अमेरिकी इलेक्ट्रिक कार मेकर टेस्ला (Tesla) ऐसी पहली कंपनी बन गई है जिसे जंक रेटिंग दी गई थी और जिसका वैल्यूएशन एक लाख करोड़ डॉलर पर पहुंच गया है। हालांकि, कंपनी पर कर्ज का बोझ है लेकिन इसने सोमवार को एक लाख करोड़ डॉलर के वैल्यूएशन को पार करने की उपलब्धि हासिल की।
इस बारे में कंपनी के प्रमुख एलन मस्क ने ट्विटर पर कहा है कि यह हैरानी की बात है कि वैल्यूएशन कैसे बढ़ गया है।
टेस्ला के शेयरहोल्डर और इनवेस्टमेंट फर्म गर्बर कावासाकी के को-फाउंडर, रॉस गर्बर की ओर से की गई टिप्पणी के जवाब में मस्क ने कहा कि टेस्ला के साथ समस्या डिमांड की नहीं बल्कि प्रोडक्शन को बढ़ाने की है।
एक लाख करोड़ डॉलर का वैल्यूएशन हासिल करने वाली टेस्ला पहली कार मेकर है। इससे पहले एपल, माइक्रोसॉफ्ट, एमेजॉन और अल्फाबेट इस वैल्यूएशन को पार कर चुकी हैं।
हर्ट्स ग्लोबल होल्डिंग्स के टेस्ला की एक लाख यूनिट्स का ऑर्डर देने के बाद कंपनी के स्टॉक में काफी तेजी आई है।
इससे मस्क की व्यक्तिगत संपत्ति भी लगभग 29 अरब डॉलर बढ़कर 281 अरब डॉलर के निकट पहुंच गई।
टेस्ला ने जल्द ही भारत में भी बिजनेस शुरू करने की योजना बनाई है। हालांकि, कंपनी इसके लिए केंद्र सरकार से टैक्स में छूट चाहती है।