Adani Wilmar Share Price: अडानी विल्मर साल 2022 के उन शेयरों में शामिल हो गया है, जिन्होंने अपने निवेशकों को दोगुने या 100% से अधिक का रिटर्न दिया है। ऐसे शेयरों को मल्टीबैगर शेयर (Multibagger stock) कहते हैं। अडानी ग्रुप का यह शेयर इस साल अभी तक 125% चढ़ चुका है और अभी भी थमने का नहीं ले रहा है। बुधवार को अडानी विल्मर के शेयरों में लगातार 5वें दिन 5 फीसदी का अपर सर्किट लगा।
Adani Wilmar के शेयर बुधवार को खुलते ही करीब 29 रुपये ऊपर चढ़ कर 608.90 रुपये के अपने नए उच्चतम स्तर पर पहुंच गए और 5 फीसदी के अपर सर्किट में लॉक हो गए। पिछले 5 दिनों में इसके शेयरों की कीमत 22.07 फीसदी बढ़ी है, जबकि बीते एक महीने में इसमें 78.67% फीसदी का उछाल आ चुका है।
स्टॉक मार्केट के जानकारों की मानें तो, कमोडिटी की बढ़ती कीमतों, खासतौर से पॉम ऑयल की कीमतों में बढ़ोतरी, भू-राजनीतिक तनाव और श्रीलंका संकट ने निवेशकों को शॉर्ट-टर्म के लिए इस शेयर पर काफी बुलिश बना दिया है। उन्होंने कहा कि RM बीज की उपज की इस साल भी कम रहने वाली है, जिससे कंपनी को अपने मौजूदा बफर स्टॉक से मार्जिन लाभ को भुनाने में मदद मिलेगी। उन्होंने आगे कहा कि हालिया भू-राजनीतिक तनाव और श्रीलंका संकट कंपनी ने व्यापार के नए अवसर पैदा कर सकते हैं।
GCL Securities के रवि सिंघल ने बताया, "यूक्रेन पर रूस के आक्रमण के चलते एडिबल ऑयल की सप्लाई बुरी तरह चरमरा गई है और बाजार उम्मीद कर रहा है कि अडानी विल्मर इस सप्लाई में आई कमी को दूर कर सकता है। यूरोपीय देशों में सप्लाई की किल्लत के चलते एडिबल ऑयल के दाम काफी बढ़ गए हैं।"
उन्होंने कहा, "इसके अलावा श्रीलंका का संकट भी सामने है। भारत सरकार ने मदद के लिए श्रीलंका को एडिबल्स ऑयल भेजना शुरू भी कर दिया है। ऐसी स्थितियों में, अडानी ग्रुप की इस कंपनी को भारत के बाहर बिजनेस के बड़े मौके मिलने की उम्मीद है। इसके अलावा, पाम ऑयल और अन्य कमोडिटी की कीमतें बढ़ रही हैं और कच्चे माल की बढ़ती कीमतों का मुकाबला करने के लिए कंपनी के पास अच्छा बफर स्टॉक है। यह आगामी तिमाही के नतीजों में कंपनी के EBITDA को बेहतर बनाने में मदद कर सकता है।"
Share India Securities के रवि सिंह का कहना है कि अडानी विल्मर के शेयरों को इसके फंडामेंटल से मजबूत सपोर्ट मिल रहा है। इसके साथ ही मौजूदा लेवल पर इसका टेक्निकल चार्ट पैटर्न भी काफी अच्छा नजर आ रहा है। कंपनी ने हाल ही में फूड बिजनेस में कदम रखने का फैसला लिया है। इसके अलावा यह देश के कई राज्यों में रीजनल राइस ब्रांडों और प्रोसेसिंग यूनिटों के अधिग्रहण के तलाश में है जिससे इस शेयर को और सपोर्ट मिल रहा है।
Adani Wilmar के शेयर इसी साल फरवरी में शेयर बाजार में लिस्ट हुए थे और तब से इसने करीब 125% का मल्टीबैगर रिटर्न दिया है। Adani Wilmar का आईपीओ ₹218- ₹230 प्रति इक्विटी शेयर पर आया था और आज इसके शेयरों की कीमत 600 रुपये के पार पहुंच गई है। Adani Wilmar, अडानी ग्रुप और सिंगापुर के विल्मर ग्रुप (Wilmar Group) के बीच एक ज्वाइंट वेंचर है।