Allbirds Stock Price: एक दिन में 582% उछाल, इस खबर से शेयर बना रॉकेट

Allbirds Stock Price: 15 अप्रैल को एक समय ऑलबर्ड्स का शेयर 875 फीसदी तक चढ़ गया था। लेकिन, बाद इसने कुछ बढ़त गंवा दी। कारोबार के अंत में यह 582 फीसदी चढ़कर बंद हुआ। शेयरों की कीमतों में अचानक उछाल से कंपनी की वैल्यूएशन करीब 15 करोड़ डॉलर तक पहुंच गई

अपडेटेड Apr 16, 2026 पर 2:30 PM
Story continues below Advertisement
ऑलबर्ड्स शेयर बाजार में 2021 में लिस्ट हुई थी।

Allbirds Stock Price: ऑलबर्ड्स का शेयर एक दिन में 582 फीसदी उछल गया। इसकी वजह इस अमेरिकी कंपनी का नया बिजनेस प्लान है। यह कंपनी वूल स्नीकर्स बनाती है। एक समय इसकी वैल्यूएशन 4 अरब डॉलर से ज्यादा थी। कंपनी अपना बिजनेस बंद करने का एलान कर चुकी है। इसके एआई कंप्यूटिंग इंफ्रास्ट्रक्चर में एंट्री का ऐलान करते ही शेयरों को पंख लग गए।

कंपनी ने अपना नाम बदलने का ऐलान किया है

15 अप्रैल को एक समय यह शेयर 875 फीसदी तक चढ़ गया था। लेकिन, बाद में इसने कुछ बढ़त गंवा दी। कारोबार के अंत में यह 582 फीसदी चढ़कर बंद हुआ। बिजनेस रीस्ट्रक्चरिंग प्लान के तहत कंपनी ने अपने फुटवियर और ब्रांड एसेट्स बेचने का ऐलान किया है। यह अपना नाम बदलकर 'Newbird AI' करेगी। इसका हाई पर्फॉर्मेंस जीपीयू एसेट्स के अधिग्रहण के लिए 5 करोड़ डॉलर की फाइनेंसिंग फैसिलिटी का इस्तेमाल करने का प्लान है।


आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस थीम में निवेशकों की दिलचस्पी

एआई सेगमेंट में एंट्री के ऐलान से शेयरों में आई तेजी से यह संकेत मिलता है कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस थीम में निवेशकों की दिलचस्पी बनी हुई है। कंपनी लंबी अवधि में खुद को फुली इंटिग्रेटेड जीपीयू-एस-ए-सर्विस (GPUaaS) और AI-नेटिव क्लाउड सॉल्यूशंस प्रोवाइडर के रूप में पेश करेगी। इंडिपेंडेंट रिटेल कंसल्टेंट ब्रूश विंडर ने रायटर्स से कहा, "ऐसा लगता है कि यह एआई मूवमेंट का फायदा उठाने की कोशिश है। मुझे नहीं पता ऑलबर्ड्स नाम बदलने के अलावा कुछ खास ऑफर कर पाएगी।"

2021 में शेयर बाजार में लिस्ट हुई थी कंपनी

ऑलबर्ड्स शेयर बाजार में 2021 में लिस्ट हुई थी। उसके बाद से इसके शेयरों में लगातार गिरावट आई। 14 अप्रैल को इसका मार्केट कैपिटलाइजेशन गिरकर करीब 2.2 करोड़ डॉलर रह गया था। पिछले कुछ महीनों में इसने अपने स्टोर्स बंद किए हैं। इसकी वजह इसके प्रोडक्ट्स की कमजोर डिमांड है। उसके बाद कंपनी ने ऑफलाइन की जगह ऑनलाइन पार्टनरशिप का इस्तेमाल किया। पिछले महीने इसने कहा कि इसने अपने ब्रांड और फुटवियर एसेट्स अमेरिकन एक्सचेंज ग्रुप को 3.9 करोड़ डॉलर में बेच दिए हैं।

यह भी पढ़ें: Share Markets: उतार-चढ़ाव के बीच इन शेयरों में बनेगा पैसा, जानिए एक्सपर्ट्स की टॉप पिक्स

शेयर में उछाल से वैल्यूएशन 15 करोड़ डॉलर पहुंची

15 अप्रैल को ऑलबर्ड्स के शेयरों में आई अप्रत्याशित उछाल से इसकी वैल्यूएशन करीब 15 करोड़ डॉलर तक पहुंच गई। 15 अप्रैल को अमेरिकी शेयर बाजार में मिलाजुला रुख देखने को मिला। नैस्डेक और एसएंडपी 500 में अच्छी तेजी आई, जबकि डाओ जोंस में गिरावट आई। 13 अप्रैल और 14 अप्रैल को अमेरिकी बाजार में अच्छी तेजी आई थी। इसकी वजह ईरान के साथ समझौते के लिए बातचीत फिर से शुरू होने की उम्मीद थी।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।