ज्योति लैब्स लिमिटेड शेयर बायबैक करने वाली है। इसके लिए पहले कीमत ₹215 प्रति शेयर थी। अब कंपनी ने इसे बढ़ाकर ₹240 प्रति शेयर कर दिया है। साथ ही बायबैक किए जाने वाले शेयरों की अधिकतम संख्या को 68.37 लाख से घटाकर 61.25 लाख कर दिया है। शेयर बायबैक में कंपनी अपने शेयरहोल्डर्स से शेयर वापस खरीदती है। कंपनी की बायबैक कमेटी ने 9 नवंबर को हुई मीटिंग में इन बदलावों को मंजूरी दी।
पुराने प्रस्ताव के तहत, ज्योति लैब्स ने कुल ₹147 करोड़ तक के बायबैक की घोषणा की थी। 9 नवंबर की फाइलिंग में बायबैक की कीमत और शेयरों की अधिकतम संख्या में बदलाव किया गया है, लेकिन बायबैक की कुल संशोधित राशि के बारे में कोई जानकारी नहीं दी गई है।
संशोधित शर्तों के तहत, ज्योति लैब्स ₹1 फेस वैल्यू वाले 61.25 लाख तक फुली पेड-अप इक्विटी शेयरों का बायबैक करेगी। यह संख्या कंपनी की कुल पेड-अप इक्विटी शेयर कैपिटल के 1.67% के बराबर है। यह बायबैक 'टेंडर ऑफर' रूट के जरिए आनुपातिक (proportionate) आधार पर किया जाएगा। इससे पहले, कंपनी ने ₹215 प्रति शेयर के भाव पर 68,37,210 तक इक्विटी शेयरों के बायबैक का प्रस्ताव रखा था।
प्रमोटर्स नहीं लेंगे हिस्सा
ज्योति लैब्स के शेयर बायबैक में प्रमोटर्स और प्रमोटर ग्रुप की एंटिटीज हिस्सा नहीं लेंगी। बायबैक के लिए रिकॉर्ड डेट की घोषणा अभी नहीं की गई है। सितंबर 2026 तिमाही के अंत तक कंपनी में प्रमोटर्स और प्रमोटर ग्रुप एंटिटीज की हिस्सेदारी 62.89% थी। कंपनी का शेयर BSE 500 इंडेक्स का हिस्सा है। ज्योति लैब्स उजाला, हेनको, मार्गो, एक्सो जैसे ब्रांड्स की मालिक है।
कंपनी के शेयर की कीमत वर्तमान में BSE पर 202.95 रुपये है। कंपनी का मार्केट कैप 7400 करोड़ रुपये से ज्यादा है। शेयर 2 सप्ताह में 16 प्रतिशत चढ़ा है। वहीं एक साल में 35 प्रतिशत नीचे आया है।
Jyothy Labs की वित्तीय सेहत
जुलाई-सितंबर 2026 तिमाही के दौरान ज्योति लैबोरेटरीज का शुद्ध मुनाफा सालाना आधार पर 88% गिरकर ₹10.6 करोड़ रह गया। एक साल पहले शुद्ध कंसोलिडेटेड मुनाफा ₹87.76 करोड़ था। ऑपरेशंस से रेवेन्यू 3.25% बढ़कर ₹760.04 करोड़ रहा। EBITDA (ब्याज, टैक्स, डेप्रिसिएशन और अमॉर्टाइजेशन से पहले की कमाई) 83.9% गिरकर ₹19.2 करोड़ रही। EBITDA मार्जिन सितंबर 2025 तिमाही के 16% से घटकर 2.5% पर आ गया। सितंबर 2026 तिमाही में ज्योति लैब्स के कुल खर्च ₹759.29 करोड़ के रहे, जो एक साल पहले के मुकाबले 19.7% ज्यादा थे।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।