डिस्काउंट ब्रोकिंग फर्म Zerodha के को-फाउंडर और CIO, निखिल कामत ने रियल एस्टेट और स्टॉक मार्केट में पिछले 20 वर्षों में इनवेस्टमेंट की तुलना करने वाला दिलचस्प डेटा अपने ट्विटर हैंडल पर शेयर किया है। इससे पता चलता है कि इस अवधि में इन दोनों एसेट क्लास का कैसा प्रदर्शन रहा है।
ग्राफ के तौर पर दिए गए चार्ट में कामत ने एक अन्य ट्विटर हैंडल Oddball को इस रिसर्च का क्रेडिट दिया है।
इसमें वर्ष 2000 से 2020 के अंत तक प्रॉपर्टी की वैल्यू की तुलना स्टॉक मार्केट में इनवेस्टमेंट की वैल्यू से की गई है। कामत ने ट्वीट में लोगों से यह पूर्वानुमान लगाने को कहा है कि ये दोनों एसेट क्लास अगले 20 वर्षों में कैसा प्रदर्शन करेंगी।
रियल एस्टेट में इनवेस्टमेंट को लेकर उन्होंने कहा कि अगर कोई व्यक्ति घर खरीदता है तो उसे लोन की डाउन पेमेंट के साथ ही कई अन्य चार्ज भी देने पड़ते हैं। दूसरी ओर, अगर किसी व्यक्ति ने वही घर किराए पर लिया होता और कैपिटल का इनवेस्टमेंट किया होता तो वह उसी घर को खरीदने के साथ ही पिछले वर्ष के अंत तक लगभग 2.5 करोड़ रुपये का फायदा भी हासिल करता।
Zerodha ने 2010 में अपना बिजनेस शुरू किया था। इसके फाउंडर दो भाई निखिल और नितिन कामत हैं।