Get App

लाइव ब्लॉग

MoneyControl News APRIL 01, 2024 / 7:34 PM IST

Lok Sabha Election 2024 Highlights: बीजेपी के घोषणापत्र के लिए 3 लाख से अधिक मिले सुझाव, कमलनाथ के गृह नगर छिंदवाड़ा के मेयर BJP में शामिल

Lok Sabha Chunav 2024 Highlights: लोकसभा चुनाव के लिए तारीखों का ऐलान होने के बाद राजनीतिक गलियारों में हलचल शुरू हो गई है। पार्टियों में चुनाव की तैयारी को लेकर बैठकों का दौरा चल रहा है। इस बीच, कांग्रेस को उस समय एक और झटका लगा जब सोमवार को छिंदवाड़ा के मेयर विक्रम अहाके BJP में शामिल हो गए। आम चुनाव को लेकर बीजेपी के घोषणापत्र के लिए 3 लाख से अधिक सुझाव प्राप्त हुए, इसे जल्द ही अंतिम रूप दिया जाएगा

General Election 2024 Highlights: लोकसभा चुनाव के लिए सभी राजनीतिक दल जोर-शोर से तैयारी में जुटे हुए हैं। पहले चरण में 19 अप्रैल को मतदान होना है। यूपी में पश्चिमी उत्तर प्रदेश के आठ सीटों पर पहले चरण में मतदान होंगे। इसके लिए देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बीजेपी प्रत्याशियों के समर्थन में जनसभा की और लोगों को संबोधित किया। इस बीच, कांग्रेस ने उत्तर प्रदेश में अपने स्टार प्र

Lok Sabha Election 2024 Live: लोकसभा चुनाव के पहले चरण की शुरुआत 19 अप्रैल से हो रही है
Lok Sabha Election 2024 Live: लोकसभा चुनाव के पहले चरण की शुरुआत 19 अप्रैल से हो रही है
APRIL 01, 2024 / 6:30 PM IST

Lok Sabha Chunav 2024 Live: बीजेपी की घोषणापत्र समिति की हुई पहली बैठक में केंद्र में रहा 'विकसित भारत' का एजेंडा

भारतीय जनता पार्टी (BJP) की सोमवार को चुनाव घोषणापत्र समिति की पहली बैठक हुई जिसके केंद्र में सरकार के 'विकसित भारत' का एजेंडा और उसकी रूपरेखा रही। आगामी लोकसभा चुनाव में पार्टी के प्रमुख वादों पर चर्चा करने के लिए आठ केंद्रीय मंत्रियों और तीन मुख्यमंत्रियों ने पार्टी के अन्य नेताओं के साथ बैठक की।

बैठक की अध्यक्षता रक्षा मंत्री और भाजपा के पूर्व अध्यक्ष राजनाथ सिंह ने की। बैठक के बाद पत्रकारों को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि पार्टी को अपनी मिस्ड कॉल सेवा के माध्यम से 3.75 लाख से अधिक सुझाव मिले हैं और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ऐप (नमो) पर लगभग 1.70 लाख सुझाव मिले हैं।

    APRIL 01, 2024 / 6:04 PM IST

    Lok Sabha Chunav 2024 Live: 'चुनाव से पहले बीजेपी खेल रही झूठ और फरेब का खेल'

    कांग्रेस नेता कमलनाथ ने अपने संसदीय क्षेत्र छिंदवाड़ा से कुछ विश्वस्त नेताओं के दल बदलने की पृष्ठभूमि में सोमवार को सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (BJP) पर लोकसभा चुनाव से पहले 'झूठ, फरेब और सौदेबाजी का खेल' खेलने का आरोप लगाया। उन्होंने आरोप लगाया कि BJP चुनाव में धनबल, बाहुबल और प्रशासन की शक्ति का दुरुपयोग कर रही है और नेताओं को धमकाया जा रहा है।

    कमलनाथ के करीबी विधायक कमलेश शाह गत शुक्रवार को बीजेपी में शामिल हो गए तो छिंदवाड़ा से महापौर विक्रम अहाके ने भी सोमवार को सत्तारूढ़ दल की सदस्यता ले ली। पिछले लोकसभा चुनाव में कांग्रेस राज्य की 29 सीटों में से केवल छिंदवाड़ा ही अपने हिस्से में रख पाई थी और बाकी 28 सीटों पर भाजपा ने जीत दर्ज की थी। कमलनाथ इस संसदीय क्षेत्र से 9 बार सांसद रह चुके हैं और अब उनके बेटे नकुलनाथ यहां से सांसद है।

      APRIL 01, 2024 / 5:37 PM IST

      Lok Sabha Chunav 2024 Live: बीजेपी के घोषणापत्र के लिए 3 लाख से अधिक मिले सुझाव

      लोकसभा चुनाव के लिए तारीखों का ऐलान होने के बाद राजनीतिक गलियारों में हलचल शुरू हो गई है। पार्टियों में चुनाव की तैयारी को लेकर बैठकों का दौरा चल रहा है। उत्तर प्रदेश के उप-मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने सोमवार को बताया कि लोकसभा चुनाव को लेकर बीजेपी के घोषणापत्र के लिए तीन लाख से अधिक सुझाव प्राप्त हुए, इसे जल्द ही अंतिम रूप दिया जाएगा

        APRIL 01, 2024 / 5:31 PM IST

        Pakistan News Live: इमरान खान और उनकी पत्नी की 14 साल की सजा निलंबित

        भ्रष्टाचार मामले में जेल में बंद पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान को बड़ी राहत मिली है। इमरान खान को तब एक बड़ी राहत मिली जब पाकिस्तान की एक हाई कोर्ट ने तोशाखाना भ्रष्टाचार मामले में उन्हें और उनकी पत्नी बुशरा बीबी को दी गई 14 साल की सजा सोमवार को निलंबित कर दी। पाकिस्तान में आम चुनाव से कुछ दिन पहले तोशाखाना से मिले सरकारी उपहारों में कथित भ्रष्टाचार के लिए जवाबदेही अदालत ने 31 जनवरी को दोनों को 14-14 साल जेल की सजा सुनाई थी।

        दोनों ने सजा को इस्लामाबाद हाई कोर्ट में चुनौती दी, जहां चीफ जस्टिस आमिर फारूक के नेतृत्व वाली दो सदस्यीय पीठ ने मामले की सुनवाई की। सोमवार (1 अप्रैल) को इस्लामाबाद हाई कोर्ट ने मामले में कपल की सजा को निलंबित करके और उन्हें जमानत देकर अस्थायी राहत दी। हालांकि अदालत ने कहा कि दोषसिद्धि के खिलाफ उनकी अपील पर सुनवाई अगले महीने ईद की छुट्टियों के बाद की जाएगी।

          APRIL 01, 2024 / 4:54 PM IST

          Lok Sabha Chunav 2024 Live: असम सरकार ने वोटिंग वाले दिन सार्वजनिक अवकाश की घोषणा की

          असम सरकार ने राज्य में तीन चरण में होने वाले लोकसभा चुनाव के दौरान संबंधित निर्वाचन क्षेत्रों के लिए सार्वजनिक अवकाश की सोमवार को घोषणा की। राज्यपाल के आदेश पर जारी अधिसूचना में 19 अप्रैल, 26 अप्रैल और 7 मई को उन इलाकों में सार्वजनिक अवकाश की घोषणा की गई है जहां परक्राम्य लिखित अधिनियम, 1881 के तहत इन तारीखों पर मतदान होना है।

          राज्य में 19 अप्रैल को पहले चरण में पांच निर्वाचन क्षेत्रों : डिब्रूगढ़, जोरहाट, काजीरंगा, लखीमपुर और सोनितपुर में मतदान होगा। दूसरे चरण में 26 अप्रैल को पांच और सीटों : सिलचर, करीमगंज, दीफू, नगांव और दरांग-उदलगुरी में मतदान होगा। बाकी के चार निर्वाचन क्षेत्रों - गुवाहाटी, धुबरी, बरपेटा और कोकराझार में तीसरे चरण में सात मई को मतदान होगा।

          सामान्य प्रशासन विभाग के आदेश में कहा गया है कि इन सीटों के अधिकार क्षेत्र में आने वाले सभी सरकारी और गैर-सरकारी कार्यालयों, शहरी स्थानीय निकायों, शैक्षणिक संस्थानों, बैंकों, चाय बागान तथा उद्योगों समेत व्यावसायिक और वाणिज्यिक प्रतिष्ठान मतदान वाले दिनों में बंद रहेंगे।

            APRIL 01, 2024 / 4:33 PM IST

            Lok Sabha Elections 2024 Live: BJD सांसद अनुभव मोहंती BJP में शामिल

            लोकसभा चुनाव से ठीक पहले ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक के नेतृत्व वाली जनता दल (BJD) को बड़ा झटका लगा है। ओडिशा में सत्तारूढ़ BJD के सांसद अनुभव मोहंती सोमवार (1 अप्रैल) को भारतीय जनता पार्टी (BJP) में शामिल हो गए। उड़िया फिल्मों के सुपरस्टार और केंद्रपाड़ा के सांसद मोहंती ने पिछले दिनों BJD की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था। BJP के राष्ट्रीय महासचिव विनोद तावड़े की मौजूदगी में मोहंती ने नई दिल्ली स्थित बीजेपी मुख्यालय में पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।

            मोहंती ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार की तारीफ करते हुए कहा कि पिछले पांच वर्षों में संसद में तीन तलाक की प्रथा को समाप्त करने और नए आपराधिक कानूनों को लाने सहित कई ऐतिहासिक विधेयकों के पारित होते हुए देखने पर उन्हें गर्व है। उन्होंने कहा कि इस सरकार ने कई साहसिक कदम उठाए हैं और विकसित भारत के लिए लोगों को मोदी का समर्थन करना चाहिए।

              APRIL 01, 2024 / 4:10 PM IST

              Lok Sabha Chunav 2024 Live: कांग्रेस की CEC ने आंध्र, तेलंगाना के लिए लोकसभा उम्मीदवारों को लेकर की चर्चा

              कांग्रेस की केंद्रीय चुनाव समिति (CEC) ने सोमवार को आंध्र प्रदेश और तेलंगाना के लिए लोकसभा उम्मीदवारों के नाम पर चर्चा की। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की अध्यक्षता वाली सीईसी की बैठक में पार्टी संसदीय दल की प्रमुख सोनिया गांधी, संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल और सीईसी के कई अन्य सदस्य शामिल हुए। तेलंगाना से जुड़ी बैठक में प्रदेश के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी और आंध्र प्रदेश से संबंधित बैठक में प्रदेश कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष वाईएस शर्मिला शामिल थे।

              कांग्रेस नौ अलग-अलग सूचियों में अब तक 212 उम्मीदवारों की घोषणा कर चुकी है। देश में 18वीं लोकसभा के लिए चुनाव 19 अप्रैल से शुरू होंगे। इसके बाद छह और चरणों में 26 अप्रैल, सात मई, 13 मई, 20 मई, 25 मई और एक जून को मतदान होगा। मतगणना चार जून को होगी।

                APRIL 01, 2024 / 3:42 PM IST

                Arvind Kejriwal arrested: तिहाड़ की जेल नंबर 2 में रहेंगे अरविंद केजरीवाल


                एक्साइज पॉलिसी मामले में राउज एवेन्यू कोर्ट ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल (Arvind Kejriwal) को 15 अप्रैल तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। इस दौरान उन्हें दिल्ली स्थित तिहाड़ की जेल नंबर 2 में रखा जाएगा। वह बैरक में अकेले रहेंगे। इस दौरान वह CCTV निगरानी में रहेंगे।

                  APRIL 01, 2024 / 3:07 PM IST

                  Lok Sabha Election 2024 Live: कांग्रेस CEC की बैठक खत्म, आज जारी हो सकती है नई लिस्ट

                  कांग्रेस सोमवार (1 अप्रैल) को प्रत्याशियों की नई लिस्ट का ऐलान कर सकती है। नई दिल्ली स्थित कांग्रेस मुख्यालय में केंद्रीय चुनाव समिति (CEC) की बैठक हुई। इस बैठक में कांग्रेस प्रमुख मल्लिकार्जुन खड़गे, सोनिया गांधी, केसी वेणुगोपाल, तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्‌डी समेत कई कांग्रेस नेता शामिल रहे। कांग्रेस अब तक देशभर में 212 उम्मीदवारों की घोषणा कर चुकी है। इसके पहले 29 मार्च को कांग्रेस ने नौवीं लिस्ट का ऐलान किया था। ​​​

                    APRIL 01, 2024 / 2:43 PM IST

                    Arvind Kejriwal arrested live: सुनीता केजरीवाल का बीजेपी पर हमला

                    दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और AAP के राष्ट्रीय संयोजक को 15 अप्रैल तक न्यायिक हिरासत में भेजे जाने पर उनकी पत्नी सुनीता केजरीवाल ने कहा, "11 दिनों की पूछताछ हुई है। पूछताछ पूरी हो गई है। अदालत ने उन्हें (अरविंद केजरीवाल) दोषी नहीं कहा तो उनको जेल में क्यों डाला है?... उन लोगों(भाजपा) का एक ही मकसद है, चुनावों में उन्हें(अरविंद केजरीवाल) जेल में डालना। देश की जनता इस तानाशाही का जवाब देगी।"

                      APRIL 01, 2024 / 2:19 PM IST

                      Lok Sabha Election 2024 Live: कमलनाथ के गृह नगर छिंदवाड़ा के मेयर BJP में शामिल

                      लोकसभा चुनाव से पहले कांग्रेस को उस समय एक और झटका लगा जब सोमवार को उसके नेता एवं छिंदवाड़ा के मेयर विक्रम अहाके मध्य प्रदेश में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (BJP) में शामिल हो गए। अहाके राज्य की राजधानी भोपाल में मुख्यमंत्री मोहन यादव और बीजेपी की राज्य इकाई के प्रमुख वी.डी. शर्मा की उपस्थिति में पार्टी में शामिल हुए।

                      छिंदवाड़ा जिले के अमरवाड़ा से कांग्रेस विधायक कमलेश शाह पिछले सप्ताह भाजपा में शामिल हो गए थे। शाह पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के करीबी सहयोगी थे।छिंदवाड़ा, राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री कमल नाथ का गृह जिला है। लोकसभा चुनाव के पहले चरण के तहत 19 अप्रैल को इस सीट पर मतदान होना है।

                      नकुल नाथ ने वर्ष 2019 के लोकसभा चुनाव में छिंदवाड़ा से नामांकन पत्र दाखिल किया था और पूरे राज्य में यही एक मात्र सीट थी जिस पर कांग्रेस को जीत हासिल हुई थी। इस सीट से कमलनाथ भी नौ बार सांसद रह चुके हैं। बीजेपी ने इस बार यहां से विवेक बंटी साहू को मैदान में उतारा है।

                        APRIL 01, 2024 / 1:50 PM IST

                        Delhi Liquor Scam Case Live: क्या अब आतिशी और सौरभ भारद्वाज का नंबर है?

                        दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने प्रवर्तन निदेशालय (ED) को बताया है कि कथित शराब घोटाले में गिरफ्तार आरोपियों में से एक विजय नायर मुझे नहीं, बल्कि मंत्री आतिशी और सौरभ भारद्वाज को रिपोर्ट करते थे। ED ने राउज एवेन्यू कोर्ट को बताया कि अरविंद केजरीवाल जांच को गुमराह कर रहे है। ED ने बताया कि जब विजय नायर के बारे में पूछा गया तो केजरीवाल ने कहा कि वो आतिशी और सौरभ भारद्वाज को रिपोर्ट करते है। इस दौरान कोर्ट में विजय नायर की मीटिंग से जुड़े सारे सबूत दिखाए गए। इसके अलावा गोवा चुनावों के दौरान कैश से जुड़े सबूतों को भी केजरीवाल ने मानने से इनकार कर दिया। एजेंसी को पूछताछ के लिए रिमांड की जरूरत नहीं थी इसलिए केजरीवाल को न्यायिक हिरासत में तिहाड़ जेल भेज दिया गया।

                          APRIL 01, 2024 / 1:38 PM IST

                          Lok Sabha Election 2024 Live: राहुल के फिक्स्ड मैच वाले बयान के खिलाफ चुनाव आयोग पहुंची BJP

                          केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने सोमवार को कहा कि हमने चुनाव आयोग के सामने कई मुद्दा रखा है, इनमें दो विषय है जिसमें कल रामलीला मैदान I.N.D.I.A. गठबंधन की मीटिंग हुई उसके दौरान राहुल गांधी ने कई ऐसी बातें की जो अपने आपत्तीजनक हैं, उन्होंने कहा कि यह फिक्स्ड मैच है... उन्होंने कहा केंद्र सरकार ने चुनाव आयोग में अपने लोग रखे हुए हैं... संविधान को लकर उन्होंने(राहुल गांधी) कहा कि लोगों के हक को छीना जा रहा है... उनका यह सब एक सार्वजनिक स्थान पर कहना... यह नीचे स्तर की राजनीति है। उन्होंने यह भी कहा कि देश के टुकड़े-टुकड़े हो जाएंगे और देश में आग लग जाएगी... वे बौखला गए हैं... चुनाव आयोग के सामने हमने यह बात रखी है और कार्रवाई करने की मांग की है।

                            APRIL 01, 2024 / 1:28 PM IST

                            Lok Sabha Chunav 2024 Live: चुनाव आयोग ने दिलीप घोष और सुप्रिया श्रीनेत को दी चेतावनी

                            चुनाव आयोग ने महिलाओं के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी के लिए भाजपा सांसद दिलीप घोष और कांग्रेस नेता सुप्रिया श्रीनेत की निंदा की। आयोग ने नैतिक आचार संहिता (MCC) उल्लंघनों पर उन्हें जारी किए गए नोटिसों का जवाब मिलने के बाद अपने आदेश में कहा कि वे आश्वस्त हैं कि उन्होंने व्यक्तिगत हमला किया और इस तरह आदर्श आचार संहिता के प्रावधानों का उल्लंघन किया। उन्हें आदर्श आचार संहिता की अवधि के दौरान सार्वजनिक बयानों में सावधानी बरतने की चेतावनी दी गई है। इस बार से उनके चुनाव संबंधी संचार पर आयोग द्वारा विशेष और अतिरिक्त निगरानी रखी जाएगी।

                              APRIL 01, 2024 / 12:53 PM IST

                              Arvind Kejriwal arrested Live: जेल में पढ़ेगे ये तीन किताब

                              दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने कोर्ट के सामने कस्टडी के दौरान तीन किताबें उपलब्ध कराए जाने की मंजूरी मांगी है। इन किताबों में भगवद गीता, रामायण और पत्रकार नीरजा चौधरी की किताब 'हाउ प्राइम मिनिस्टर्स डिसीजन (How Prime Ministers Decides)' मौजूद हैं।

                                APRIL 01, 2024 / 12:34 PM IST

                                Arvind Kejriwal arrested Live: अब तिहाड़ जेल में रहेंगे अरविंद केजरीवाल

                                दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को आबकारी नीति से जुड़े मामले में उनकी प्रवर्तन निदेशालय (ED) की हिरासत अवधि पूरी होने के बाद सोमवार को दिल्ली की एक अदालत में पेश किया गया जिसने उन्हें 15 दिन के लिए न्यायिक हिरासत में भेज दिया। इस दौरान वह दिल्ली के तिहाड़ जेल में रहेंगे। आम आदमी पार्टी (आप) के प्रमुख केजरीवाल को खचाखच भरे अदालत कक्ष में विशेष न्यायाधीश कावेरी बावेजा के समक्ष पेश किया गया। ईडी ने अदालत से केजरीवाल को 15 दिन के लिए न्यायिक हिरासत में भेजने की मांग करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री ने पूछताछ के दौरान बिल्कुल सहयोग नहीं किया।

                                  APRIL 01, 2024 / 12:20 PM IST

                                  Lok Sabha Election 2024 LIVE: अलगीगढ़ से BSP प्रत्याशी को पड़ा दिल का दौरा

                                  उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ से बहुजन समाज पार्टी (Bahujan Samaj Party) के लोकसभा उम्मीदवार गुफरान नूर (Gufran Noor) को दिल का दौरा (Heart Attack) पड़ा है इसके बाद हालत गंभीर बनी हुई है। नूर को रविवार शाम दिल का दौरा पड़ने पर एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। लोकसभा चुनाव 2024 के लिए बहुजन समाज पार्टी ने गुफरान नूर को अलीगढ़ लोकसभा क्षेत्र से अपना उम्मीदवार घोषित किया था। अलीगढ़ में दूसरे चरण में 26 अप्रैल को मतदान होगा। यहां नामांकन दाखिल करने की आखिरी तारीख 4 अप्रैल है।

                                    APRIL 01, 2024 / 12:00 PM IST

                                    Lok Sabha Election 2024 LIVE Updates: पीएम मोदी करेंगे कई रैलियां

                                    देश भर में लोकसभा चुनाव से सियासी पारा गर्म है। सभी राजनीतिक पार्टियां प्रचार अभियान में जुटी हुई हैं। इस बीच देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आने वाले दिनों में कई रैलियां करेंगे। 2 अप्रैल को पीएम मोदी उत्तराखंड के रुद्रपुर और राजस्थान के कोटपुचली में रैली करेंगे। वहीं प्रधानमंत्रू नरेंद्र मोदी 6 अप्रैल को उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में एक रैली को संबोधित करेंगे। इसी दिन पीएम मोदी उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में एक रोड शो करेंगे। प्रधानमंत्री 9 अप्रैल को पीलीभीत और 16 अप्रैल को मुरादाबाद में सार्वजनिक रैलियां करेंगे।

                                      APRIL 01, 2024 / 11:40 AM IST

                                      Lok Sabha Election 2024 LIVE: CPI ने चार सीटों पर उम्मीदवारों के नाम किए ऐलान

                                      भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (Communist Party of India - CPI) की झारखंड इकाई ने राज्य के चार लोकसभा क्षेत्रों के लिए उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की है। सीपीआई झारखंड के सचिव ने कहा कि अभय भुइयां को पलामू लोकसभा सीट से, महेंद्र ओरांव को लोहरदगा से, अर्जुन कुमार को चतरा से और राजेश कुमार किस्कू को दुमका लोकसभा सीट से उम्मीदवार बनाया गया है। कहा जा रहा है कि CPI झारखंड की 14 लोकसभा सीटों में से 8 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। पार्टी जल्द ही अन्य सीटों पर उम्मीदवार घोषित करेगी।

                                        APRIL 01, 2024 / 11:21 AM IST

                                        Lok Sabha Election 2024 LIVE Updates: कमलनाथ के गृह क्षेत्र छिंदवाड़ा से कांग्रेस मेयर बीजेपी में शामिल

                                        लोकसभा चुनाव से पहले कांग्रेस को एक और झटका लगा है। उनके नेता और मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा के मेयर भारतीय जनता पार्टी (BJP) में शामिल हो गए हैं। छिंदवाड़ा के महापौर विक्रम अहाके राज्य की राजधानी भोपाल में मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री के सीएम मोहन यादव और राज्य पार्टी प्रमुख वीडी शर्मा की उपस्थिति में भाजपा में शामिल हुए। बता दें कि पिछले हफ्ते छिंदवाड़ा जिले के अमरवाड़ा से कांग्रेस विधायक और पार्टी के दिग्गज नेता कमल नाथ के करीबी सहयोगी कमलेश शाह भाजपा में शामिल हो गए थे।

                                          APRIL 01, 2024 / 11:00 AM IST

                                          Lok Sabha Election 2024 LIVE: दिल्ली में एक ही चरण में 25 मई को मतदान, 4 जून को नतीजे

                                          भारत के चुनाव आयोग ने- ऐलान किया है कि दिल्ली में लोकसभा चुनाव 25 मई को एक ही चरण में होंगे। इसके नतीजे 4 जून को घोषित किए जाएंगे। कांग्रेस और AAP सहयोगी भाजपा को चुनौती देंगे। पिछले दो चुनावों में भाजपा ने सभी 7 सीटों पर जीत हासिल की थी।

                                            APRIL 01, 2024 / 10:40 AM IST

                                            Lok Sabha Election 2024 LIVE Updates: AIADMK चुनाव बाद फिर से भाजपा से गठबंधन करेगी – चिदंबरम

                                            कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री पी.चिदंबरम ने कहा कि लोकसभा चुनाव के बाद अन्नाद्रमुक फिर से भाजपा के साथ गठबंधन करेगी। चुनाव प्रचार के दौरान उन्होंने तमिलनाडु के पुदुकोट्टई जिले के अरन्थांगी में कांग्रेस कार्यकर्ताओं से कहा कि अन्नाद्रमुक सितंबर 2023 तक भाजपा के नेतृत्व वाले एनडीए का हिस्सा थी। चुनाव के बाद उनकी पहले वाली मित्रता फिर से शुरू हो जाएगी। बता दें कि 2019 के लोकसभा चुनाव और 2021 के विधानसभा चुनाव में एआईएडीएमके और बीजेपी ने मिलकर चुनाव लड़े थे।

                                              APRIL 01, 2024 / 10:20 AM IST

                                              Lok Sabha Election 2024 LIVE: जेल में बंद अरविंद केजरीवाल की 6 गारंटी, सुनीता केजरीवाल ने सुनाया

                                              आम आदमी पार्टी (AAP) ने दिल्ली के रामलीला मैदान में सीएम अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तार के खिलाफ मेगा रैली का आयोजन किया। इस रैली में INDIA गठबंधन के तमाम नेता भी मौजूद रहे। इस दौरान दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल की पत्नी सुनीता केजरीवाल ने अपने पति केजरीवाल की छह गारंटी को रैली में सभी के सामने पढ़कर सुनाया।

                                              उन्होंने कहा कि अरविंद केजरीवाल की पहली गारंटी है कि देशभर में बिजली कटौती नहीं होगी। दूसरी गारंटी है कि देशभर में गरीबों के लिए बिजली फ्री में होगी। तीसरा, हर गांव में एक अच्छा स्कूल होगा जहां समाज के सभी वर्गों के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिलेगी। चौथा, हर गांव में एक मोहल्ला क्लिनिक होगा। हर जिले में सरकारी मल्टी-स्पेशियलिटी अस्पताल होंगे। पांचवां, किसानों को स्वामीनाथन रिपोर्ट के अनुसार अच्छा न्यूनतम समर्थन मूल्य मिलेगा। आखिरी गारंटी ये है कि दिल्ली के लोगों के साथ कई वर्षों से अन्याय हो रहा है। ऐसे में हम इस अन्याय को ख़त्म करेंगे।

                                                APRIL 01, 2024 / 10:00 AM IST

                                                Lok Sabha Election 2024 LIVE Updates: कांग्रेस 5 अप्रैल को घोषणापत्र करेगी जारी

                                                कांग्रेस ने 5 अप्रैल को अपना घोषणापत्र जारी करने की तैयारी की है। वहीं कांग्रेस ने "आखिरी समय में" घोषणापत्र समिति बनाने के लिए भाजपा पर कटाक्ष किया है। भाजपा ने हाल ही में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की अध्यक्षता में 27 सदस्यीय समिति का गठन किया है। जिसमें कई केंद्रीय मंत्री और मुख्यमंत्री शामिल हैं। जिन्हें आगामी लोकसभा चुनावों के लिए पार्टी का घोषणापत्र तैयार करने का काम सौंपा गया है।

                                                  APRIL 01, 2024 / 9:40 AM IST

                                                  Lok Sabha Election 2024 LIVE: चुनावी बॉन्ड पर पीएम मोदी ने कहा – विपक्ष को पछताना पड़ेगा

                                                  प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने चुनावी बॉन्ड (इलेक्टोरल बॉन्ड) पर सवाल उठाने वाले विपक्षी नेताओं को करारा जवाब दिया है। पीएम मोदी ने कहा कि आज जो भी लोग इलेक्टोरल बॉन्ड को लेकर नाच रहे हैं, वो जल्द ही पछताने वाले हैं। पीएम मोदी ने Thanthi TV को दिए इंटरव्यू में कहा कि, चुनावी बॉन्ड से हमारी सरकार को कोई झटका नहीं लगा है। ना ही हमने कोई ऐसा काम किया है। जिसे हमें वापस लेना चाहिए। पीएम मोदी ने कहा कि चुनावी बॉन्ड नहीं होता तो, कैसे पता करते, पैसा कहां से आया और कहां गया।

                                                    APRIL 01, 2024 / 9:20 AM IST

                                                    Lok Sabha Election 2024 LIVE Updates: राजस्थान की सभी सीटों पर मिलेगी जीत – अमित शाह

                                                    केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि राजस्थान की सभी 25 लोकसभा सीटों पर बीजेपी को जीत मिलेगी। उन्होंने उम्मीद जताई है कि भाजपा बड़े अंतर जीत हासिल करेगी। कई सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ एक बैठक में शाह कहा कि पीएम मोदी को सत्ता से हटाने के लिए विपक्ष के ठोस प्रयासों का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने देश के विकास पर फोकस किया है।

                                                      APRIL 01, 2024 / 9:09 AM IST

                                                      Lok Sabha Election 2024 LIVE: LJP (रामविलास) प्रमुख चिराग पासवान का पटना में पार्टी कार्यकर्ताओं ने किया स्वागत

                                                      एलजेपी (रामविलास) प्रमुख चिराग पासवान पटना पहुंचे। इस दौरान पार्टी के कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने उनका जोरदार स्वागत किया। पासवान ने चुनाव प्रचार शुरू करने की घोषणा की है। पासवान ने अरविंद केजरीवाल की आलोचना की है। उन्होंने कहा कि अन्ना हजारे के साथ अपने आंदोलन के दौरान केजरीवाल उन भ्रष्ट व्यक्तियों की सूची लेकर आए थे, जो अब एक साथ मंच पर नजर आते हैं।

                                                        APRIL 01, 2024 / 8:58 AM IST

                                                        Lok Sabha Election 2024 LIVE Updates: कांग्रेस की CEC मीटिंग खत्म

                                                        कांग्रेस की केंद्रीय चुनाव समिति (CEC) ने रविवार को बिहार के लिए लोकसभा चुनाव के लिए उम्मीदवारों के नाम पर चर्चा की। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की अध्यक्षता वाली सीईसी की बैठक में पार्टी संसदीय दल की प्रमुख सोनिया गांधी, संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल और सीईसी के कई अन्य सदस्य शामिल हुए। सूत्रों का कहना है कि बिहार की तीन सीट पर चर्चा की गई। कटिहार से अनवर को उम्मीदवार बनाया जा सकता है। दरअसल, बिहार की कुल 40 लोकसभा में से कांग्रेस नौ सीट पर चुनाव लड़ रही है। 26 सीट पर उसकी सहयोगी राष्ट्रीय जनता दल और पांच सीट पर वाम दल चुनाव लड़ रहे हैं।

                                                          APRIL 01, 2024 / 8:55 AM IST

                                                          Lok Sabha Election 2024 LIVE: कांग्रेस ने जारी की स्टार प्रचारकों की लिस्ट

                                                          कांग्रेस ने उत्तर प्रदेश के लिए अपने स्टार प्रचारकों की लिस्ट जारी कर दी है। इस लिस्ट में 40 नाम शामिल हैं। कांग्रेस की ओर से जारी की गई उत्तर प्रदेश की स्टार प्रचारकों की लिस्ट में मध्य प्रदेश के दिग्विजय सिंह का नाम शामिल किया गया है। जबकि कमलनाथ का नाम इस लिस्ट में नहीं है। कांग्रेस ने उत्तर प्रदेश के लिए स्टार प्रचारकों की लिस्ट में मल्लिकार्जुन खड़गे, सोनिया गांधी, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा, डी.के. शिवकुमार, दिग्विजय सिंह, सचिन पायलट और अन्य नेताओं को शामिल किए हैं।

                                                            APRIL 01, 2024 / 8:51 AM IST

                                                            नमस्कार,

                                                            मनीकंट्रोल हिंदी के Live ब्लॉग में आपका स्वागत है।