़ी चोटी का जोर लगाए हुए हैं। बीजेपी ने महाराष्ट्र में भी अपने सहयोगी दलों के साथ सीट बंटवारे में तेजी से काम करना शुरू कर दिया है। इस बीच आगामी लोकसभा चुनावों को लेकर महाराष्ट्र में महाविकास अघाड़ी की भी एक महत्वपूर्ण बैठक हुई

Lok Sabha Elections 2024 Highlights:  लोकसभा चुनाव 2024 से पहले सीट शेयरिंग पर महाराष्ट्र में NDA के बीच सहमति लगभग बन गई है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सीट शेयरिंग को लेकर सीएम एकनाथ शिंदे और अजीत पवार के साथ मीटिंग की। तीनों नेताओं के बीच अगले दौर की बातचीत बुधवार को होगी। रिपोर्ट के मुताबिक, महाराष्ट्र सरकार में सहयोगी अजित पवार गुट और सीएम एकनाथ शिंदे खेमा ज्यादा सीटों की मांग कर

Lok Sabha Elections 2024 Live: महाराष्ट्र में बीजेपी और कांग्रेस ने लोकसभा चुनाव के लिए प्रचार-प्रसार शुरू कर दिया है
Lok Sabha Elections 2024 Live: महाराष्ट्र में बीजेपी और कांग्रेस ने लोकसभा चुनाव के लिए प्रचार-प्रसार शुरू कर दिया है
MARCH 06, 2024 / 7:10 PM IST

Himachal political crisis live: कांग्रेस ने हिमाचल में क्रॉस-वोटिंग करने वाले सुधीर शर्मा को सचिव पद से हटाया

कांग्रेस ने हिमाचल प्रदेश में राज्यसभा के चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (BJP) के पक्ष में क्रॉस-वोटिंग करने वाले अपने 6 विधायकों में शामिल सुधीर शर्मा को बुधवार को पार्टी के सचिव पद से हटा दिया। पार्टी के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने सुधीर शर्मा को अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव पद से तत्काल प्रभाव से हटा दिया है। हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला से ताल्लुक रखने वाले शर्मा प्रदेश के वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं में शुमार किए जाते हैं और वह प्रदेश सरकार में मंत्री रहे हैं। हाल ही में उन्हें और पांच अन्य विधायकों को अयोग्य ठहराया गया।

    MARCH 06, 2024 / 6:37 PM IST

    Lok Sabha Elections 2024 Live: चुनाव आयोग ने राहुल गांधी को जारी की एडवाइजरी

    भारतीय चुनाव आयोग (ECI) ने कांग्रेस सांसद राहुल गांधी (Rahul Gandhi) को एक एडवाइजरी जारी की है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ कुछ टिप्पणियों से संबंधित मामले में दिल्ली हाई कोर्ट के आदेश और उनके जवाब सहित सभी तथ्यों पर विचार करने के बाद चुनाव आयोग ने कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष को भविष्य में अधिक सावधान और सतर्क रहने की सलाह दी है। हालांकि, चुनाव आयोग ने एक एडवाइजरी राहुल गांधी के किस बयान पर जारी किया है, अभी इसका खुलासा नहीं हो पाया है।

      MARCH 06, 2024 / 6:08 PM IST

      Lok Sabha Elections 2024 Live: राहुल गांधी के अमेठी से लड़ने पर स्मृति ईरानी का तंज

      राहुल गांधी के अमेठी से चुनाव लड़ने के एक सवाल पर केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने गुरुवार को कहा कि कहा कि मैं नहीं जानती कि कांग्रेस का प्रत्याशी (अमेठी से) कौन होगा लेकिन ये बहुत ही अजीब मंजर है कांग्रेस की राजनीति का। पहली बार कांग्रेस अमेठी से प्रत्याशी घोषित करने में इतना समय लगा रही है... कांग्रेस की हार का संकेत आपको इसी बात में मिल सकता है।

        MARCH 06, 2024 / 5:37 PM IST

        Lok Sabha Elections 2024 Live: 'मैं हूं मोदी का परिवार'

        प्रधानमंत्री ने कहा कि आपके सामने वो व्यक्ति है, जिसने बहुत छोटी आयु में घर छोड़ दिया था। बिहार का कोई भी व्यक्ति किसी भी राज्य में रहे, लेकिन छठ पूजा पर, दीवाली पर घर जरूर लौटता है। मेरा कौन सा घर है जहां मैं लौटूं? मेरे लिए तो पूरा भारत ही मेरा घर है, हर भारतवासी मेरा परिवार है। इसलिए आज हर भारतीय कह रहा है, हर गरीब और हर नौजवान कह रहा है - मैं हूं मोदी का परिवार।

        पीएम मोदी ने कहा कि जबतक बिहार में लालटेन का राज रहा, तबतक सिर्फ एक ही परिवार की गरीबी मिटी, एक ही परिवार समृद्ध हुआ। आज जब मोदी ये सच्चाई बताता है, तो ये मोदी को गाली देते हैं। भ्रष्टाचारियों से भरे INDI गठबंधन का सबसे बड़ा मुद्दा है कि मोदी का परिवार नहीं है!

          MARCH 06, 2024 / 5:27 PM IST

          Lok Sabha Elections 2024 Live: पीएम मोदी ने INDI गठबंधन को बताया राम विरोधी

          पीएम मोदी ने कहा कि INDI गठबंधन के लोग जिस तरह प्रभु श्रीराम और राम मंदिर के विरुद्ध बातें बोल रहे हैं, ये पूरे बिहार के लोग देख रहे हैं। और बिहार के लोग ये भी देख रहे हैं कि भगवान श्रीराम का अपमान करने वालों का साथ कौन दे रहा है। उन्होंने कहा कि यही परिवारवादी हैं, जिन्होंने दशकों तक रामलला को टेंट में रखा, यही परिवारवादी हैं, जिन्होंने राम मंदिर न बने, इसके लिए जी-तोड़ कोशिश की।

            MARCH 06, 2024 / 5:15 PM IST

            Lok Sabha Elections 2024 Live: 'INDI गठबंधन अभी भी लालटेन की लौ के भरोसे है'

            प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि एक तरफ नया भारत बन रहा है, दूसरी तरफ RJD, कांग्रेस और इनका INDI गठबंधन अभी भी 20वीं सदी की दुनिया में जी रहा है। NDA सरकार कह रही है कि हम घर को सूर्यघर बनाना चाहते हैं। लेकिन INDI गठबंधन अभी भी लालटेन की लौ के भरोसे है। जब तक बिहार में लालटेन का राज रहा तब तक सिर्फ एक ही परिवार की गरीबी मिटी, एक ही परिवार समृद्ध हुआ।

              MARCH 06, 2024 / 4:59 PM IST

              Lok Sabha Elections 2024 Live: महाविकास अघाड़ी की बैठक खत्म

              MVA की बैठक पर शिवसेना (UBT) सांसद संजय राउत ने कहा, "आज महाविकास अघाड़ी(MVA) की एक महत्वपूर्ण बैठक हुई... बहुत ही सकारात्मक चर्चा हुई और हमने ये तय किया है कि हम एक साथ महाराष्ट्र में चुनाव लड़ेंगे... हमारे बीच सीट शेयरिंग को लेकर कोई मतभेद नहीं है... लगभग सभी बातें तय हो गई हैं।"

                MARCH 06, 2024 / 4:36 PM IST

                Lok Sabha Elections 2024 Live: पीएम मोदी ने बिहार को दिया ₹12,800 करोड़ का तोहफा

                प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार (6 मार्च) को बिहार के पश्चिम चंपारण जिले के बेतिया में 12,800 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का उद्घाटन किया। इस दौरान अपने संबोधन में पीएम मोदी ने कहा कि यह वह भूमि है जिसने भारत की आजादी की लड़ाई में नए प्राण फूंके, नई चेतना का संचार किया। इसी भूमि ने मोहनदास जी को महात्मा गांधी बना दिया। विकसित बिहार से विकसित भारत का संकल्प लेने के लिए बेतिया, चंपारण से अच्छा स्थान और कोई नहीं है।

                  MARCH 06, 2024 / 4:09 PM IST

                  Sandeshkhali Violence Live: 'शाहजहां शेख को आज 4:15 बजे तक CBI को सौंपा जाए'

                  कलकत्ता हाई कोर्ट ने बुधवार (6 मार्च) को पश्चिम बंगाल सरकार से कहा कि वह संदेशखाली मामले के मुख्य आरोपी शाहजहां शेख को आज यानी बुधवार (6 मार्च) शाम चार बजकर 15 तक तुरंत केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) को सौंप दे। इसके साथ ही कोर्ट ने राज्य सरकार को अवमानना नोटिस भी जारी किया है। हाई कोर्ट ने ममता सरकार से दो हफ्ते में हलफनामा दाखिल कर यह बताने को कहा है कि वे अवमानना के लिए जिम्मेदार क्यों नहीं होंगे।

                  हाई कोर्ट ने एक बार फिर बंगाल सरकार को निर्देश दिया कि वह ED अधिकारियों पर हमला करने के मामले की जांच CBI को तुरंत ट्रांसफर करे और शाहजहां शेख को शाम चार बजकर 15 मिनट तक केंद्रीय एजेंसी के सुपुर्द करे। प्रवर्तन निदेशालय ने कलकत्ता हाई कोर्ट का दरवाजा खटखटाया था। ED ने कहा कि पश्चिम बंगाल पुलिस शाहजहां शेख से जुड़े मामले में एजेंसी के साथ सहयोग नहीं कर रही है।

                    MARCH 06, 2024 / 3:48 PM IST

                    Lok Sabha Elections 2024 Live: 'सीट बंटवारे में NCP नाराज नहीं'

                    बीजेपी महागठबंधन की बैठक पर NCP नेता छगन भुजबल ने कहा, "हमारी जो तीन गुट हैं उसमें कौन-सी जगह पर कौन लड़ेगा, कौन अच्छे से काम कर सकता है और चुनकर आ सकता है और वो किस पार्टी का है ये सारा जायजा लिया जा रहा है और जल्द-जल्द इस पर फैसला होगा। पीएम मोदी के सपने 400 पार और महाराष्ट्र में 45 से अधिक सीटें जीतने के लक्ष्य के मद्देनजर कल से गृह मंत्री अमित शाह इस बैठक में बैठे हुए हैं। उनके नेतृत्व में बातचीत चल रही है...सीट बंटवारे में NCP नाराज नहीं है।"

                      MARCH 06, 2024 / 3:27 PM IST

                      Lok Sabha Elections 2024 Live: रायबरेली से ही लोकसभा चुनाव लड़ेंगी प्रियंका गांधी

                      लोकसभा चुनाव 2024 की तारीखों का ऐलान कभी भी हो सकता है। केंद्र में 10 साल से सत्ताधारी भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने 195 सीटों पर उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वाराणसी से तीसरी बार चुनावी मैदान में होंगे। फिलहाल कांग्रेस की तरफ से उम्मीदवारों की घोषणा नहीं की गई है। ऐसे में कयास लगाए जा रहे हैं कि कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा (Priyanka Gandhi Vadra) रायबरेली लोकसभा सीट से चुनाव लड़ सकती हैं। हालांकि कांग्रेस पार्टी ने इस बात को लेकर किसी तरह की आधिकारिक घोषणा नहीं की है।

                      रायबरेली की मौजूदा सांसद सोनिया गांधी के जयपुर से राज्यसभा चले जाने के बाद अब शहर की जनता की मांग प्रियंका गांधी की तरफ झुकती हुई दिखाई दे रही है। रायबरेली के व्यस्ततम चौराहों पर प्रियंका गांधी की होल्डिंग लगाई गई। पोस्टरों में लिखा गया है कांग्रेस के विकास कार्यों को आगे बड़ी रायबरेली पुकारती है प्रियंका गांधी आइए। बता दें कि कांग्रेस का पारंपरिक गढ़ रायबरेली का प्रतिनिधित्व पहले पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने किया था और पार्टी की यह पारंपरिक सीट है।

                        MARCH 06, 2024 / 3:03 PM IST

                        Lok Sabha Elections 2024 Live: राहुल गांधी अमेठी से लड़ेंगे लोकसभा चुनाव, स्मृति ईरानी से होगा मुकाबला

                        उत्तर प्रदेश कांग्रेस के एक नेता ने दावा किया है कि राहुल गांधी (Rahul Gandhi) आगामी लोकसभा चुनाव अमेठी (Amethi Parliament Constituency) से लड़ेंगे, जिस निर्वाचन क्षेत्र का उन्होंने पहले 2002 से कई बार प्रतिनिधित्व किया है। अमेठी जिला कांग्रेस अध्यक्ष प्रदीप सिंघल ने दावा किया है कि पार्टी नेता राहुल गांधी 2024 का लोकसभा चुनाव अमेठी से लड़ेंगे। नई दिल्ली में हुई एक अहम बैठक के बाद लौटे सिंघल ने बुधवार को बताया कि राहुल गांधी ही अमेठी से कांग्रेस उम्मीदवार होंगे जिसकी घोषणा जल्द हो जाएगी।

                        सिंघल ने बताया कि चुनाव की तैयारी शुरू कर दी गई हैं, कार्यकर्ता अपनी-अपनी जिम्मेदारी निभाने की तैयारी कर रहे हैं। बता दें कि राहुल गांधी 2002 से 2019 तक अमेठी से सांसद रहे। वह 2019 के चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (BJP) नेता स्मृति ईरानी से चुनाव हार गए थे। राहुल गांधी इस समय केरल के वायनाड से सांसद हैं।

                          MARCH 06, 2024 / 2:31 PM IST

                          Lok Sabha Elections 2024 Live: सीट बंटवारे पर चर्चा के लिए महा विकास अघाड़ी की बैठक शुरू

                          लोकसभा चुनाव 2024 से पहले सीट शेयरिंग पर महाराष्ट्र में NDA के बीच सहमति लगभग बन गई है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सीट शेयरिंग को लेकर सीएम एकनाथ शिंदे और अजीत पवार के साथ मीटिंग की। तीनों नेताओं के बीच अगले दौर की बातचीत बुधवार को होगी। रिपोर्ट के मुताबिक, महाराष्ट्र सरकार में सहयोगी अजित पवार गुट और सीएम एकनाथ शिंदे खेमा ज्यादा सीटों की मांग कर रहे हैं। सूत्रों ने बताया कि 10 सीटों पर बात नहीं बन पा रही है। एक बीजेपी नेता नेता बताया कि बहुत जल्द सीट शेयरिंग का मुद्दा फाइनल हो जाएगा। इस बीच, मुंबई में लोकसभा चुनाव के सीट बंटवारे पर चर्चा के लिए महा विकास अघाड़ी के नेताओं की बैठक हो रही है।

                            MARCH 06, 2024 / 1:57 PM IST

                            Latest News Live: राजस्थान के सीएम भजनलाल शर्मा को हुआ कोरोना

                            राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा (Bhajan Lal Sharma) कोरोना वायरस से संक्रमित हो गए हैं। उन्होंने बुधवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर कोविड रिपोर्ट पॉजिटिव आने की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य समस्या के चलते आज स्वास्थ्य परीक्षण करवाने पर आज मेरी कोविड रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। मैं सेल्फ आइसोलेशन में हूं और चिकित्सकों के परामर्श का पूर्णतः पालन कर रहा हूं एवं आगामी सभी कार्यक्रमों में वर्चुअल माध्यम से सम्मिलित रहूंगा।

                              MARCH 06, 2024 / 1:38 PM IST

                              PM Modi Bengal Visit Live: 'बंगाल की भूमि नारीशक्ति की बहुत बड़ी प्रेरणा'

                              पीएम मोदी ने कहा कि बंगाल की ये भूमि नारीशक्ति की बहुत बड़ी प्रेरणा केंद्र रही है, यहां से नारीशक्ति ने देश को दिशा दी है। इस धरती ने अनेक शक्ति स्वरूपा इस देश को दी है। लेकिन इसी धरती पर TMC के राज में नारीशक्ति पर अत्याचार का घोर पाप हुआ है। उन्होंने कहा कि संदेशखाली जो कुछ भी हुआ, उससे किसी का भी सिर शर्म से झुक जाएगा। लेकिन यहां की TMC सरकार को, आपके दुख से कोई फर्क नहीं पड़ता।

                                MARCH 06, 2024 / 1:25 PM IST

                                PM Modi Bengal Visit Live: महिलाओं के गुनाहगारों को बचा रही ममता सरकार

                                पीएम मोदी ने कहा कि TMC सरकार बंगाल की महिलाओं के गुनाहगारों को बचाने के लिए पूरी शक्ति लगा रही है। लेकिन पहले हाइकोर्ट और फिर सुप्रीम कोर्ट से भी राज्य सरकार को झटका लगा है। उन्होंने कहा कि तुष्टिकरण और टोलाबाजों के दबाव में काम करने वाली TMC सरकार कभी भी बहन बेटियों को सुरक्षा नहीं दे सकती। वहीं, दूसरी तरफ बीजेपी की केंद्र सरकार है, जिसने बलात्कार और रेप जैसे संगीन अपराध के लिए फांसी की सजा तक की व्यवस्था की है।

                                  MARCH 06, 2024 / 1:09 PM IST

                                  PM Modi Bengal Visit Live: NDA की वापसी पक्की

                                  पीएम मोदी ने कहा कि केंद्र सरकार में NDA की वापसी पक्की देखकर, INDI अलायंस के सारे नेता बौखला गए हैं। इस इंडी गठबंधन के भ्रष्टाचारी लोग आजकल मेरे परिवार के बारे में पूछ रहे हैं। ये लोग कह रहे हैं कि मोदी का खुद का परिवार ही नहीं हैं। इसलिए मैं परिवारवाद के खिलाफ बात करता हूं।

                                  प्रधानमंत्री ने कहा कि मेरे देश की बहनें...यही तो मोदी का परिवार हैं। मोदी के शरीर का कण-कण और जीवन का क्षण-क्षण इसी परिवार के लिए समर्पित है। जब मोदी को कोई कष्ट होता है - तो यही माताएं-बहनें-बेटियां कवच बनकर खड़ी हो जाती हैं।

                                    MARCH 06, 2024 / 12:59 PM IST

                                    Lok Sabha Elections 2024 Live: '140 करोड़ देशवासी ही मेरा परिवार है'

                                    पीएम मोदी ने कहा कि मैं बहुत छोटी आयु में घर छोड़कर, एक झोला लेकर चल पड़ा था। देश के कोने-कोने में भटक रहा था, कुछ खोज रहा था। मेरी जेब में कभी एक पैसा नहीं रहता था। लेकिन देशवासियों को जानकर गर्व होगा कि मेरा देश, मेरे देश की माताएं बहनें और मेरे देश का हर परिवार कैसा है!

                                    उन्होंने कहा कि जेब में एक पैसा नहीं होता था और न ही मैं भाषा जानता था, लेकिन कोई न कोई परिवार, कोई न कोई बहन मुझसे पूछ लेते थे कि भाई कुछ खाना खाएं हो या नहीं। आज मैं देशवासियों को बता रहा हूं कि वर्षों तक मैं बिना एक पैसे के कंधे पर झोला लेकर घूमता रहा, लेकिन मैं एक दिन भी भूखा नहीं रहा। इसीलिए मैं कहता हूं कि ये 140 करोड़ देशवासी ही मेरा परिवार है।

                                      MARCH 06, 2024 / 12:44 PM IST

                                      PM Modi Bengal Visit Live: 'बंगाल की माताएं और बहनें हैं मेरा परिवार'

                                      प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि ये विशाल कार्यक्रम इस बात का साक्षी है कि बीजेपी कैसे नारी शक्ति को विकसित भारत की शक्ति बना रहा है। उन्होंने कहा कि मैंने वर्षों तक संगठन में काम किया है। इसलिए मुझे पता है कि इतना बड़ा राष्ट्रीय स्तर का कार्यक्रम आयोजित करना हो, देश भर में 19-20 हजार स्थानों पर महिला समूह एक कार्यक्रम में जुड़े हों, ये हिंदुस्तान के सार्वजनिक जीवन की सबसे बड़ी घटना है।

                                        MARCH 06, 2024 / 12:43 PM IST

                                        PM Modi Bengal Visit Live: 'बंगाल की माताएं और बहनें हैं मेरा परिवार'

                                        प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को उत्तर 24 परगना जिले के बारासात में बीजेपी की पश्चिम बंगाल इकाई द्वारा आयोजित 'नारी बंधन' (महिला सशक्तिकरण) रैली को संबोधित किया। इस दौरान विपक्ष पर जमकर हमला बोला। पीएम मोदी ने कहा कि 'बंगाल की सभी माताएं और बहनें हैं मेरा परिवार।' उन्होंने कहा कि NDA का दोबारा आना पक्का है।

                                          MARCH 06, 2024 / 12:18 PM IST

                                          Bengal News LIVE: कोलकाता में 'मोदी-मोदी और जय श्री राम' के लगे नारे

                                          कोलकाता के एस्प्लेनेड मेट्रो स्टेशन पर प्रधानमंत्री मोदी को देखने के लिए लोगों की भीड़ उमड़ी। इस दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने उनका अभिवादन किया। यहां लोगों के बीच पीएम मोदी की दीवानगी देखने को मिली। पीएम की एक झलक पाने के लिए लोगों की भीड़ उमड़ी। लोगों ने इस दौरान 'मोदी-मोदी' और 'जय श्री राम' के नारे लगाए।

                                            MARCH 06, 2024 / 12:00 PM IST

                                            Lok Sabha Elections 2024 Live Updates: AI का कमाल, पीएम मोदी का 8 भाषाओं में भाषण

                                            लोकसभा चुनाव में बीजेपी ने टेक्नोलॉजी का जबरदस्त तरीके से इस्तेमाल किया है। AI के जरिए पीएम मोदी के भाषणों को 8 भाषाओं में डब किया गया है। अब उनके भाषण बंगाली, कन्नड़, तमिल, तेलुगु, पंजाबी, मराठी, उड़िया और मलयालम में मुहैया कराए जा रहे हैं। भाजपा की कोशिश है कि वह उत्तर भारतीय पार्टी होने के खांचे से खुद को बाहर निकाले और पूरे देश के लोगों से सीधे जुड़ने की कोशिश में है।

                                              MARCH 06, 2024 / 11:40 AM IST

                                              Lok Sabha Elections 2024 Live: पीएम मोदी के दिल में है मध्य प्रदेश – सीएम मोहन यादव

                                              मध्य प्रदेश के सीएम मोहन यादव ने कहा कि 'मध्य प्रदेश पीएम मोदी के दिल में बसा हुआ है। वो राज्य के लोगों के दिलों में रहते हैं। राज्य के लोगों के भारी समर्थन से हमें बहुमत से सरकार बनाने का मौका मिला है। पीएम मोदी के नेतृत्व में एक बार हम फिर से सरकार बनाने जा रहे हैँ। हमने आज (6 मार्च 2024) से एक यात्रा शुरू की है। यह यात्रा मध्य प्रदेश के सभी लोकसभा सीटों से गुजरेगी।

                                                MARCH 06, 2024 / 11:20 AM IST

                                                Lok Sabha Elections 2024 Live Updates: अनुराग ठाकुर ने ए राजा पर साधा निशाना

                                                केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर (Anurag Thakur) ने DMK नेता ए राजा (A Raja) के “भारत कभी एक राष्ट्र नहीं रहा" वाले बयान पर प्रतिक्रियादी है। ठाकुर ने कहा कि एक व्यक्ति जो यूपीए सरकार के दौरान बड़े भ्रष्टाचार में शामिल थे। उन्होंने एक बार फिर से हदें पार कर दी हैं। कांग्रेस ऐसे व्यक्ति को संरक्षण दे रही है। वह अब खुलेआम कांग्रेस के लिए बल्लेबाजी कर रहे हैं। मैं कांग्रेस से पूछना चाहता हूं कि क्या वह उस बात से सहमत है जो ए राजा कह रहे हैं?

                                                  MARCH 06, 2024 / 11:05 AM IST

                                                  Lok Sabha Elections 2024 Live Updates: 2019 में 7 चरणों में हुए थे मतदान

                                                  साल 2019 में 11 अप्रैल से 19 मई के बीच सात चरणों में मतदान हुए थे। वोटों की गिनती 23 मई को हुई थी। 2019 में वोटर लिस्ट में 90 करोड़ मतदाताओं के नाम शामिल थे। वहीं, इस साल होने वाले लोकसभा चुनाव में 96.8 करोड़ से अधिक नागरिक मतदान करेंगे। लोकसभा के साथ-साथ 2019 में अरुणाचल प्रदेश, आंध्र प्रदेश, सिक्किम और ओडिशा की विधानसभाओं के लिए भी चुनाव हुए थे। विधानसभा चुनाव के नतीजे भी लोकसभा के परिणाम के साथ घोषित किए गए थे।

                                                    MARCH 06, 2024 / 10:47 AM IST

                                                    Lok Sabha Elections 2024 Live: गुजरात कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अर्जुन मोढवाडिया BJP में शामिल

                                                    गुजरात में कांग्रेस के सभी पदों से इस्तीफा देने वाले पार्टी के दिग्गज नेता रहे अर्जुन मोढवाडिया बीजेपी में शामिल हो गए हैं। 4 मार्च को मोढवाडिया ने मल्लिकार्जुन खड़गे को अपना इस्तीफा सौंप दिया था। मोढवाडिया के साथ अमरेली जिले के राजुला से विधायक रहे पूर्व कांग्रेस नेता अंबरीश डेर भी बीजेपी में शामिल हो गए। अर्जुन मोढवाडिया 2022 के चुनावों में पोरबंदर से जीत थे। उन्होंने विधानसभा की सदस्यता छोड़ने के साथ कांग्रेस के साथ अपना 40 साल का नाता तोड़ लिया था।

                                                      MARCH 06, 2024 / 10:32 AM IST

                                                      Lok Sabha Elections 2024 Live: जानिए क्या है कांग्रेस की चुनावी रणनीति

                                                      सभी राजनीतिक दल आम चुनाव में जीत की तैयारी कर रहे हैं। इस बीच कांग्रेस ने अपनी चुनावी रणनीति में कई बदलाव किए हैं। पार्टी ने वादा किया है कि लोकसभा चुनाव की जीत पर वो जाति जनगणना कराएंगे। वहीं पार्टी ने इस बार चुनाव में एक लाख बूथ लेवल एजेंट (Booth Level Agents -BLA) रखा है। परंपरा से हटकर पार्टी ने इस बार अपनी मीडिया रणनीति में नए दृष्टिकोण पेश करने की योजना बना रही है।

                                                        MARCH 06, 2024 / 10:16 AM IST

                                                        Lok Sabha Elections 2024 Live Updates: महाराष्ट्र में सीट बंटवारे पर शाह ने संभाला मोर्चा

                                                        महाराष्ट्र में सीटों के बंटवारे को लेकर बीजेपी और गठबंधन दलों में मतभेद बना हुआ है। ऐसे में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह मंगलवार रात मुंबई के सह्याद्रि गेस्ट हाउस पहुंचे। गृहमंत्री का मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, अजीत पवार और देवेंद्र फडणवीस ने स्वागत किया। महाराष्ट्र की 48 लोकसभा सीटों में से बीजेपी 30 सीटों पर चुनाव लड़ना चाहती है। जिससे राष्ट्रीय स्तर पर 370 सीटें जीत सके। सूत्रों के मुताबिक, बीजेपी शिवसेना से 12 सीटें और एनसीपी के लिए छह सीटें छोड़ने को तैयार है, ये गठबंधन के साथी इससे खुश नहीं हैं। कहा जा रहा है कि शाह जल्द ही इस मामले को सुलझा लेंगे।

                                                          MARCH 06, 2024 / 10:09 AM IST

                                                          नमस्कार

                                                          मनीकंट्रोल हिंदी के Live ब्लॉग में आपका स्वागत है।