सेंसेक्स 240 अंक ऊपर, निफ्टी 11000 के पार

खुलने के बाद से ही निफ्टी में तेजी देखने को मिली और फिलहाल ये 11000 के पार नजर आ रहा है।

अपडेटेड Feb 06, 2019 पर 9:57 AM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google

आज बाजार के लिए ग्लोबल संकेत अच्छे नजर आ रहे हैं। एसजीएक्स निफ्टी करीब 40 अंक ऊपर कारोबार कर रहा है। वहीं, निक्केई में 0.5 फीसदी की तेजी के साथ कारोबार हो रहा है। मगर चीन, कोरिया, हांगकॉग के बाजार आज भी बंद है। उधर अमेरिकी संसद में ट्रंप के संबोधन से पहले यूएस मार्केट कल बढ़त पर बंद हुए हैं।

इन ग्लोबल संकेतों के बीच सेंसेक्स और निफ्टी की चाल में शानदार तेजी देखने को मिल रही है। खुलने के बाद से ही निफ्टी में तेजी देखने को मिली और फिलहाल ये 11000 के पार नजर आ रहा है। हालांकि आज के कारोबार में मिड और स्मॉलकैप शेयरों में कमजोरी देखने को मिल रही है। बीएसई का मिडकैप इंडेक्स 0.45 की गिरावट के साथ 14375 के स्तर के करीब दिख रहा है। वहीं, स्मॉल कैप इंडेक्स 0.11 फीसदी की कमजोरी के साथ 13645 के आसपास कारोबार कर रहा है। आज के कारोबार में तेल और गैस शेयरों में अच्छी खरीदारी दिख रही है। बीएसई का तेल एंड गैस इंडेक्स 0.72 फीसदी की बढ़त के साथ कारोबार कर रहा है।

आज के कारोबार में प्राइवेट बैंक शेयरों में जोरदार खरीदारी देखने को मिल रही है जिसके चलते बैंक निफ्टी 0.4 फीसदी की बढ़त के साथ 27370 के स्तर के आसपास कारोबार कर रहा है। हालांकि पीएसयू बैंक शेयरों में आज सुस्ती बनी हुई है। निफ्टी का पीएसयू बैंक इंडेक्स लाल निशान में दिख रहा है। आज के कारोबार में ऑटो, एफएमसीजी, आईटी शेयरों से बाजार को अच्छा सपोर्ट मिल रहा है। जबकि फार्मा, मेटल, पीएसयू बैंक और रियल्टी शेयर बाजार पर दबाव बना रहे हैं।

फिलहाल बीएसई का 30 शेयरों वाला प्रमुख इंडेक्स सेंसेक्स 238 अंक यानि 0.65 फीसदी की मजबूती के साथ 36855 के स्तर के करीब कारोबार कर रहा है। वहीं एनएसई का 50 शेयरों वाला प्रमुख इंडेक्स निफ्टी 68 अंक यानि 0.62 फीसदी की बढ़त के साथ 11000 के पार कारोबार कर रहा है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।