इस समय हमें वो स्टॉक पसंद आ रहे हैं जो “वैल्यू” से “ग्रोथ” सेगमेंट में शिफ्ट हो रहे हैं। इन स्टॉक्स में आगे हमें अधिकतम ईपीएस ग्रोथ (प्रति शेयर अर्निंग) देखने को मिल सकती है। दूसरी तरफ मैच्योर स्टॉक्स में हमें सामान्य रिटर्न मिलने की ही संभावना है। ये बातें मनीकट्रोल के साथ हुई बातचीत में ICICI Securities के पीएमएस फंड मैनेजर अमित गुप्ता ने कही हैं। बतातें चलें कि ICICI Securities का पीएमएस फंड 2 साल पहले शुरू किया गया था। इस समय इसकी AUM 1500 करोड़ रुपये है। इसकी स्थापना से अब तक कैश मार्केट के वॉल्यूम में 40 फीसदी की गिरावट देखने को मिली है। बाजार एक सीमित दायरे में घूम रहा है।
बिजनेस टू बिजनेस सेगमेंट की कंपनियों में होगी जोरदार कमाई
अमित गुप्ता और इनकी टीम का मानना है कि इस समय चुनिंदा B2B यानी बिजनेस टू बिजनेस सेगमेंट की कंपनियों में निवेश से आगे जोरदार रिटर्न मिल सकता है। इस बातचीत में उन्होंने बताया कि वो सरकारी बैंकों, कैपिटल गुड्स और यूटीलिटीज और पॉवर स्टॉक्स पर बुलिश हैं। ये इकोनॉमी से सीधे जुड़े सेक्टर हैं। इनके आगे दोरदार प्रदर्शन करने की संभावना है।
फ्लोरीन केमेस्ट्री से जुड़ी कंपनियों पर हैं बुलिश
इस बातीचत में अमित गुप्ता ने कहा कि उनका फंड फ्लोरीन केमेस्ट्री से जुड़ी कंपनियों के लिए बुलिश हैं। फ्लोरीन का इस्तेमाल एयर कंडीशनिंग और इलेक्ट्रिकल व्हीकल बैटरीज में होता है। इस सेक्टर में काफी कम कंपनियां हैं। नवीन फ्लोरीन, SRF और गुजरात फ्लोरोकेमिकल्स (Gujarat Fluorochemicals) जैसे स्टॉक उनको पंसद है। सरकार ने रिफ्रेजरेंट्स सहित एयर कंडीशनर के आयात पर प्रतिबंध लगा दिया है। ऐसे में भारत में ही इसकी एसेंबली हो रही है। इसी वजह से रिफ्रेजरेंट्स गैस उपलब्ध कराने वाली कंपनियों के शेयरों में जोरदार तेजी देखने को मिल रही है। उन्होंने आगे कहा कि देश में अभी एसी का इस्तेमाल सिर्फ 6 फीसदी लोग करते हैं। ऐसे में इस सेक्टर में आगे भारी ग्रोथ की संभावना है। इससे एसआरएफ ( SRF) को फायदा होगा।
पीआई इंडस्ट्रीज भी अमित गुप्ता को पसंद है। उनका कहना है कि पीआई इंडस्ट्रीज बड़े पैमाने पर कृषि-रसायन उद्योग की जरूरतों को पूरा करती है। इसने हाल ही में टीआरएम इंडिया और सोलिस फार्माकेम के अधिग्रहण के साथ ही फार्मा कारोबार में भी कदम रख दिया है। यह इस शेयर के लिए एक बड़ा ट्रिगर है।
बियरिंग बनाने वाली कंपनियां हैं पसंद
इस बातचीत में अमित गुप्ता ने आगे कहा कि उनको बियरिंग बनाने वाली कंपनियां बहुत पसंद है। इस बजट में वित्त वर्ष 2024 के लिए रेलवे के लिए 2.4 लाख करोड़ रुपये का आवंटन किया गया है। ये पिछले वित्त वर्ष की तुलना में 50 फीसदी ज्यादा है। वंदे भारत ट्रेनों, डेडीकेटेड फ्रेट करिडोर, न्यू नेशनल लॉजिस्टिक पॉलिसी कुछ ऐसे सेगमेंट हैं जिनपर भारी खर्च होता नजर आएगा। इन सेक्टर में बियरिंग का भारी मात्रा में इस्तेमाल होता है। इस बीच SKF इंडिया को सरकार से 'क्लास सी' और 'क्लास के' बियरिंग बनाने की मंजूरी दी गई है। ये बियरिंग रेलवे में यूज होती हैं। ऐसे में SKF की कमाई में जोरदार बढ़ोतरी होगी। उन्होंने कहा कि बियरिंग सेक्टर में दो और जानीमानी कंपनियां Timken और Schaeffler हैं। लेकिन ये स्टॉक काफी महंगे हो चुके हैं। ऐसे में वैल्यूएशन के नजरिए से SKF ज्यादा बेहतर दिख रही है।
एनटीपीसी भी है एक बेहतर दांव
सरकार की तरफ से ग्रीन एनर्जी सनराइज सेक्टर को काफी अहमियत दी जा रही है। इसमें आपको कौन सा पसंद है? इस पर अमित गुप्ता ने कहा कि उन्हें एनटीपीसी बेहतर नजर आती है। वास्तव में एनटीपीसी पूरे पावर सेक्टर का सबसे बेहतर स्टॉक है। बढ़ते औद्योगिकीकरण के चलते पावर की मांग बढ़क जल्द ही दोगुना होने की संभावना है। ऐसे में एनटीपीसी को जबरदस्त फायदा होगा। उन्होंने ये भी कहा कि एनटीपीसी का स्टॉक वैल्यू से ग्रोथ कैटेगरी में आ रहा है, इस पर दांव लगाना चाहिए।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए विचार एक्सपर्ट के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदाई नहीं है। यूजर्स को मनी कंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।