1% प्राइस हाइक पर 1% उछल पड़ा शेयर, Maruti के बाद अब Hyundai की भी कारें होंगी महंगी

Hyundai Motor Price Hike: मारुति सुजुकी (Maruti Suzuki) के बाद हुंडई मोटर इंडिया ने भी अपनी कारों के दाम बढ़ाने का ऐलान कर दिया। हुंडई की कारें 1 सितंबर से 1% तक महंगी होगी और इस ऐलान का आज शेयरों पर भी पॉजिटिव असर दिखा। डिटेल्स में पढ़ें

अपडेटेड Aug 20, 2026 पर 10:18 AM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
जून 2026 तिमाही में Hyundai Motor India का कंसालिडेटेड लेवल पर शुद्ध मुनाफा सालाना आधार पर ₹1,369.2 करोड़ से घटकर ₹888.6 करोड़ पर आ गया तो इस दौरान ऑपरेशंस से भी कंपनी का रेवेन्यू 0.5% घटकर ₹16,334.6 करोड़ पर आ गया।

Hyundai Motor Price Hike: दक्षिण कोरिया की दिग्गज कार कंपनी की भारतीय इकाई हुंडई मोटर इंडिया की कारें महंगी होने वाली हैं। कंपनी ने एक्सचेंज फाइलिंग में इसकी जानकारी दी। 19 अगस्त को इक्विटी मार्केट का कारोबार बंद होने के बाद कंपनी ने बताया कि 1 सितंबर, 2026 से इसकी सभी कारों के दाम 1% तक बढ़ाए जाएंगे। किस कार के दाम कितना बढ़ेंगे, यह मॉडल और वैरिएंट पर निर्भर करेगा। इस ऐलान से पहले कंपनी के शेयर कमजोर मार्केट सेंटिमेंट में बीएसई प 0.34% की गिरावट के साथ ₹2178.00 पर बंद हुए थे। प्राइस हाइक के बाद आज मार्केट की रौनक में यह चमक गया और फिलहाल 1.04% की बढ़त के साथ ₹2200.60 (Hyundai Motor Share Price) पर है। इंट्रा-डे में यह 1.24% चढ़कर ₹2,205.00 तक पहुंचा था।

Maruti Suzuki के बाद Hyundai Motor India ने दिया शॉक

हुंडई मोटर इंडिया ने 1 सितंबर से अपनी सभी कारों के दाम 1% तक बढ़ाने का ऐलान कर दिया। कंपनी का कहना है कि इनपुट और कमोडिटी की बढ़ती लागत और अधिक ऑपरेशनल खर्च के साथ-साथ लगातार जियोपॉलिटिकल और मैक्रो-इकनॉमिक अनिश्चितताओं के बने रहने के चलते ऐसा करना जरूरी हो गया। कंपनी का कहना है कि वह लागत को कम करने और बढ़ी हुई लागत का बोझ खुद उठाने की कोशिश कर रही है ताकि ग्राहकों पर इसका असर कम से कम हो लेकिन लागत का दबाव लगातार बना हुआ है, इसलिए बढ़ी हुई लागत का कुछ हिस्सा कीमतों में हल्की बढ़ोतरी के ज़रिए ग्राहकों पर डालना जरूरी हो गया है।


इससे एक ही दिन पहले कार बनाने वाली देश की सबसे बड़ी कंपनी मारुति सुज़ुकी ने अपनी एरेना (Arena) और नेक्सा (Nexa) लाइनअप की कीमतें बढ़ाने का ऐलान किया था। यह इस साल कीमतों में दूसरी बढ़ोतरी है, इससे पहले जून में भी कीमतें बढ़ाई गई थीं। मारुति की कारें अलग-अलग मॉडल और वैरिएंट के हिसाब से ₹2,500 से ₹30,000 तक महंगी हो रही है।

हुंडई मोटर इंडिया के लिए कैसी रही जून तिमाही

चालू वित्त वर्ष 2027 की पहली तिमाही में हुंडई मोटर इंडिया को तगड़ा झटका लगा। कंसालिडेटेड लेवल पर इसका शुद्ध मुनाफा सालाना आधार पर ₹1,369.2 करोड़ से घटकर ₹888.6 करोड़ पर आ गया तो इस दौरान ऑपरेशंस से भी कंपनी का रेवेन्यू 0.5% घटकर ₹16,334.6 करोड़ पर आ गया। ऑपरेटिंग लेवल पर भी कंपनी को झटका लगा और इसका ईबीआईटीडीए 31% गिरकर ₹1,511 करोड़ और ईबीआईटीडीए मार्जिन भी 13.3% से 9.3% पर आ गया। इस दौरान कंपनी का खर्च 4.2% बढ़कर ₹15,407.4 करोड़ पर पहुंच गया जिसने कंपनी के मुनाफे को झटका दिया।

Credent IPO Listing: लिस्ट होते ही अपर सर्किट, ₹189 का शेयर डबल

डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।