देश की दूसरी सबसे बड़ी कॉमर्शियल वेईकल कंपनी अशोक लीलैंड (Ashok Leyland) हालिया वर्षों में अपनी सबसे बड़ी खरीदारी करने वाली है। मनीकंट्रोल को सूत्रों के हवाले से जो जानकारी मिली है, उसके मुताबिक अशोक लीलैंड की योजना एसएमएल आईसुजू (SML Isuzu) में मेजॉरिटी हिस्सेदारी खरीदने की है। सूत्रों के मुताबिक इसे लेकर अशोक लीलैंड और जापानी की सुमिटोमो कॉरपोरेशन और आईसुजू के बातचीत काफी आगे बढ़ चुकी है। अभी की बात करें तो आईसुजू की भारतीय इकाई में प्रमोटर के तौर पर सुमिटोमो की हिस्सेदारी करीब 44 फीसदी है और आईसुजू की खुद की हिस्सेदारी 15 फीसदी है।
बता दें कि कुछ समय पहले ऐसी जानकारी सामने आई थी कि हल्के और मीडियम साइज के कमर्शियल व्हीकल बनाने वाली एसएमएल इसुजु को खरीदने के लिए महिंद्रा एंड महिंद्रा बातचीत कर रही है। एक रिपोर्ट के मुताबिक महिंद्रा एंड महिंद्रा इस कंपनी में प्रमोटरों की पूरी हिस्सेदारी को खरीदने के लिए बातचीत कर रही है।
Ashok Leyland की आज निवेशकों के साथ कॉन्फ्रेंस कॉल
मंगलवार 25 मार्च को अशोक लीलैंड ने एक्सचेंज फाइलिंग में जानकारी दी थी कि अगले दिन यानी 26 मार्च को निवेशकों के साथ एक कॉन्फ्रेंस कॉल आयोजित की गई है। कंपनी ने यह जानकारी मंगलवार को इक्विटी मार्केट में कारोबार बंद होने के बाद दी। कंपनी ने इसे शॉर्ट नोटिस पर बुलाई गई बोर्ड की बैठक के कॉरपोरेट अपडेट्स के तौर पर जानकारी दी है। यह कॉल आज शाम इक्विटी मार्केट का कारोबार बंद होने के बाद शाम 05:15 बजे होगी।
किस भाव पर SML Isuzu की हो सकती है खरीदारी?
एसएमएल आईसुजू के शेयर एक कारोबारी दिन पहले यानी 25 मार्च को बीएसई पर 6.82 फीसदी की गिरावट के साथ 1608.70 रुपये के भाव पर बंद हुए थे। सुमिटोमो और आईसुजू की हिस्सेदारी कुल मिलाकर करीब 1,350 करोड़ रुपये की है। सूत्रों के मुताबिक अशोक लीलैंड इसके शेयरों को पिछले तीन महीने के औसत भाव से करीब 10-15 फीसदी प्रीमियम पर खरीद सकती है। पिछले साल 23 मई 2024 को इसके शेयर 2,406.00 रुपये के एक साल के रिकॉर्ड हाई पर और पिछले महीने 28 फरवरी 2025 को एक साल के रिकॉर्ड निचले स्तर 1,030.90 रुपये पर थे।