अप्रैल में ऑटो बिक्री में अच्छी बढ़त के कारण कुछ ऑटो शेयरों में आज के कारोबार में 1.5 फीसदी से ज्यादा बढ़त देखने को मिली। जबकि घरेलू बाजार में कमजोर बिक्री के कारण आज के कारोबारी सत्र में कुछ स्टॉक्स में 2.5 फीसदी तक की गिरावट देखने को मिली है। इंट्राडे में बीएसई पर बजाज ऑटो, आयशर मोटर्स और मारुति सुजुकी में क्रमश: 1.4 फीसदी, 1.37 फीसदी और 1.34 फीसदी की तेजी देखने को मिली है। सभी तीन कंपनियों की बिक्री में आई बढ़त घरेलू बाजार में मांग में आई जोरदार बढ़त का नतीजा है। हालांकि निर्यात बाजारों में कमजोरी के कारण कुल बिक्री पर कुछ दबाव पड़ा है।
वहीं, दूसरी तरफ टाटा मोटर्स और हीरो मोटोकॉर्प में आज इंट्राडे में करीब 1.4 फीसदी और 2.7 फीसदी की गिरावट देखने को मिली है। ये क्रमश: 478 रुपये और 2,490 रुपये पर कारोबार कर रहे हैं।
2 मई को कंपनी की तरफ से एक्सचेंज को दी गई जानकारी के मुताबिक बजाज ऑटो की अप्रैल बिक्री में 7 फीसदी की बढ़त हुई है। कंपनी ने इस महीने 331278 यूनिट्स की बिक्री की है। जबकि एक साल पहले कंपनी की बिक्री 310774 यूनिट्स थी। इस अवधि में कंपनी की घरेलू बिक्री में 109 फीसदी की मजबूत बढ़त देखने को मिली है। लेकिन एक्सपोर्ट में 43 फीसदी की गिरावट देखने को मिली है। अप्रैल में कंपनी की घरेलू बिक्री एक साल पहले के 102177 इकाइयों के मुकाबले 213172 इकाई रही रही है। जबकि एक्सपोर्ट सालाना आधार पर 208597 इकाई से घटकर 118106 इकाई पर आ गई है।
अप्रैल में बजाज ऑटो के कमर्शियल व्हीकल (CV) डिवीजन ने उसके दोपहिया (2W) सेगमेंट की तुलना में कहीं बेहतर प्रदर्शन किया है। कंपनी के CV वॉल्यूम में सालाना आधार पर 49 फीसदी की बढ़त देखने को मिली है। ये 29063 यूनिट्स से बढ़कर 43,293 यूनिट्स पर रही है। जबकि इसका टू व्हीलर वॉल्यूम पिछले साल के इसी अवधि के 281711 यूनिट्स से 2 फीसदी बढ़कर 287985 यूनिट्स पर रहा है।
अप्रैल महीने में आइशर मोर्टस की बिक्री सालाना आधार पर 18 फीसदी की बढ़त के साथ 73136 यूनिट पर रही है। जबकि पिछले साल के अप्रैल में कंपनी ने 62155 यूनिट की बिक्री की थी। इस बिक्री में 350cc सेगमेंट की सबसे ज्यादा हिस्सेदारी रही है। अप्रैल महीने में इस सेगमेंट की बिक्री में 26 फीसदी की बढ़त देखने को मिली है। जबकि 350 cc से ज्यादा के सेगमेंट की बिक्री में सालाना आधार पर 21 फीसदी की गिरावट देखने को मिली है। अप्रैल में आइशर मोर्टस का एक्सपोर्ट सालाना आधार पर 49 फीसदी की गिरावट के साथ 8303 यूनिट से घटकर 4255 यूनिट रही है।
अप्रैल में मारुति सुजुकी की बिक्री में 6.5 फीसदी की बढ़त देखने को मिली है। अप्रैल 2023 में कंपनी की बिक्री सालाना आधार पर 150661 यूनिट से बढ़कर 160529 यूनिट रही है। यहां भी घरेलू बिक्री से ही ज्यादा सपोर्ट मिली है। अप्रैल महीने में मारुति सुजुकी की घरेलू बिक्री में सलाना आधार पर 8.5 फीसदी की बढ़त देखने को मिली है और ये सालाना आधार पर 132248 यूनिट से बढ़कर 143558 यूनिट पर आ गई है। अप्रैल में कंपनी का एक्सपोर्ट सालाना आधार पर 7.8 फीसदी की गिरावट के साथ 16,971 यूनिट पर रहा है। पिछले साल के अप्रैल में कंपनी ने 18413 यूनिट एक्सपोर्ट किए थे।
टाटा मोटर्स और हीरो मोटो की बिक्री में गिरावट
टाटा मोटर्स की कुल बिक्री (घरेलू और अंतरराष्ट्रीय बाजार) इस अप्रैल में 4 फीसदी घटकर 69599 यूनिट रह गई है। ये पिछले साल अप्रैल में 72468 यूनिट रही थी। एक्सचेंज को दी गई जानकारी के मुताबिक कंपनी की घरेलू बिक्री एक साल पहले के 71467 इकाइयों से 4 फीसदी घटकर 68514 इकाई पर रही है।
इसी तरह हीरो मोटरकॉर्प की बिक्री अप्रैल 2022 के 418622 यूनिट की तुलना में 5.3 फीसदी घटकर 396107 यूनिट पर आ गई है। कंपनी की घरेलू बिक्री अप्रैल 2022 के 398,490 यूनिट की तुलना में 3 फीसदी घटकर 386,184 यूनिट रही है। जबकि कंपनी का एक्सपोर्ट अप्रैल 2022 के 20132 यूनिट से 50.7 फीसदी घटकर 9923 यूनिट रह गई है।