Lok Sabha Elections 2024 Highlights: बिहार महागठबंधन में सीटों का ऐलान! कांग्रेस को मिला 1,800 करोड़ का नोटिस, AAP ने लॉन्च किया 'केजरीवाल को आशीर्वाद' कैंपेन | Moneycontrol Hindi

लाइव ब्लॉग

MARCH 29, 2024/ 6:45 PM

Lok Sabha Elections 2024 Highlights: बिहार महागठबंधन में सीटों का ऐलान! कांग्रेस को मिला 1,800 करोड़ का नोटिस, AAP ने लॉन्च किया 'केजरीवाल को आशीर्वाद' कैंपेन

Lok Sabha Elections 2024 Highlights: लोकसभा चुनाव का बिगुल बच चुका है। 19 अप्रैल से 1 जून तक 7 चरणों में होने वाले 2024 के आम चुनाव के लिए राजनीतिक पार्टियों ने मतदाताओं को प्रभावित करने के लिए चुनावी अभियान भी शुरू कर दिया है। इस बीच, कांग्रेस ने शुक्रवार को कहा कि लोकसभा चुनाव से ठीक पहले आयकर विभाग ने टैक्स रिटर्न में कथित विसंगतियों के लिए 1823.08 करोड़ रुपये के भुगतान का नया नोटिस उसे जारी किया है। पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने दावा किया कि टैक्स टेररिज्म के जरिए विपक्ष पर हमला किया जा रहा है

Story continues below Advertisement

Lok Sabha Elections 2024 Highlights: कांग्रेस और राष्ट्रीय जनता दल (RJD) ने आज यानी शुक्रवार (29 मार्च) को एक संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में आगामी लोकसभा चुनाव के लिए अपने सीट बंटवारे के फॉर्मूले की घोषणा कर दी। इसके मुताबिक, बिहार में RJD 26 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। जबकि कांग्रेस 9 सीटों पर और वामपंथी दल पांच सीटों पर चुनाव लड़ेंगे।

भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी-लेनिनवादी)

Lok Sabha Elections 2024 LIVE: प्रकाश आंबेडकर की पार्टी वंचित बहुजन आघाडी (VBA) MVA के साथ गठजोड़ नहीं करेगी
MARCH 29, 20246:45 PM IST

Lok Sabha Elections 2024 Live: केवल मोदी-शाह ही देश की सभी समस्याओं का समाधान कर सकते हैं: पूर्व PM देवेगौड़ा

पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवेगौड़ा ने शुक्रवार को कहा कि देश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह के अलावा कोई नेता नहीं है जो राष्ट्रीय स्तर पर सभी समस्याओं का समाधान कर सके। जनता दल (सेक्युलर) के संस्थापक ने कर्नाटक में सभी 28 लोकसभा सीटें जीतने के लक्ष्य को हासिल करने के लिए अपनी पार्टी और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के बीच बेहतर समन्वय की आवश्यकता को रेखांकित किया। देवेगौड़ा (91) की पार्टी जद (एस) पिछले साल सितंबर में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (MDA) में शामिल हुई थी। राज्य में सीट-बंटवारे के समझौते के तहत, भाजपा 25 निर्वाचन क्षेत्रों में और जद (एस) तीन निर्वाचन क्षेत्रों में चुनाव लड़ेगी।

MARCH 29, 20246:00 PM IST


Lok Sabha Elections 2024 Live: केंद्रीय मंत्री हरदीप पुरी ने केजरीवाल की पत्नी की तुलना राबड़ी देवी से की

केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने शुक्रवार को दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की पत्नी की तुलना बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी से की। पुरी ने कहा कि मुख्यमंत्री की पत्नी सुनीता केजरीवाल संभवत: अपने पति की जगह पद पर बैठने की तैयारी कर रही हैं। आवास और शहरी मामलों के केंद्रीय मंत्री पुरी ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की दिल्ली इकाई के चुनाव कार्यालय के उद्घाटन के अवसर पर सुनीता केजरीवाल का जिक्र आने पर पत्रकारों से कहा, "आप जिन मैडम की बात कर रहे हैं, वह शायद बिहार में राबड़ी देवी की तरह पद पर बैठने की तैयारी कर रही हैं।" सुनीता केजरीवाल पिछले हफ्ते प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) द्वारा अपने पति की गिरफ्तारी के बाद से उनकी ओर से मीडिया को संबोधित कर रही हैं।

MARCH 29, 20245:18 PM IST

Lok Sabha Elections 2024 Live: कांग्रेस-TMC के बाद अब CPI को I-T का नोटिस

लोकसभा चुनाव 2024 के बीच कांग्रेस (Congress) और तृणमूल कांग्रेस (TMC) के बाद अब एक और राजनीतिक पार्टी की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही है। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (CPI) को पिछले कुछ वर्षों के दौरान रिटर्न दाखिल करते समय पुराने पैन कार्ड के इस्तेमाल के लिए 11 करोड़ रुपये के बकाए के भुगतान को लेकर आयकर विभाग से एक नोटिस मिला है। सूत्रों ने बताया कि वामदल आयकर अधिकारियों के नोटिस को चुनौती देने के लिए अपने वकीलों से परामर्श कर रहा है।

सूत्रों ने पीटीआई को बताया कि आयकर विभाग को भुगतान किए जाने वाले 'बकाया' में पार्टी द्वारा पुराने पैन कार्ड के इस्तेमाल में 'विसंगतियों' के लिए अधिकारियों को देय जुर्माना और ब्याज शामिल है। CPI के एक नेता ने पीटीआई से कहा, "हम कानूनी सहायता ले रहे हैं और अपने वकीलों से परामर्श कर रहे हैं।"

इससे पहले, कांग्रेस ने कहा था कि उसे आयकर विभाग का नोटिस मिला है, जिसमें पार्टी से पिछले वर्षों के लिए दाखिल कर रिटर्न में विसंगतियों के लिए 1,823 करोड़ रुपये से अधिक का बकाया भुगतान करने को कहा गया है। तृणमूल कांग्रेस के नेता साकेत गोखले ने भी दावा किया है कि उन्हें पिछले 72 घंटों में आयकर विभाग के 11 नोटिस मिले हैं।

MARCH 29, 20244:46 PM IST

Lok Sabha Elections 2024 LIVE: कांग्रेस 3 अप्रैल को शुरू करेगी 'घर-घर गारंटी' कैंपेन, 5 को जारी कर सकती है घोषणापत्र

कांग्रेस इस लोकसभा चुनाव के लिए आगामी 5 अप्रैल को घोषणापत्र (Congress Manifesto for 2024 Lok Sabha Polls) जारी कर सकती है। इसके बाद वह देश के विभिन्न हिस्सों में चुनावी सभाओं का आगाज करेगी। सूत्रों ने यह भी बताया कि कांग्रेस आगामी 3 अप्रैल से 'घर-घर गारंटी (Ghar-Ghar Guarantee)' अभियान भी शुरू करेगी। इसके तहत पार्टी के कार्यकर्ता घर-घर जाकर कांग्रेस के पांच 'न्याय' और 25 'गारंटी' के बारे में लोगों को बताएंगे। कांग्रेस ने 'घर-घर गारंटी' अभियान के तहत देश के 8 करोड़ परिवारों तक पहुंचने का लक्ष्य रखा है।

कांग्रेस के एक वरिष्ठ नेता ने पीटीआई को बताया, "पांच अप्रैल को दिल्ली में कांग्रेस का घोषणापत्र जारी किए जाने की संभावना है। इसके बाद देश भर में जनसभाएं शुरू होंगी। छह अप्रैल को जयपुर में जनसभा होगी जिसमें कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी और पार्टी के कई अन्य वरिष्ठ नेता शामिल हो सकते हैं।" पूर्व वित्त मंत्री पी चिदंबरम की अध्यक्षता वाली घोषणापत्र समिति ने लोकसभा चुनाव के लिए घोषणापत्र तैयार किया है।

MARCH 29, 20244:19 PM IST

Lok Sabha Elections 2024 Live: अमरावती से बीजेपी उम्मीदवार नवनीत राणा ने अमित शाह से की मुलाकात

अमरावती से बीजेपी उम्मीदवार नवनीत राणा ने शुक्रवार को अपने पति रवि राणा के साथ नई दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की। मिलाकात के बाद उन्होंने पत्रकारों से कहा, "मैं आज उनका (केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह) आर्शीवाद लेने आई थी। उनको मैं विश्वास दिलाने आई थी कि आपकी बार 400 पार का जो पीएम मोदी, देश और देश के लोगों का सपना है उस सपने को आगे लेकर बढ़ना है और इस 400 पार में एक अमरावती जरूर रहेगा।"

MARCH 29, 20243:55 PM IST

Raju Pal Murder Case Live: राजू पाल हत्याकांड मामले में सभी सातों आरोपी दोषी करार


लखनऊ की एक स्पेशल CBI कोर्ट ने प्रयागराज के बहुचर्चित बहुजन समाज पार्टी (BSP) के विधायक रहे राजू पाल की 2005 में हुई हत्या के मामले में शुक्रवार (29 मार्च) को सात लोगों को दोषी ठहराया। इस मामले में माफिया से नेता बना मृतक अतीक अहमद भी आरोपी था। अधिकारियों ने बताया कि अतीक अहमद, उसके भाई एवं मुख्य आरोपी खालिद अजीम उर्फ अशरफ और गुलबुल उर्फ रफीक के खिलाफ सुनवाई उनकी मृत्यु के बाद बंद कर दी गई थी। राजू पाल की पत्नी पूजा पाल ने कोर्ट के फैसले का स्वागत किया। लेकिन उन्होंने कहा कि इन अभियुक्तों को फांसी की सजा होनी चाहिए थी।

इन्हें ठहराया गया दोषी

केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने 2016 में मामले की जांच अपने हाथ में ली थी। लखनऊ में विशेष सीबीआई जज ने मामले में रणजीत पाल, आबिद, फरहान अहमद, इसरार अहमद, जावेद, गुलहसन और अब्दुल कवि को आपराधिक साजिश और हत्या सहित अन्य गंभीर आरोपों में दोषी ठहराया। आरोपी फरहान अहमद को भारतीय शस्त्र अधिनियम के तहत भी दोषी ठहराया गया।

MARCH 29, 20243:30 PM IST

Mukhtar Ansari Death Live: अखिलेश ने UP की कानून-व्यवस्था की स्थिति को लेकर चिंता जताई

माफिया से नेता बने मुख्तार अंसारी की बांदा में दिल का दौरा पड़ने से हुई मौत के एक दिन बाद शुक्रवार को उत्तर प्रदेश की कानून-व्यवस्था की स्थिति को लेकर चिंता जताते हुए समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने ऐसे संदिग्ध मामलों की शीर्ष अदालत के एक न्यायाधीश की निगरानी में जांच की मांग की। वहीं, सपा के अन्य नेताओं ने मुख्तार की मौत को संदेह के घेरे में करार देते हुए कहा कि अदालत को इस मामले का स्वतः संज्ञान लेना चाहिए। मुख्तार अंसारी को गुरुवार को तबीयत बिगड़ने के बाद बांदा जिला जेल से रानी दुर्गावती मेडिकल कॉलेज ले जाया गया था, जहां दिल का दौरा पड़ने से उसकी मौत हो गई थी।

MARCH 29, 20243:13 PM IST

Mukhtar Ansari Death Live: मुख्तार के बेटे ने की एम्स में पोस्टमार्टम कराने की मांग

मुख्तार अंसारी के बेटे उमर अंसारी ने शुक्रवार को कहा कि हमने लिखित में दिया है कि दिल्ली AIIMS के डॉक्टरों से पपोस्टमार्टम करवाया जाए। हमें यहां की चिकित्सा प्रणाली और शासन-प्रशासन पर विश्वास नहीं है... पंचनामे की सारी चीजें हो गई हैं। अब DM को फैसला करना है।

MARCH 29, 20243:05 PM IST


Lok Sabha Elections 2024 Live: BJP उम्मीदवार रेखा पात्रा ने TMC नेता के खिलाफ की शिकायत

पश्चिम बंगाल के बशीरहाट से भारतीय जनता पार्टी (BJP) उम्मीदवार रेखा पात्रा ने अपनी निजता के कथित उल्लंघन के लिए तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) उम्मीदवार देबांगशु भट्टाचार्य के खिलाफ राष्ट्रीय महिला आयोग में एक शिकायत दी है। पात्रा ने संदेशखालि में महिलाओं की दुर्दशा को उजागर किया था। उन्होंने एक पत्र राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग को भी लिखा है, जिसमें आरोप लगाया गया है कि तामलुक लोकसभा सीट से टीएमसी उम्मीदवार एवं पार्टी के सोशल मीडिया प्रकोष्ठ प्रमुख भट्टाचार्य ने उनकी व्यक्तिगत जानकारी और बैंक खाते का विवरण सार्वजनिक किया। BJP उम्मीदवार पात्रा ने अपने वकील के माध्यम से आयोग से आग्रह किया कि वह "उनके निजता के अधिकार का उल्लंघन करने और अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति संरक्षण (अत्याचार निवारण) अधिनियम के प्रावधानों का उल्लंघन करने" के लिए टीएमसी नेता के खिलाफ तत्काल कार्रवाई करे।

MARCH 29, 20242:19 PM IST

Arvind Kejriwal Arrested Live: AAP ने लॉन्च किया 'केजरीवाल को आशीर्वाद' कैंपेन

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की पत्नी सुनीता केजरीवाल ने शुक्रवार को 'केजरीवाल को आशीर्वाद' नामक एक अभियान शुरू किया। उन्होंने लोगों से अपने पति का समर्थन करने की अपील की जो दिल्ली आबकारी नीति से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) की हिरासत में हैं। सुनीता केजरीवाल ने लोगों के लिए एक WhatsApp नंबर जारी किया और अपील की कि वे इस नंबर पर अपना मैसेज सीएम तक भेज सकते हैं। सीएम अरविंद केजरीवाल को दिल्ली आबकारी नीति से जुड़े मनी लॉंड्रिंग केस में ED ने 21 मार्च को गिरफ्तार किया था।

एक अदालत ने ईडी की उनकी हिरासत एक अप्रैल तक बढ़ा दी। सुनीता केजरीवाल ने कहा, ''मैं आपको (जनता) WhatsApp नंबर 8297324624 दे रही हूं। आप इस पर मैसेज भेजकर अपने अरविंद को आशीर्वाद भेज सकते हैं।'' सुनीता केजरीवाल ने एक डिजिटल प्रेस वार्ता में कहा कि उनके पति ने देश में सबसे भ्रष्ट और तानाशाही ताकतों को चुनौती दी है।

MARCH 29, 20242:06 PM IST

Lok Sabha Elections 2024 Live: जीतन राम मांझी का लालू पर हमला

हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा(HAM) नेता और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी ने कहा, "...परिवारवाद हम चलाते हैं या लालू प्रसाद यादव चलाते हैं? लालू प्रसाद का बेटा तेजस्वी हो, तेजप्रताप हो या बेटी मीसा हो...ये किस आंदोलन के प्रोडक्ट हैं? कितने जन समस्याओं के लिए उन्होंने लड़ाई लड़ी और जेल गए? उनके माता-पिता मुख्यमंत्री थे, इसलिए उनको थोप दिया गया और आज मंत्री, उपमुख्यमंत्री और विधायक बन गए।"

MARCH 29, 20241:59 PM IST

Lok Sabha Elections 2024 Live: बिहार में कौन किस सीट से लड़ेगा चुनाव

बिहार में महागठबंधन ने शुक्रवार (29 मार्च) को अपने सीट-बंटवारे के फॉर्मूले की घोषणा कर दी। लालू प्रसाद यादव की अगुवाई वाली राष्ट्रीय जनता दल (RJD) बिहार की 40 लोकसभा सीटों में से 26 पर चुनाव लड़ेगा। जबकि कांग्रेस 9 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारेगी। वहीं, वाम दलों को पांच सीटें आवंटित की गई हैं। कांग्रेस को कटिहार, किशनगंज, पटना साहिब, सासाराम, भागलपुर, पश्चिमी चंपारण, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर और महाराजगंज सीटें दी गई हैं। जबकि वामपंथी दल बेगुसराय, खगड़िया, आरा, काराकाट और नालंदा से चुनाव लड़ेंगे। बाकी 26 सीटों पर RJD अपने उम्मीदवार उतारेगी।

MARCH 29, 20241:04 PM IST

Mukhtar Ansari's Death Live: 'मेरे पिता को खाने में धीमा जहर दिया गया'

विभिन्न आपराधिक मामलों में उत्तर प्रदेश के बांदा जेल में बंद बाहुबली पूर्व विधायक मुख्तार अंसारी की मौत के बाद उसके परिवार ने दावा किया है कि उन्हें खाने में धीमा जहर दिया गया है। गुरुवार (28 मार्च) को जेल में बंद माफिया से राजनेता बने मुख्तार अंसारी की मौत के कुछ घंटों बाद उनके बेटे उमर अंसारी (Umar Ansari) ने दावा किया कि उनके पिता को खाने में "धीमा जहर" दिया गया था। उन्होंने कहा कि परिवार अब इस मामले में न्यायपालिका का रुख करेगा। कुछ मीडिया रिपोर्टों में कहा गया है कि गैंगस्टर की स्वास्थ्य स्थिति बिगड़ने के बाद उत्तर प्रदेश के बांदा जिले के एक अस्पताल में भर्ती कराए जाने के बाद कार्डियक अरेस्ट के कारण उसकी मौत हो गई। उल्टी की शिकायत के बाद उन्हें बेहोशी की हालत में अस्पताल ले जाया गया था।

न्यूज एजेंसी ANI के मुताबिक, मुख्तार के बेटे उमर अंसारी ने कहा, "मुझे प्रशासन की ओर से कुछ नहीं बताया गया। मुझे मीडिया के माध्यम से इसके बारे में पता चला... लेकिन अब पूरा देश सब कुछ जानता है... मैं दो दिन पहले उनसे मिलने आया था, लेकिन मुझे अनुमति नहीं दी गई।" उमर ने आगे कहा, "धीमा जहर देने के आरोप पर हमने पहले भी कहा था और आज भी यही कहेंगे। 19 मार्च को डिनर में उन्हें जहर दे दिया गया। हम न्यायपालिका की शरण में जाएंगे, हमें उस पर पूरा भरोसा है।''

MARCH 29, 202412:48 PM IST

Lok Sabha Elections 2024 Live: कांग्रेस को बड़ा झटका, इनकम टैक्स डिपार्टमेंट ने थमाया ₹1700 करोड़ का नोटिस

लोकसभा चुनाव से ठीक पहले मुख्य विपक्षी पार्टी कांग्रेस (Congress) को बहुत ही बड़ा झटका लगा है। आयकर विभाग (IT) ने कांग्रेस को 1700 करोड़ रुपए का नोटिस थमा दिया है। यह नोटिस असेसमेंट ईयर 2017-18 और 2020-21 के लिए भेजा गया है। इस नोटिस में जुर्माना और ब्याज भी शामिल है। कांग्रेस नेता विवेक तन्खा ने इस बारे में शुक्रवार को जानकारी दी। आयकर विभाग के नोटिस ने लोकसभा चुनाव के बीच कांग्रेस की परेशानी और बढ़ा दी है।

न्यूज एजेंसी ANI को सूत्रों ने बताया कि आयकर विभाग ने भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस को 1700 करोड़ रुपये का डिमांड नोटिस जारी किया है। उन्होंने बताया कि ये लेटेस्ट डिमांड नोटिस असेसमेंट ईयर 2017-18 से 2020-21 के लिए है। इसमें जुर्माना और ब्याज दोनों शामिल है।

कांग्रोस को यह नोटिस दिल्ली हाई कोर्ट द्वारा चार असेसमेंट ईयर के लिए पुनर्मूल्यांकन कार्यवाही को चुनौती देने वाली उसकी अपील को खारिज करने के कुछ घंटों बाद मिला है। आईटी नोटिस से राष्ट्रीय पार्टी की चिंताएं बढ़ जाएंगी, जिसने दावा किया है कि लोकसभा चुनाव के ठीक पहले वह पहले से ही जमे हुए बैंक खातों के कारण नकदी संकट का सामना कर रही है।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, कांग्रेस के वकील और राज्यसभा सांसद विवेक तन्खा ने नोटिस की पुष्टि की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नोटिस को 'अलोकतांत्रिक और अनुचित' बताते हुए इसे आगे चुनौती देगी। रिपोर्टों से पता चलता है कि कर विभाग ने असेसमेंट ईयर 2018-19 के लिए कर बकाया और ब्याज के लिए कांग्रेस के दिल्ली बैंक खातों से 135 करोड़ रुपये पहले ही वसूल कर लिए हैं।

MARCH 29, 202412:29 PM IST

Lok Sabha Elections 2024 LIVE: बिहार महागठबंधन में सीटों का बंटवारा

कांग्रेस और राष्ट्रीय जनता दल (RJD) ने आज एक संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में आगामी लोकसभा चुनाव के लिए अपने सीट बंटवारे के फॉर्मूले की घोषणा कर दी। दोनों पार्टियों के शीर्ष नेताओं के बीच सिलसिलेवार बैठकों के बाद अब खींचतान खत्म होती दिख रही थी। सीट बंटवारे के मुताबिक, बिहार में RJD 26 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। जबकि कांग्रेस 9 सीटों पर और वामपंथी दल पांच सीटों पर चुनाव लड़ेंगे।

MARCH 29, 202412:14 PM IST

Lok Sabha Elections 2024 LIVE: कंगना रनौत ने मंडी में किया रोड शो

हिमाचल प्रदेश के मंडी संसदीय क्षेत्र से बीजेपी की लोकसभा उम्मीदवार कंगना रनौत ने शुक्रवार को रोड शो किया। इस दौरान उन्होंने कहा, "...लोग गर्वित हैं कि मंडी की बेटी और राष्ट्रवादी आवाज इस चुनाव में मंडी का प्रतिनिधित्व करेगी... विकास का मुद्दा हमारे लिए मुख्य है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जिस दिशा में हमारा मार्गदर्शन करेंगे, उस दिशा में हम काम करने में कोई कमी नहीं छोड़ेंगे।"

MARCH 29, 202411:33 AM IST

Lok Sabha Elections 2024 LIVE: अन्नामलाई ने तमिल मनीला कांग्रेस उम्मीदवार के समर्थन में शुरू किया अभियान

तमिलनाडु बीजेपी अध्यक्ष के अन्नामलाई ने शुक्रवार को श्रीपेरंबदूर में तमिल मनीला कांग्रेस के उम्मीदवार वीएन वेणुगोपाल के समर्थन में लोकसभा चुनाव के लिए प्रचार किया। उन्होंने कहा, "अगर वीएन वेणुगोपाल के अलावा कोई और जीतता है तो निर्वाचन क्षेत्र के लिए कुछ भी अच्छा नहीं होगा... श्रीपेरंबुदूर एक उद्योग-आधारित क्षेत्र है..." उन्होंने कहा, "डीएमके ने अब तक अपने चुनावी वादों का 20 फीसदी भी पूरा नहीं किया है, लेकिन सीएम का कहना है कि उन्होंने 90 फीसदी से ज्यादा वादे पूरे कर दिए हैं।"

MARCH 29, 202411:14 AM IST

Lok Sabha Elections 2024 LIVE: यूपी में कुल 155 नामांकन में से 71 अस्वीकृत

उत्तर प्रदेश में लोकसभा चुनाव के पहले चरण की आठ सीट के लिए दाखिल कुल 155 नामांकन पत्रों में से 84 नामांकन पत्र वैध पाये गये। जांच में 71 नामांकन पत्रों को अस्वीकृत कर दिया गया। उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने बताया कि लोकसभा चुनाव के प्रथम चरण में आठ निर्वाचन क्षेत्रों के लिए नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 27 मार्च थी। उन्होंने बताया कि प्रथम चरण के लिए विभिन्न राजनीतिक दलों के 155 प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र भरा, नामांकन पत्रों की बृहस्पतिवार को जांच की गयी जिसमें से 84 नामांकन वैध पाए गये। जांच में 71 नामांकन पत्रों को अस्वीकृत कर दिया गया। उन्होंने बताया कि प्रथम चरण के लिए नामांकन पत्र दाखिल करने वाले प्रत्याशी 30 मार्च 2024 (शनिवार) तक नाम वापस ले सकते हैं। प्रथम चरण में 19 अप्रैल को मतदान होगा।

MARCH 29, 202411:00 AM IST

Mukhtar Ansari Death Live: RJD का यूपी सरकार पर हमला

गैंगस्टर से नेता बने मुख्तार अंसारी की मौत पर RJD सांसद मनोज कुमार झा ने कहा, "उत्तर प्रदेश एक अलग तरह का प्रदेश बन गया है... मौत और हत्या का फर्क मिट गया है... मौत और हत्या का फर्क जब मिट जाए तो अराजकता होती है।" माफिया से नेता बने मुख्तार अंसारी को गुरुवार (28 मार्च) को तबीयत बिगड़ने के बाद जिला जेल से रानी दुर्गावती मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां दिल का दौरा पड़ने से उसकी मौत हो गई।

MARCH 29, 202410:48 AM IST

Lok Sabha Elections 2024 LIVE: कांग्रेस 6 अप्रैल को जारी करेगी घोषणापत्र

लोकसभा चुनाव का बिगुल बच चुका है। 19 अप्रैल से 1 जून तक 7 चरणों में होने वाले 2024 के आम चुनाव के लिए राजनीतिक पार्टियों ने अपने उम्मीदवारों की लिस्ट जारी कर दी है और मतदाताओं को प्रभावित करने के लिए चुनावी अभियान भी शुरू कर दिया है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और कांग्रेस नेता सोनिया गांधी और राहुल गांधी 6 अप्रैल को जयपुर में एक सार्वजनिक बैठक में पार्टी का घोषणापत्र जारी करेंगे।

MARCH 29, 202410:41 AM IST

Lok Sabha Elections 2024 LIVE: पंजाब में अकाली ने उम्मीदवारों की घोषणा की

इसके अलावा पंजाब की बात करें तो बीजेपी द्वारा राज्य की सभी सीटों पर अपने दम पर चुनाव लड़ने की घोषणा के बाद शिरोमणि अकाली दल ने गुरुवार को पंजाब में लोकसभा चुनाव के लिए पांच उम्मीदवारों की घोषणा की। इसमें हरियाणा के लिए दो उम्मीदवारों के नाम भी बताए गए।

MARCH 29, 202410:30 AM IST

Lok Sabha Elections 2024 LIVE: महाराष्ट्र में सीट बंटवारे पर घमासान

हालांकि, महाराष्ट्र में सत्तारूढ़ महायुति और विपक्षी महा विकास अघाड़ी (MVA) दोनों में सीट बंटवारे को लेकर बातचीत रुकी हुई है। सूत्रों ने कहा कि एमवीए इस वीकेंड तक सीट-बंटवारे के फॉर्मूले को अंतिम रूप देने को लेकर आश्वस्त है।

इस बीच, गुरुवार को कर्नाटक के हुबली में वीरशैव लिंगायत संतों ने धारवाड़ निर्वाचन क्षेत्र से बीजेपी उम्मीदवार के रूप में केंद्रीय मंत्री प्रल्हाद जोशी की जगह लेने की मांग की है। उन्होंने भगवा खेमे को किसी निर्णय पर पहुंचने के लिए 31 मार्च की समयसीमा दी है, अन्यथा वे अपना उम्मीदवार खड़ा करेंगे।

MARCH 29, 202410:22 AM IST

Lok Sabha Elections 2024 LIVE: बिहार में सीट बंटवारे पर आज लग सकती है मुहर

कांग्रेस और राष्ट्रीय जनता दल (RJD) आज यानी शुक्रवार (29 मार्च) को एक संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में आगामी लोकसभा चुनाव के लिए अपने सीट बंटवारे के फॉर्मूले की घोषणा कर सकते हैं। दोनों पार्टियों के शीर्ष नेताओं के बीच सिलसिलेवार बैठकों के बाद अब खींचतान खत्म होती दिख रही है। न्यूज18 के सूत्रों के मुताबिक, बिहार में RJD कम से कम 26 सीटों पर चुनाव लड़ने जा रही है, जबकि कांग्रेस 9 सीटों पर और वामपंथी दल पांच सीटों पर चुनाव लड़ेंगे।

MARCH 29, 202410:13 AM IST

मनीकंट्रोल के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है