Get App

लाइव ब्लॉग

MoneyControl News APRIL 17, 2024 / 6:31 PM IST

Lok Sabha Election 2024 Highlights: पहले चरण के मतदान के लिए चुनाव प्रचार थमा, 19 अप्रैल को होगी वोटिंग

Lok Sabha Election 2024 Highlights: लोकसभा चुनाव के पहले चरण में होने वाले मतदान के लिए प्रचार अभियान का शोर थम गया है। देश के 21 राज्यों और केंद्रीय शासित प्रदेशों में लोकसभा चुनाव का पहला चरण होगा, जिसके तहत 102 सीटों पर मतदान होगा। इन सीटों पर 19 अप्रैल को मतदान होगा और नतीजे 4 जून को घोषित किए जाएंगे। पहले चरण में मतदान के अंतिम 48 घंटे के लिए चुनाव प्रचार गतिविधियां बुधवार (17 अप्रैल) शाम 6 बजे से थम गईं

Lok Sabha Election 2024 Highlights: लोकसभा चुनाव के पहले चरण की तारीख बेहद नजदीक आ गई है। पहले चरण में 19 अप्रैल को मतदान होंगे। इसके लिए दो दिन पहले यानी आज (17 अप्रैल) से चुनाव प्रचार का दौर थम गया है। देश के 21 राज्यों और केंद्रीय शासित प्रदेशों में लोकसभा चुनाव का पहला चरण होगा, जिसके तहत 102 सीटों पर मतदान होगा। इन सीटों पर 19 अप्रैल को मतदान होगा और नतीजे 4 जून को घोषित किए

Lok Sabha Chunav 2024: पहले चरण में सबसे ज्यादा तमिलनाडु की 39 सीटों पर चुनाव होगा।
Lok Sabha Chunav 2024: पहले चरण में सबसे ज्यादा तमिलनाडु की 39 सीटों पर चुनाव होगा।
APRIL 17, 2024 / 6:31 PM IST

Lok Sabha Election 2024 LIVE: पहले चरण के मतदान के लिए चुनाव प्रचार थमा

लोकसभा चुनाव के पहले चरण में होने वाले मतदान के लिए प्रचार अभियान का शोर थम गया है। देश के 21 राज्यों और केंद्रीय शासित प्रदेशों में लोकसभा चुनाव का पहला चरण होगा, जिसके तहत 102 सीटों पर मतदान होगा। इन सीटों पर 19 अप्रैल को मतदान होगा और नतीजे 4 जून को घोषित किए जाएंगे। पहले चरण में मतदान के अंतिम 48 घंटे के लिए चुनाव प्रचार गतिविधियां बुधवार (17 अप्रैल) शाम 6 बजे से थम गईं।

    APRIL 17, 2024 / 5:44 PM IST

    Lok Sabha Election 2024 LIVE: ममता की पार्टी ने जारी किया चुनावी मैनिफेस्टो

    पश्चिम बंगाल में सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस (TMC) ने लोकसभा चुनाव 2024 के लिए बुधवार (17 अप्रैल) को अपना घोषणापत्र जारी कर दिया। मैनिफेस्टो में केंद्र की सत्ता में आने पर कई सामाजिक कल्याणकारी कदमों के साथ ही नागरिकता संशोधन अधिनियम (CAA) को रद्द करने का वादा किया गया है। इसके साथ ही वादा किया गया है कि NRC (राष्ट्रीय नागरिक रजिस्टर) की प्रक्रिया रोक दी जाएगी। इसके अलावा तृणमूल कांग्रेस ने अपने घोषणापत्र में यूनिफॉर्म सिविल कोड (UCC) को लागू नहीं करने का वादा किया है।

    राज्यसभा में तृणमूल के नेता डेरेक ओ ब्रायन ने कोलकाता स्थित पार्टी मुख्यालय में घोषणापत्र जारी करते हुए कहा, "ये वे वादे हैं जिन्हें हम I.N.D.I.A. समूह के हिस्से के तौर पर पूरा करेंगे, जब समूह की अगली सरकार बनेगी।"

      APRIL 17, 2024 / 5:31 PM IST

      Lok Sabha Election 2024 LIVE: 'मोदी सरकार बहुत कम समय में नक्सलियों का सफाया कर देगी'

      केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बुधवार को कहा कि नरेंद्र मोदी सरकार बहुत कम समय में देश से नक्सलियों का पूरी तरह से सफाया कर देगी। छत्तीसगढ़ में सुरक्षा बलों द्वारा 29 माओवादियों को मार गिराने के एक दिन बाद उन्होंने एक बयान में कहा कि केंद्र सरकार आतंकवाद और नक्सलियों के खिलाफ लगातार अभियान चला रही है।

      शाह ने कहा, "मैं दावे के साथ कह सकता हूं कि आने वाले समय में भी नक्सलियों के खिलाफ अभियान जारी रहेंगे और मोदी के नेतृत्व में हम बहुत कम समय में अपने देश से नक्सलवाद का सफाया कर देंगे।"

      गृह मंत्री ने कहा कि तीन महीने पहले छत्तीसगढ़ में भारतीय जनता पार्टी (BJP) की सरकार बनने के बाद से 80 से अधिक नक्सलियों को मारा जा चुका है, 125 से अधिक को गिरफ्तार किया गया है और 150 से अधिक ने आत्मसमर्पण किया है।

        APRIL 17, 2024 / 5:15 PM IST

        Lok Sabha Election 2024 LIVE: लालू प्रसाद ने अपनी बेटी रोहिणी आचार्य के लिए किया प्रचार

        राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के अध्यक्ष लालू प्रसाद बुधवार को अपनी बेटी रोहिणी आचार्य के लिए प्रचार करने सारण के लिए रवाना हुए। प्रसाद के छोटे बेटे और उनके राजनीतिक उत्तराधिकारी माने जाने वाले तेजस्वी यादव ने पत्रकारों से कहा, "सारण उनकी कर्मभूमि रही है। हमेशा से लोगों ने उन्हें आशीर्वाद दिया है। उनकी मांग और चाहत थी कि लालू जी उनके बीच आएं, तो आज वह वहां गए हैं।"

        यह पूछे जाने पर कि RJD सुप्रीमो क्या आगे भी आगे भी चुनाव प्रचार में शामिल होंगे, तेजस्वी यादव ने कहा, "वह उनके नेता हैं। उनके नेतृत्व में बिहार में इंडिया गठबंधन काम कर रहा है, वह (प्रचार) क्यों नहीं करेंगे।"

          APRIL 17, 2024 / 5:00 PM IST

          Lok Sabha Election 2024 LIVE: सत्ता में आने पर NRC-CAA को रद्द कर देंगे: ममता बनर्जी

          पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर पूरे देश को डिटेंशन कैंप बनाने का आरोप लगाते हुए बुधवार को कहा कि अगर विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ सत्ता में आता है तो संशोधित नागरिकता कानून (सीएए) और राष्ट्रीय नागरिक रजिस्टर (एनआरसी) को खत्म कर दिया जाएगा।

            APRIL 17, 2024 / 4:20 PM IST

            Lok Sabha Election 2024 LIVE: अखिलेश का दावा- 'बीजेपी का सफाया होने जा रहा'

            समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने बुधवार को कहा, " मैंने पहले भी कहा है, अब फिर कह रहा हूं कि पश्चिम (पश्चिमी यूपी) से इस बार बीजेपी का सफाया होने जा रहा है। ऐसा इसलिए क्योंकि उन्होंने किसान को धोखा दिया है। उन्होंने कहा था कि किसानों की आय दोगुनी होगी, लेकिन सरकार एमएसपी देने में भी विफल रही... इस बार '400-पार' नहीं बल्कि 400-हार' उनकी होने जा रही है। भाजपा भ्रष्टाचारियों का गोदाम बन गई है, सारे भ्रष्टाचारी अब वहीं हैं... यह सरकार संस्थानों के साथ खेल रही है। अगर संस्थाएं कमजोर होती हैं तो लोकतंत्र भी कमजोर होता है।"

              APRIL 17, 2024 / 3:47 PM IST

              Lok Sabha Election 2024 LIVE: '400 रुपए प्रतिदिन न्यूनतम मजदूरी करेंगे'

              कर्नाटक के मांड्या में एक जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा कि हमारी सरकार दुनिया की पहली सरकार होगी जो अप्रेंटिस का अधिकार अपने युवाओं को देने जा रही है...हिन्दुस्तान में हम 400 रुपए प्रतिदिन न्यूनतम मजदूरी करेंगे...मनरेगा योजना हम गांव के साथ शहरों में भी लागू करेंगे।

                APRIL 17, 2024 / 3:35 PM IST

                Lok Sabha Election 2024 LIVE: प्रियंका का दावा- बीजेपी को मिलेंगी सिर्फ 180 सीटें

                कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने बुधवार को कहा, "...या तो इन्होंने कुछ गड़बड़ पहले से कर रखी है कि इनको पता है कि इन्हें 400 पार मिलने वाले हैं...अगर देश में ऐसा चुनाव हो जिसमें EVM में कोई गड़बड़ न हो तो मैं दावे के साथ कह सकती हूं कि ये 180 से ज्यादा सीटें नहीं ले सकते, उससे भी कम सीटें लेंगे।"

                  APRIL 17, 2024 / 3:05 PM IST

                  Lok sabha Chunav 2024 Live: बीजेपी के डर से वायनाड में कांग्रेस ने नहीं लगाये पार्टी के झंडे: CPI

                  केरल में सत्तारूढ़ मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) ने बुधवार को आरोप लगाया कि कांग्रेस ने वायनाड में लोकसभा चुनाव प्रचार के दौरान भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के डर से अपने और अपने प्रमुख सहयोगी इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (आईयूएमएल) के झंडे नहीं लगाये थे।

                  केरल में मुख्य विपक्षी दल पर निशाना साधते हुए माकपा की राज्य इकाई के सचिव एम.वी. गोविंदन ने कहा कि यद्यपि कांग्रेस दावा कर रही है कि उसकी लड़ाई भाजपा से है, लेकिन उसके दो राष्ट्रीय नेता- राहुल गांधी और केसी वेणुगोपाल, दक्षिणी राज्य से चुनाव मैदान में हैं, जहां भाजपा की कोई भूमिका नहीं है।

                  उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस की हिम्मत नहीं हुई कि वायनाड में रैली और चुनाव प्रचार के दौरान वह अपनी और अपनी सहयोगी आईयूएमएल के झंडे लगा सके, क्योंकि वे भाजपा से डर गये हैं।

                    APRIL 17, 2024 / 2:17 PM IST

                    Lok Sabha Election Live: वर्ष 2014 में आशा, 2019 में विश्वास और 2024 में गारंटी लेकर आए: प्रधानमंत्री मोदी

                    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को कहा कि वह 2014 में लोगों के बीच आशा, 2019 में विश्वास और 2024 में गारंटी लेकर आए। यहां बोरकुडा मैदान में चुनावी रैली को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि अयोध्या में भगवान राम के भव्य मंदिर में सूर्य तिलक समारोह के साथ 500 वर्ष बाद उनका जन्मोत्सव मनाया जा रहा है।

                    इससे पहले पीएम मोदी ने बुधवार को राम नवमी के अवसर पर लोगों को शुभकामनाएं दीं और कहा, "यह पहली रामनवमी है, जब अयोध्या में भव्य और दिव्य राम मंदिर में हमारे राम लला विराजमान हो चुके हैं। राम नवमी के इस उत्सव में आज अयोध्या अप्रतिम आनंद में है।"

                      APRIL 17, 2024 / 1:48 PM IST

                      Ram Lalla Surya Tilak Live: पीएम मोदी ने नंगे पांव देखा रामलला का 'सूर्य तिलक'

                      रामनवमी के अवसर पर बुधवार (17 अप्रैल) को अयोध्या में हुए 'सूर्य तिलक' समारोह (Surya Tilak Ceremony) को प्रधानमंत्री मोदी ने मोबाइल पर लाइव देखा। असम में चुनावी जनसभा के बाद पीएम मोदी ने नंगे पांव सूर्य तिलक को देखकर भावुक हो गए। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट में प्रधानमंत्री ने लिखा, "नलबाड़ी की सभा के बाद मुझे अयोध्या में रामलला के सूर्य तिलक के अद्भुत और अप्रतिम क्षण को देखने का सौभाग्य मिला। श्रीराम जन्मभूमि का ये बहुप्रतीक्षित क्षण हर किसी के लिए परमानंद का क्षण है। ये सूर्य तिलक, विकसित भारत के हर संकल्प को अपनी दिव्य ऊर्जा से इसी तरह प्रकाशित करेगा।"

                        APRIL 17, 2024 / 1:21 PM IST

                        Lok sabha Election 2024 Live: भारत में भगवान राम का विरोध करने वालों का पतन हुआ है: राजनाथ सिंह

                        भारतीय जनता पार्टी (BJP) के वरिष्ठ नेता राजनाथ सिंह ने बुधवार को दावा किया कि भारत में जिसने भी भगवान राम का विरोध किया है उसका पतन हुआ है और यही देश में कांग्रेस और मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के साथ हुआ। सिंह ने आरोप लगाया कि दोनों दल भगवान राम या रामनवमी के महत्व को नहीं समझते। कांग्रेस और माकपा विपक्षी गुट 'इंडियन नेशनल डेमोक्रेटिक इंक्लूसिव अलायंस' (इंडिया) का हिस्सा हैं।

                          APRIL 17, 2024 / 1:00 PM IST

                          Lok sabha Election 2024 Live: BJP सांसद कराडी संगन्ना कांग्रेस में शामिल

                          भारतीय जनता पार्टी (BJP) के सांसद कराडी संगन्ना बुधवार को कांग्रेस में शामिल हो गए। कोप्पल लोकसभा सीट से दो बार के सांसद संगन्ना इस बार टिकट कटने के बाद बीजेपी नेतृत्व से नाराज थे। मुख्यमंत्री सिद्धरमैया और उपमुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार ने संगन्ना का पार्टी में स्वागत किया। शिवकुमार कांग्रेस की राज्य यूनिट के प्रमुख भी हैं।

                            APRIL 17, 2024 / 12:49 PM IST

                            Lok Sabha Election Live: सीएम योगी ने गोरखनाथ मंदिर में कन्याओं को कराया भोजन

                            रामनवमी के अवसर पर यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखनाथ मंदिर में कन्याओं को भोजन कराया। इस दौरान उन्होंने कहा, "मैं नवरात्रि के अवसर पर प्रदेश वासियों को मंगलमय शुभकामनाएं देता हूं। नवमी तिथि श्री राम के जन्मदिन की भी तिथि है। ये तिथि राम नवमी के रूप में विख्यात हो गई...इस बार की नवमी अत्यंत महत्वपूर्ण है। अयोध्या धाम में हर्षोल्लास है उमंग है।"

                              APRIL 17, 2024 / 12:38 PM IST

                              Lok sabha Chunav 2024 Live: शिवकुमार एक भ्रष्ट नेता, उनके प्रमाणपत्र की जरूरत नहीं: केंद्रीय मंत्री

                              कांग्रेस के वरिष्ठ नेता डीके शिवकुमार द्वारा केरल के विकास में राजीव चंद्रशेखर के योगदान को लेकर सवाल उठाए जाने के एक दिन बाद भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के नेता ने बुधवार को पलटवार करते हुए कहा कि उन्हें किसी ऐसे 'भ्रष्ट' नेता के प्रमाणपत्र की जरूरत नहीं है, जो जमानत पर जेल से बाहर है।

                              तिरुवनंतपुरम लोकसभा सीट पर कांग्रेस उम्मीदवार शशि थरूर के खिलाफ चुनाव लड़ रहे चंद्रशेखर ने कहा, "जब से मैंने चुनाव प्रचार शुरू किया है तब से मैं बता रहा हूं कि मैं क्या करूंगा और चुनाव जीतने के बाद उसी पर अमल करूंगा।"

                              उन्होंने कहा कि अगले एक दो दिनों में वह दक्षिणी राज्य के विकास और उसके लिए निवेश लाने पर एक 'विजन' दस्तावेज जारी करेंगे। उन्होंने एक टीवी चैनल से कहा, ''एक बार मैं यहां से सांसद और मंत्री बन गया तो अगले पांच वर्षों के लिए मैं 'विजन' दस्तावेज के क्रियान्वयन पर काम करूंगा।''

                                APRIL 17, 2024 / 12:20 PM IST

                                Lok sabha Election 2024 Live: BJP का गाजियाबाद से गाजीपुर तक सफाया होगा: अखिलेश यादव

                                समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बुधवार को कहा कि इस समय बदलाव की हवा चल रही है। उन्होंने दावा किया कि उत्तर प्रदेश में गाजियाबाद से गाजीपुर तक बीजेपी का सफाया होने जा रहा है। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी के साथ संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने यह भी कहा कि 'एनडीए' (राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन ) को 'पीडीए' (पिछड़ा, दलित अल्पसंख्यक) हराएगा।

                                यादव ने कहा, " उत्तर प्रदेश में गाजियाबाद से लेकर गाजीपुर तक भाजपा का सफाया होने जा रहा है... बदलाव की हवा चल रही है।" उन्होंने दावा किया, "बीजेपी की हर बात झूठी निकली। न किसान की आय दोगुनी हुई, न युवाओं को रोजगार मिला। विकास के वादे भी अधूरे हैं।"

                                  APRIL 17, 2024 / 11:52 AM IST

                                  Lok Sabha Election Live: जो लोग 2014 में आए हैं, वो 2024 में चले जाएंगे – अखिलेश यादव

                                  समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव राहुल गांधी के साथ एक संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि PDA अब एनडीए को हराने जा रही है। जहां तक 'परिवारवाद' की बात है, मैं चाहता हूं कि बीजेपी संकल्प ले कि वे न तो 'परिवार वाले' को टिकट देंगे और न ही 'परिवार वाले' से वोट लेंगे। वे (बीजेपी) भारत गठबंधन का नाम भी ठीक से नहीं ले सकते हैं। जो लोग 2014 में आए थे वे 2024 में चले जाएंगे।

                                    APRIL 17, 2024 / 11:43 AM IST

                                    Lok sabha Election 2024 Live: अमेठी और रायबरेली से चुनाव लड़ने पर राहुल गांधी का जवाब

                                    कांग्रेस नेता राहुल गांधी से जब पूछा गया कि क्या वो अमेठी और रायबरेली से लोकसभा चुनाव लड़ेंगे? इस पर जवाब देते हुए कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा कि ये भाजपा वाला का सवाल है। बहुत अच्छा...मुझे जो भी आदेश मिलेगा, मैं उसका पालन करूंगा। हमारी पार्टी में ये सभी (उम्मीदवारों के चयन) निर्णय CEC की ओर से लिए जाते हैं।

                                      APRIL 17, 2024 / 11:33 AM IST

                                      Lok sabha Chunav 2024 Live: इस बार का विचारधारा का चुनाव है – राहुल गांधी

                                      कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने कहा कि इस बार का चुनाव विचारधारा का चुनाव है। एक तरफ RSS और BJP संविधान और लोकतांत्रिक को खत्म करने की कोशिश कर रही है। वहीं दूसरी ओर INDIA गठबंधन और कांग्रेस पार्टी संविधान और लोकतंत्र को बचाने की कोशिश में जुटी हुई है। चुनाव में 2-3 बड़े मुद्दे हैं। बेरोजगारी सबसे बड़ी है और महंगाई दूसरी सबसे बड़ी है, लेकिन बीजेपी ध्यान भटकाने में लगी हुई है। प्रधानमंत्री इन मुद्दों पर कभी बात नहीं करते हैं।

                                        APRIL 17, 2024 / 11:27 AM IST

                                        Lok Sabha Election Live: राहुल गांधी ने बीजेपी पर लगाए कई आरोप

                                        कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने कहा कि कुछ दिन पहले प्रधानमंत्री ने ANI को एक बहुत लंबा इंटरव्यू दिया। यह स्क्रिप्टेड था, लेकिन यह फ्लॉप शो था। प्रधानमंत्री ने इसमें चुनावी बांड को समझाने की कोशिश की। प्रधानमंत्री कहते हैं कि चुनावी बांड की व्यवस्था पारदर्शिता के लिए, राजनीति को साफ करने के लिए लाया गया। अगर ये सच है तो सुप्रीम कोर्ट ने उस व्यवस्था को क्यों रद्द कर दिया और दूसरी बात अगर आप पारदर्शिता लाना चाहते थे तो आपने भाजपा को पैसा देने वालों के नाम क्यों छुपाए। आपने उन तारीखों को क्यों छुपाया जिस दिन उन्होंने आपको पैसे दिए थे?... यह दुनिया की सबसे बड़ी जबरन वसूली योजना है। भारत के सभी कारोबारी इस बात को समझते और जानते हैं और प्रधानमंत्री चाहे कितनी भी सफाई दे दें। इससे कोई फर्क नहीं पड़ेगा। इसकी वजह ये है कि पूरा देश जानता है कि प्रधानमंत्री भ्रष्टाचार के चैंपियन हैं।

                                          APRIL 17, 2024 / 11:26 AM IST

                                          Lok sabha Election 2024 Live: PM मोदी असम और त्रिपुरा में करेंगे चुनाव प्रचार

                                          देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज असम और त्रिपुरा में चुनाव प्रचार करेंगे। वो असम के बारपेटा लोकसभा क्षेत्र के नलबाड़ी में चुनावी रैली को संबोधित करेंगे। बारपेटा से असम गण परिषद (AGP) के फणी भूषण चौधरी NDA की तरफ से चुनाव लड़ रहे हैं। वहीं त्रिपुरा के अगरतला के स्वामी विवेकानंद मैदान में एक चुनावी सभा करेंगे।

                                            APRIL 17, 2024 / 11:23 AM IST

                                            Lok sabha Chunav 2024 Live: आज शाम 6 बजे थम जाएगा चुनाव प्रचार

                                            लोकसभा चुनाव 2024 के लिए पहले चरण का मतदान 19 अप्रैल को होगा। आज (17 अप्रैल) से पहले चरण के मतदान के लिए चुनाव प्रचार शाम 6 बजे से बंद हो जाएगा। 19 अप्रैल को लोकसभा की 102 सीटों पर मतदान होंगे। इसमें कई राज्यों की सीटें शामिल हैं। लोकसभा चुनाव के नतीजे 4 जून को घोषित किए जाएंगे। 16 मार्च को लोकसभा चुनाव के पूरे शेड्यूल की घोषणा की गई थी।

                                              APRIL 17, 2024 / 11:22 AM IST

                                              नमस्कार

                                              मनीकंट्रोल हिंदी के Live ब्लॉग में आपका स्वागत है।