Adani Enterprises Q4 Results: अदाणी समूह की फ्लैगशिप कंपनी अदाणी एंटरप्राइजेज ने 30 अप्रैल को मार्च तिमाही के नतीजों का ऐलान किया। कंपनी को इस दौरान 220.7 करोड़ रुपये का कंसॉलिडेटेड लॉस हुआ है। एक साल पहले की समान अवधि में कंपनी को 3,845 करोड़ रुपये का प्रॉफिट हुआ था। कंपनी ने शेयर बाजार बंद होने के बाद नतीजों का ऐलान किया।
एक साल पहले की मार्च तिमाही में एकसेप्शनल गेन
Adani Enterprises को मार्च तिमाही में लॉस होने की वजह यह है कि कंपनी को एक साल पहले की समान अवधि में 3,945.7 करोड़ रुपये की एक्सेप्शनल गेन हुआ था। कंपनी ने AWL Agri Business (पहले नाम अदाणी विल्मर) में अपनी हिस्सेदारी बेची थी, जिससे उसे ये पैसे मिले थे।
तेजी से बढ़ते खर्च का कंपनी के रेवेन्यू पर असर
कंपनी पर तेजी से बढ़ते खर्च का भी असर पड़ा। कंपनी का खर्च रेवेन्यू के मुकाबले ज्यादा रहा। खर्च 23.5 फीसदी बढ़कर 32,458.3 करोड़ रुपये रहा, जिसका असर कंपनी के प्रॉफिट पर पड़ा। हालांकि, कंपनी का ऑपरेटिंग परफॉर्मेंस अपेक्षाकृत स्थिर रहा। EBITDA साल दर साल आधार पर 3 फीसदी बढ़कर 4,479 करोड़ रुपये रहा। मार्च तिमाही में कंपनी की टोटल इनकम 20 फीसदी बढ़कर 33,187 करोड़ रुपये रही।
4 मई को बाजार खुलने पर शेयरों पर दिखेगा असर
अदाणी एंटरप्राइजेज का शेयर 30 अप्रैल को 0.63 फीसदी गिरकर 2,410.50 रुपये पर बंद हुआ। बीते एक महीने में यह शेयर करीब 31 फीसदी चढ़ा है। कंपनी के शेयर पर नतीजों का असर 4 मई को शेयर बाजार खुलने पर दिखेगा। 1 मई को शेयर बाजार में छुट्टी है। बीएसई और एनएसई महाराष्ट्र दिवस के मौके पर 1 मई यानी शुक्रवार को बंद रहेंगे।
30 अप्रैल को शेयर बाजार में बड़ी गिरावट
30 अप्रैल को शेयर बाजार में काफी उतार-चढ़ाव दिखा। सुबह में बाजार कमजोर खुले। फिर बाजार के प्रमुख सूचकांकों निफ्टी और सेंसेक्स में गिरावट बढ़ गई। सेंसेक्स एक समय 1200 अंक तक गिर गया था। लेकिन, बाजार बंद होने से कुछ घंटे पहले अच्छी रिकवरी आई। निफ्टी 0.74 फीसदी यानी 180 अंक गिरकर 23,997 पर बंद हुआ। सेंसेक्स 0.75 फीसदी यानी 582 अंक गिरकर 76,913 पर क्लोज हुआ।
डिसक्लेमर: मनीकंट्रोल पर एक्सपर्ट्स की तरफ से व्यक्त विचार उनके अपने विचार होते हैं। ये वेबसाइट या इसके मैनेजमेंट के विचार नहीं होते। मनीकंट्रोल की यूजर्स को सलाह है कि उन्हें निवेश का फैसला लेने से पहले सर्टिफायड एक्सपर्ट्स की राय लेनी चाहिए।