आज दिन की शुरुआत मजबूती के साथ हुई थी लेकिन सेकेंड हाफ में कमजोर ग्लोबल संकेतों के चलते बाजार में बिकवाली हावी होती नजर आई और अंत में सेसेंक्स-निफ्टी लाल निशान में बंद हुए।
निफ्टी 15800 पर टिके रहने पर कामयाब नहीं रहा और 26 अंक की गिरावट के साथ 15,721 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं सेसेंक्स 53,126 के अपने इंट्राडे हाई से 600 अंक फिसल गया और कारोबार के अंत में 66 अंक की गिरावट के साथ 52,482 के स्तर पर बंद हुआ।
Reuters की एक रिपोर्ट के मुताबिक बाजार में कोरोना महामारी के एक बार फिर बढ़ते आंकड़ो और यूएस जॉब डेटा के आने के पहले यूरोपियन और अमेरिकी बाजारों में अनिश्चितता बढ़ गई है जिसके चलते आज यूएस इंडेक्स फ्यूचर में गिरावट देखने को मिली और तमाम शेयर अपने हाल के हाई से नीचे फिसलते नजर आए।
जियोजित फाइनेशियल सर्विसेस के विनोद नायर का कहना है कि कोरोना का डेल्टा वेरिएंट एशिया के लिए चिंता का विषय बना हुआ है लेकिन घरेलू बाजार को देश में कोरोना के गिरते मामलों से कुछ राहत मिली है जिसके चलते सुबह के सत्र में बाजार का मूड अच्छा दिखा लेकिन दोपहर के बाद ग्लोबल मार्केट के कमजोर संकेतों ने निवेशकों का मूड बिगाड़ दिया और बाजार सपाट बंद हुआ।
उन्होंने आगे कहा कि ग्लोबल मार्केट, जून महीने के यूएस जॉब डेटा पर नजरें टिकाए हुए है जो यूएस फेड के पॉलिसी मेकिंग में अहम भूमिका निभाता है।
कल क्या हो बाजार में निवेश रणनीति
Motilal Oswal Financial Services के चंदन तपड़िया का कहना है कि निफ्टी आज 26 अंक गवां कर अपने निचले स्तर के करीब बंद हुआ। आज के कारोबार में निफ्टी ने डेली स्केल पर एक बियरिश कैंडल बनाया और पिछले 2 कारोबारी सत्रों से लोअर लोज बना रहा है। अगर निफ्टी को 15,850 और 15,900 के जोन में जाना है तो 15700 के ऊपर टिके रहना होगा। नीचे की तरफ इसको 15,600 और 15,500 के जोन में सपोर्ट नजर आ रहा है।
दीनदयाल इन्वेस्टमेंट के मनीष हाथीरमानी का कहना है कि आज हम फिर 15900 के स्तर को पार करने में कामयाब नहीं रहे। यह निफ्टी के लिए बड़ी बाधा बना हुआ है। अगर हम इस बाधा को पार कर लेते हैं तो हम 16000 की तरफ बढ़ते नजर आएंगे। जब तक ऐसा नहीं होता तब तक निफ्टी सुस्त वॉल्यूम के साथ 15400-15900 के बीच फंसा नजर आएगा।
उन्होंने आगे कहा कि नीचे की तरफ निफ्टी को 15400 पर अच्छा सपोर्ट है और जब तक क्लोजिंग बेसिस पर नीचे की तरफ यह स्तर नहीं तुड़ता तब तक बाजार में तेजी की संभावना बनी रहेगी।
LKP securities के S Ranganathan का कहना है कि बाजार ने आज जोश भरी शुरुआत की लेकिन दोपहर होते-होते सारा जोश फुर्र हो गया और बाजार पर मुनाफावसूली हावी हो गई। हालांकि छोटे-मझोले शेयरों में दिग्गजों की तुलना में बेहतर एक्शन देखने को मिला। आज के कारोबार में पेपर शेयरों में अच्छी खरीदारी देखने को मिली। इस सेक्टर के टॉप 3 स्टॉक में जोरदार तेजी रही। पहली तिमाही का आखिरी दिन होने के साथ ही बाजार की नजर कंपनियों के नतीजों पर है।
BNP Paribas के गौरव रत्नपारखी का कहना है कि निफ्टी ने आज शुरुआती कारोबार में 20-DMA से बाउंस बैक की कोशिश की। किंतु अपनी गति बनाए रखने में कामयाब नहीं रहा। कारोबारी दिन के दूसरे सत्र में बाजार पर मुनाफावसूली हावी हो गई। आवर्ली चार्ट से पता चलता है कि निफ्टी अपवर्ड स्लोपिंग चैनल के निचले छोर पर पहुंच गया है जो कि 15700 के स्तर पर स्थित है।
इसके अलावा निफ्टी का 15,673 का स्विंग लो भी करीब है। इस स्थिति में निफ्टी 15700-15,673 के सपोर्ट जोन के करीब ट्रेड कर रहा है। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि क्या बुल क्लोजिंग बेसिस पर इस सपोर्ट को बनाए रख पाते हैं। निफ्टी को ऊपर जाने के लिए 15,800-15,840 के जोन में स्थित नियर टर्म रजिस्टेंस को पार करना होगा।
सोशल मीडिया अपडेट्स के लिए हमें Facebook (https://www.facebook.com/moneycontrolhindi/) और Twitter (https://twitter.com/MoneycontrolH) पर फॉलो करें।
