Paytm IPO: RPG ग्रुप के चेयरमैन उद्योगपति हर्ष गोयनका (Harsh Goenka) ने एक वीडियो ट्वीट किया है, जिसमें डिजिटल वित्तीय सेवा कंपनी Paytm के फाउंडर और सीईओ विजय शेखर शर्मा (Vijay Shekhar Sharma) खुशी से डांस करते हुए दिख रहे हैं। उनके साथ ऑफिस के कुछ कर्मचारी डांस कर रहे हैं।
दावा किया जा रहा है कि हाल ही में Paytm को SEBI की तरफ से 16,600 करोड़ रुपये के IPO लाने की मंजूरी मिलने के बाद का ये वीडियो है। सोशल मीडिया पर विजय शेखर शर्मा का वीडियो वायरल हो रहा है। वह किशोर कुमार के मशहूर गाना- अपनी तो जैसे तैसे... पर दीवानों की तरह से थिरकते दिख रहे हैं।
डांस के दौरान बीच में एक बार फोन उन्हें डिस्टर्ब करता दिखता है लेकिन अगले ही क्षण वह फोन काटकर फिर झूमने लग जाते हैं। दरअसल, यह वायरल वीडियो तीन साल पुराना है। हालांकि, गोयनका को लगता है कि सेबी की मंजूरी मिलने के बाद शर्मा खुशी से नाच रहे हैं।
पेटीएम को 16,600 करोड़ रुपये के आईपीओ (initial public offer) के लिए बाजार नियामक सेबी से शुक्रवार 22 अक्टूबर को मंजूरी मिल गई। उम्मीद है कि कंपनी इस महीने के अंत तक शेयर बाजार में उतरेगी और वह तेजी से सूचीबद्ध होने के लिए आईपीओ से पहले शेयर बिक्री को छोड़ने की योजना बना रही है।
सूत्र ने पीटीआई को कहा कि कंपनी द्वारा आईपीओ से पहले धन जुटाने की योजना को छोड़ने का फैसला किसी मूल्यांकन के अंतर से संबंधित नहीं है। पेटीएम 1.47-1.78 लाख करोड़ रुपये का मूल्यांकन चाह रही है। अमेरिका स्थित मूल्यांकन विशेषज्ञ अश्वथ दामोदरन ने फर्म के गैर-सूचीबद्ध शेयरों का मूल्यांकन 2,950 रुपये प्रति शेयर किया है।
सोशल मीडिया अपडेट्स के लिए हमें Facebook (https://www.facebook.com/moneycontrolhindi/) और Twitter (https://twitter.com/MoneycontrolH) पर फॉलो करें।
हिंदी में शेयर बाजार, स्टॉक मार्केट न्यूज़, बिजनेस न्यूज़, पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App डाउनलोड करें।