Archean Chemical IPO listing: केमिकल कंपनी Archean Chemical के शेयरों की आज लिस्टिंग शानदार रही। कमजोर मार्केट सेंटिमेंट में भी इसके शेयरों की मजबूत शुरुआत हुई। BSE पर कंपनी के शेयर 10.32 फीसदी प्रीमियम के साथ 449 रुपए पर लिस्ट हुए हैं। वहीं NSE पर Archean Chemical के शेयर 10.57 फीसदी प्रीमियम के साथ 450 रुपए (Archean Chemical Share Price) पर लिस्ट होने में कामयाब हुए हैं। आज घरेलू इक्विटी मार्केट में बिकवाली का दबाव दिख रहा है। सेंसेक्स और निफ्टी 50 में आधे फीसदी से अधिक की गिरावट है। वहीं दूसरी तरफ आर्कियन केमिकल के शेयर लिस्टिंग के बाद और मजबूत हो रहे हैं।
Archean Chemical IPO को मिला था बेहतर रिस्पांस
स्पेशियलिटी केमिकल कंपनी आर्कियन केमिकल इंडस्ट्रीज ने आईपीओ के जरिए 1462 करोड़ रुपये जुटाए हैं। Archean Chemical के IPO में क्वालीफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स ने 48.91 गुना बोली लगाई थी। जबकि HNI का पोर्शन 14.90 गुना भरा। वहीं रिटेल इनवेस्टर्स ने 9.96 गुना बुकिंग की थी। ओवरऑल यह इश्यू 32.23 गुना सब्सक्राइब हुआ था। कंपनी के शेयर 407 रुपए के भाव पर जारी हुए हैं। यह इश्यू 9 नवंबर को खुला था और 11 नवंबर को बंद हुआ था।
क्या है Archean Chemical का कारोबार?
वित्त वर्ष 2021 में ब्रोमीन और इंडस्ट्रियल नमक का निर्यात करने वाली Archean Chemical देश की सबसे बड़ी कंपनी थी। यह स्पेशियलिटी मैरिन केमिकल बनाती है और दुनिया भर में ब्रोमीन, औद्योगिक नमक और पोटाश का सल्फेट निर्यात करती है। इसके देश में 24 ग्राहक और 13 देशों में 18 वैश्विक ग्राहक हैं। भारत में सल्फेट पोटाश बनाने वाली यह इकलौती कंपनी है।
Archean Chemical के वित्तीय सेहत की बात करें तो वित्त वर्ष 2020-21 में कंपनी को 36.24 करोड़ रुपये का नेट लॉस हुआ था लेकिन अगले ही वित्त वर्ष 2021-22 में इसे 188.58 करोड़ रुपये का नेट प्रॉफिट हासिल हुआ। चालू वित्त वर्ष 2022-23 की बात करें तो कंपनी को अप्रैल-जून 2022 में 84.84 करोड़ रुपये का नेट प्रॉफिट कमाया।