Adani Group News: स्टॉक एक्सचेंज के आंकड़ों के मुताबिक, कतर इनवेस्टमेंट अथॉरिटी (QIA) ने सोमवार 8 अगस्त को को एक ब्लॉक डील के जरिए अदाणी ग्रीन एनर्जी (Adani Green Energy) में 2.7 फीसदी हिस्सेदारी खरीदी है। यह सौदा करीब 3920 करोड़ रुपये (47.4 करोड़ डॉलर) में पड़ा। इस खरीदारी का खुलासा बीएसई पर मौजूद बल्क डील के आंकड़ों से हुआ। कतर इनवेस्टमेंट अथॉरिटी ने यह खरीदारी अपनी एक इकाई आईएनक्यू होल्डिंग के जरिए की है। कतर के सोवरेन फंड QIA की इकाई INQ Holding ने अदाणी ग्रीन के 4.26 करोड़ से अधिक शेयर 920 रुपये के भाव में खरीदे हैं। अदाणी ग्रीन की फाउंडर ग्रुप कंपनी इनफिनिट ट्रेड एंड इनवेस्टमेंट ने सोमवार को 4.49 करोड़ शेयर बेचे थे।
QIA ने किस स्ट्रैटेजी के तहत खरीदी हिस्सेदारी
कतर की सॉवरेन फंड QIA ने अदाणी ग्रीन में भारत में अपना एक्सपोजर बढ़ाने की योजना के अनुसार खरीदी है। SWF Institute के आंकड़ों के मुताबिक क्यूआईए दुनिया का दसवां सबसे बड़ा सोवरेन वेल्थ फंड है।
कतर इनवेस्टमेंट अथॉरिटी की यह बल्क खरीदारी अदाणी ग्रुप के लिए काफी अहम है क्योंकि इससे ग्रुप की कंपनियों को लेकर भरोसेमंद माहौल तैयार होगा। जनवरी में अमेरिकी शॉर्ट सेलर हिंडनबर्ग की रिपोर्ट में इस पर स्टॉक मैनिपुलेशन और अकाउंटिंग फ्रॉड का आरोप लगा था। अदाणी ग्रुप ने इन आरोपों से इनकार किया था लेकिन शेयर इस झटके को संभाल नहीं सके और फर्श पर लोट गए। ग्रुप की कोशिशों के तहत धीरे-धीरे इसमें रिकवरी शुरू हुई। क्यूआईए का निवेश इसके पटरी पर लौटने का एक संकेत है।
अदाणी ग्रीन ने पिछले महीने कारोबारी विस्तार के लिए 12300 करोड़ रुपये (150 करोड़ डॉलर) जुटाने की योजना बनाई थी। न्यूज एजेंसी ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के मुताबिक क्वालिफाईड इंस्टीट्यूशनल प्लेसमेंट (QIP) के जरिए कंपनी अधिक से अधिक इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स को बोर्ड में लाना चाहती है। ब्लूमबर्ग के कंपाइल किए हुए डेटा के मुताबिक कंपनी की ग्रोथ पर फिलहाल सिर्फ दो एनालिस्ट्स की नजर है।