Adani Group Shares: अदाणी ग्रुप के शेयरों में पिछले कुछ दिनों से जारी गिरावट का सिलसिला आज यानी गुरुवार 20 अप्रैल को थम गया। अरबपति उद्योगपति गौतम अदाणी (Gautam Adani) की अगुवाई ग्रुप की शेयर बाजार में सूचीबद्ध कुल 10 में से 6 कंपनियों के शेयर आज हरे निशान में बंद हुए। सबसे अधिक तेजी अदाणी पावर (Adani Power) के शेयरों में देखने को मिली, जो अपनी अपर सर्किट सीमा को छूकर बंद हुआ। कारोबार के अंत में अदाणी पावर के शेयर एनएसई पर 4.99 फीसदी की तेजी के साथ 196.65 रुपये के भाव पर बंद हुए।
ग्रुप के बाकी शेयरों में अदाणी पोर्ट्स (Adani Ports) का शेयर आज एनएसई पर 1.46% बढ़कर बंद हुआ। वहीं अदाणी विल्मर (Adani Wilmer) के शेयरों में 0.67% की तेजी रही। इसके अलावा अदाणी ग्रीन एनर्जी (Adani Green Energy) के शेयर 0.13% की बढ़त के साथ बंद हुए। एनडीटीवी (NDTV) का शेयर 0.22% की तेजी के साथ बंद हुआ। जबकि अंबुजा सीमेंट्स (Ambuja Cements) के शेयरों में 0.01 फीसदी की मामूली तेजी देखी गई।
वहीं अदाणी ग्रुप के जिन 4 शेयरों में आज गिरावट दर्ज की गई, उसमें अदाणी एंटरप्राइजेज (Adani Enterprises), एसीसी (ACC), अदाणी टोटल गैस (Adani Total Gas) और अदाणी ट्रांसमिशन (Adani Transmission) शामिल हैं।
ग्रुप की सबसे प्रमुख कंपनी अदाणी एंटरप्राइजेज 0.42% गिरकर बंद हुआ। जबकि एसीसी का शेयर 0.82 फीसदी टूटकर बंद हुआ। अदाणी टोटल गैस के शेयरों में 0.29 फीसदी की गिरावट रही। जबकि अदाणी ट्रांसमिशन का शेयर 0.36 फीसदी लुढ़ककर बंद हुआ।
अदाणी ग्रुप के शेयरों में यह तेजी ऐसे समय में आई है, जब यह खबर आई कि ग्रुप की कंपनी अदाणी पोर्ट्स अपनी डेट सिक्योरिटीज को बायबैक कर सकती है। अदाणी पोर्ट्स ने बताया कि 22 अप्रैल को होने वाली बैठक में कंपनी अपने डेट सिक्योरिटीज के कुछ हिस्से को वापस लेने पर विचार कर सकती है।
हिंडनबर्ग के झटके से अभी नहीं उबरा पाया ग्रुप
अमेरिकी शॉर्ट सेलर हिंडनबर्ग रिसर्च (Hindenburg Research) ने 24 जनवरी को अदाणी ग्रुप की कंपनियों पर स्टॉक मैनिपुलेशन और अकाउंटिंग फ्रॉड का आरोप लगाते हुए एक रिपोर्ट जारी की था। इस रिपोर्ट के चलते अदाणी ग्रुप की कंपनियों को जो झटका लगा, उससे अब तक ये पूरी तरह उबर नहीं सकी हैं। इसके शेयर अभी तक पुराने लेवल पर नहीं पहुंच पाए हैं। हालांकि अदाणी ग्रुप ने हिंडनबर्ग के सभी आरोपों से इनकार किया है।