Lok sabha Chunav 2024 Live: 'कांग्रेस की नजर महिलाओं के मंगलसूत्र पर है'
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और समाजवादी पार्टी (SP) के प्रमुख अखिलेश यादव पर तंज कसते हुए सोमवार को कहा कि जनता ने पिछले चुनाव में सपा और कांग्रेस के परिवारवाद, भ्रष्टाचार और तुष्टिकरण की फैक्टरी पर ऐसा ताला लगाया कि दोनों 'शहजादों' को आज तक इसकी चाबी नहीं मिली है। इस दौरान पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस की नजर अब महिलाओं के मंगलसूत्र पर है। प्रधानमंत्री ने कहा कि कांग्रेस और INDI गठबंधन के एक खतरनाक इरादे से मैं आज देश, अलीगढ़ के लोगों को आगाह कर रहा हूं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और INDI गठबंधन की नजर आपकी कमाई पर है।
न्यूज एजेंसी ANI के मुताबिक पीएम मोदी ने कहा, "कांग्रेस के शहजादे का कहना है कि उनकी सरकार आई तो कौन कितना कमाता है, किसके पास कितनी प्रॉपर्टी है, किसके पास कितना धन है उसकी जांच कराएंगे...हमारी माताओं- बहनों के पास जो सोना है, वह 'स्त्रीधन' है, इसे पवित्र माना जाता है, कानून भी इसकी रक्षा करता है। अब इन लोगों की नजर महिलाओं के 'मंगलसूत्र' पर है। इनका इरादा माताओं-बहनों का सोना चुराने का है... ये माओवादी सोच है, ये वामपंथियों की सोच है। ऐसा करके वे पहले ही कई देशों को बर्बाद कर चुके हैं।"