बैंक ऑफ अमेरिका सिक्योरिटीज में इंडिया रिसर्च के हेड अमीश शाह ने शेयर बाजार को लेकर सावधानी बरतने की सलाह दी है। उनका कहना है कि 2025 में निफ्टी का रिटर्न सिंगल डिजिट में रह सकता है। शाह ने कहा कि शेयर बाजार में हालिया करेक्शन के बावजूद मिड और स्मॉल कैप स्टॉक अभी भी ओवरवैल्यूएशन के शिकार हैं। उन्होंने आने वाले दिनों में इन दोनों सेगमेंट में और करेक्शन का आशंका जताई है। शाह ने कहा कि लार्ज कैप शेयरों के मुकाबले इन दोनों सेगमेंट का रिटर्न कम या नेगेटिव हो सकता है।
कई मार्केट एक्सपर्ट्स ने शेयर बाजार को लेकर सावधानी बरतने की सलाह दी है और इसका सीधा संबंध हाल में स्मॉल और मिडकैप शेयरों में आई गिरावट से है। पिछले दो साल में बुल रन का दौर देखने के बाद स्मॉल और मिडकैप शेयरों पर पिछले 6 महीने में ब्रेक लगा है। खास तौर पर पिछले दो महीनों में मार्केट के इस सेगमेंट में बिकवाली तेज हुई है। स्मॉल और मिड कैप शेयरों में अपने रिकॉर्ड हाई से 20 पर्सेंट की गिरावट है और ये शेयर बेयर जोन में पहुंच चुके हैं।
शाह समेत कई मार्केट एक्सपर्ट्स का मानना है कि रिटर्न में गिरावट की मुख्य वजह भारत की वैल्यूएशन संबंधी समस्या है। सीएनबीसी-टीवी18 के साथ खास बातचीत में शाह ने कहा, 'भारत फिलहाल गिरावट के साइकल में है। ऐसे में हालिया करेक्शन के बाद भी लॉन्ग टर्म एवरेज से ऊपर वैल्यूएशन को सही ठहराना मुश्किल हो जाता है।'
उनका यह भी कहना था कि हालिया करेक्शन के बावजूद निफ्टी अपने लॉन्ग टर्म एवरेज से 4 पर्सेंट प्रीमियम पर कारोबार कर रहा है। उन्होंने कहा, ' आदर्श स्थिति में प्रीमियम घटकर जीरो पर आ जाना चाहिए। लिहाजा, वैल्यूएशन के नजरिये से 4 पर्सेंट और गिरावट की आशंका है और इस साल अर्निंग्स ग्रोथ 10-12 पर्सेंट रह सकती है, लिहाजा बाजार से सिंगल डिजिट रिटर्न की उम्मीद की जा सकती है।'
BoFA सिक्योरिटीज ने अगस्त में 14 में से 13 इंडस्ट्रियल स्टॉक्स को डाउनग्रेड कर दिया था। BoFA सिक्योरिटीज कुल 14 इंडस्ट्रियल स्टॉक को ही कवर करती है। इन 13 शेयरों की रेटिंग 'बाय' से घटाकर सेल कर दी गई है। हालांकि, 6 महीने बाद भी शाह इस सेक्टर को लेकर बुलिश नहीं है, क्योंकि उन्हें और करेक्शन का अनुमान है।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल पर दिए गए विचार एक्सपर्ट के निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए जिम्मेदार नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि निवेश से जुड़ा कोई भी फैसला लेने से पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।