Market Last Week: भारतीय शेयर बाजार में पिछले दो हफ्ते से जोरदार उतार-चढ़ाव देखने को मिला। वहीं 22 नवंबर को समाप्त हफ्ते में आखिरी कारोबारी दिन तेजड़ियों ने जोरदार वापसी की। गौतम अदाणी के रिश्वत मामले, ताजा भू-राजनीतिक तनाव और एफआईआई की जारी बिकवाली की आशंकाओं को नजरअंदाज करते हुए भारतीय इंडेक्सेस ने दो सप्ताह की गिरावट का सिलसिला तोड़ दिया। ये लगभग 2 प्रतिशत की बढ़त के साथ बंद हुआ। इस हफ्ते बीएसई सेंसेक्स 1,536.8 अंक या 1.98 प्रतिशत बढ़कर 1,536.8 पर बंद हुआ। जबकि निफ्टी 50 इंडेक्स 374.6 अंक या 1.7 प्रतिशत बढ़कर 23,907.30 पर बंद हुआ।
बीएसई लार्ज-कैप और मिड-कैप इंडेक्स में बढ़त
बीएसई लार्ज-कैप इंडेक्स में 1.7 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई। पावर ग्रिड कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया, महिंद्रा एंड महिंद्रा, वरुण बेवरेजेज, इंटरग्लोब एविएशन, अल्ट्राटेक सीमेंट, डीएलएफ, पावर फाइनेंस कॉरपोरेशन, पॉलीकैब इंडिया के शेयर में तेजी नजर आई। दूसरी ओर अदाणी ग्रीन एनर्जी, अदाणी एनर्जी सॉल्यूशंस, अदाणी एंटरप्राइजेज, अदाणी पावर, अदाणी टोटल गैस, अदाणी पोर्ट्स और स्पेशल इकोनॉमिक जोन 10-29 प्रतिशत तक फिसल गये।
बीएसई मिड-कैप इंडेक्स में 1.6 प्रतिशत की वृद्धि हुई। इसमें शामिल वन 97 कम्युनिकेशंस (पेटीएम), फीनिक्स मिल्स, सुजलॉन एनर्जी, गोदरेज इंडस्ट्रीज, गोदरेज प्रॉपर्टीज के शेयरों में 10-17 प्रतिशत के बीच बढ़त नजर आई। जबकि इंद्रप्रस्थ गैस, अदाणी विल्मर, थर्मैक्स, भारती हेक्साकॉम, गुजरात फ्लोरोकेमिकल्स के बीच 7-23 प्रतिशत तक गिरावट आई।
बीएसई स्मॉल-कैप इंडेक्स 0.4 प्रतिशत बढ़ा। इसके बैंको प्रोडक्ट्स (इंडिया), किरी इंडस्ट्रीज, एवरेस्ट कांटो सिलेंडर, सुप्रिया लाइफसाइंस, जगसनपाल फार्मास्यूटिकल्स, विजया डायग्नोस्टिक सेंटर, नेशनल एल्युमीनियम कंपनी, गरवारे टेक्निकल फाइबर्स, फीनिक्स मिल्स, सम्मान कैपिटल, धानी सर्विसेज पर्ल ग्लोबल इंडस्ट्रीज के शेयरों में 15-34 प्रतिशत की बढ़त आई है। दूसरी ओर जेएसडब्ल्यू होल्डिंग्स, हिंदुजा ग्लोबल सॉल्यूशंस, होंडा इंडिया पावर प्रोडक्ट्स, कोकुयो कैमलिन, सांघवी मूवर्स, बीएएसएफ इंडिया, न्यूजेन सॉफ्टवेयर टेक्नोलॉजीज में 12 प्रतिशत से अधिक की गिरावट आई।
सेक्टोरल इंडेक्सेस की बात करें तो बीएसई रियल्टी इंडेक्स 6 प्रतिशत से अधिक बढ़ा, बीएसई ऑटो, मेटल, कैपिटल गुड्स इंडेक्स 2 प्रतिशत बढ़े। हालाँकि, बीएसई ऑयल एंड गैस इंडेक्स करीब 2 प्रतिशत गिरा।
एचडीएफसी बैंक का मार्केट कैप बढ़ा
एचडीएफसी बैंक ने अपने मार्केट वैल्यू में सबसे अधिक वृद्धि की। इसके बाद टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, महिंद्रा एंड महिंद्रा, पावर ग्रिड कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया का नंबर रहा। दूसरी ओर एनटीपीसी, बजाज फिनसर्व, रिलायंस इंडस्ट्रीज ने अपना अधिकांश मार्केट कैप गंवा दिया।
विदेशी संस्थागत निवेशकों (Foreign Institutional Investors (FIIs) ने 22 नवंबर को समाप्त हफ्ते में अपनी बिकवाली जारी रखी और उन्होंने 11,414.18 करोड़ रुपये की इक्विटी बेची। जबकि घरेलू संस्थागत निवेशकों (Domestic Institutional Investors (DII) ने 11,036.76 करोड़ रुपये की इक्विटी खरीदी। नवंबर महीने में अब तक FIIs ने 40,947.35 करोड़ रुपये की इक्विटी बेची और DII ने 37,559.08 करोड़ रुपये की इक्विटी खरीदी।
इस हफ्ते में, भारतीय रुपया 84.50 के नए रिकॉर्ड निचले स्तर पर पहुंच गया। भारतीय रुपया 14 नवंबर के 84.40 के मुकाबले 22 नवंबर को 5 पैसे गिरकर 84.45 प्रति डॉलर पर बंद हुआ।