अदाणी ग्रुप करीब 23,500 करोड़ रुपये (2.5 अरब डॉलर) का कर्ज जुटा रहा है। समूह इसके लिए दुनिया के कई बड़े बैंकों से बातचीत कर रहा है। दरअसल, अदाणी ग्रुप ने अंबुजा सीमेंट्स और एसीसी के अधिग्रहण के लिए बड़ा कर्ज लिया था। अब वह कर्ज को चुकाने के लिए दुनिया के बड़े बैंकों से पैसे जुटा रहा है।
अदाणी समूह को कर्ज देने वालों में दुनिया के कई बड़े बैंक शामिल
अदाणी समूह को यह संभावित कर्ज देने वालों में MUFG, Barclays Bank और Sumitomo Mitsui Banking Corporation (SMBC) सहित कई बड़े अंतरराष्ट्रीय बैंक शामिल हैं। मामले से जुड़े सूत्रों ने Moneycontrol को यह जानकारी दी है। अदाणी ग्रुप ने 2022 में सीमेंट कारोबार में एंट्री की थी। इसके लिए उसने अंबुजा सीमेंट्स और एसीसी का अधिग्रहण किया था।
अदाणी समूह ने सीमेंट बिजनेस में एंट्री के लिए 3.2 अरब डॉलर जुटाए थे
Moneycontrol ने इस साल मार्च में सबसे पहले खबर दी थी कि अदाणी ग्रुप ने Ambuja Cements के अधिग्रहण से जुड़े कर्ज को रीफाइनेंस करने के लिए बैंकों के साथ बातचीत शुरू की है। अदाणी समूह ने सीमेंट कारोबार में एंट्री के लिए अपनी इकाई Endeavour Trade and Investment Ltd के जरिए 10 अंतरराष्ट्रीय बैंकों से 3.5 अरब डॉलर जुटाए थे। समूह को यह पैसा अधिकतम तीन साल में चुकाना था।
इन बैंकों ने 2023 में अदाणी समूह को दिए थे 3.5 अरब डॉलर का कर्ज
2023 में अदाणी समूह को कर्ज देने वालों में MUFG, Barclays और SMBC के अलावा DBS Bank, First Abu Dhabi Bank, Mizuho Bank, BNP Paribas, Deutsche Bank, ING Bank और Standard Chartered शामिल थे।
लोन फैसिलिटी का एक हिस्सा भारतीय बैंकों को बेचा जा सकता है
सूत्रों के मुताबिक, प्रस्तावित लोन सुविधा का एक हिस्सा बाद में भारतीय बैंकों को भी बेचा जा सकता है। यह घटनाक्रम इसलिए अहम है क्योंकि भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने फरवरी 2026 में अधिग्रहण के लिए फाइनेंसिंग से जुड़े नए फ्रेमवर्क के तहत घरेलू बैंकों को इस तरह के अधिग्रहण के लिए कर्ज देने की अनुमति दी है। इससे बड़े कॉरपोरेट अधिग्रहणों की फाइनेंसिंग में भारतीय बैंकों की भागीदारी बढ़ने का रास्ता खुल सकता है।
2022 में Holcim से खरीदी थी Ambuja और ACC में हिस्सेदारी
अदाणी समूह ने सितंबर 2022 में Endeavour के जरिए Holcim की Ambuja Cements और ACC का अधिग्रहण पूरा किया था। यह सौदा ग्रुप की सीमेंट कारोबार में एंट्री का आधार बना था। अब कर्ज को रीफाइनेंस करने की यह कोशिश ऐसे समय हो रही है, जब अदाणी ग्रुप और उसके वरिष्ठ अधिकारियों से जुड़े अकुछ अहम कानूनी मामलों का अमेरिका में समाधान हो गया है।