Aritas Vinyl IPO Listing: आर्टिफिशियल लेदर कंपनी ने दिया शॉक, फ्लैट लिस्टिंग के बाद लोअर सर्किट पर आया ₹47 का शेयर

Aritas Vinyl IPO Listing: एरिटास विनाइल पीयू सिंथेटिक लेदर और पीवीसी-कोटेड लेदर जैसे आर्टिफिशियल लेदर बनाती है। अब इसके शेयर लिस्ट हुए हैं। इसके आईपीओ के तहत नए शेयर जारी हुए हैं और ऑफर फॉर सेल के तहत भी शेयरों की बिक्री हुई है। चेक करें कंपनी की कारोबारी सेहत कैसी है और आईपीओ के जरिए जुटाए गए पैसों का इस्तेमाल कंपनी कैसे करेगी?

अपडेटेड Jan 23, 2026 पर 4:06 PM
Story continues below Advertisement
Aritas Vinyl IPO Listing: एरिटास विनाइल का ₹38 करोड़ का आईपीओ सब्सक्रिप्शन के लिए 16-20 जनवरी तक खुला था। आज इसके शेयरों की लिस्टिंग हुई है।

Aritas Vinyl IPO Listing: टेक्निकल टेक्सटाइल बनाकर देश-विदेश में सप्लाई करने वाली एरिटास विनाइल के शेयरों की आज BSE SME प्लेटफॉर्म पर फ्लैट एंट्री हुई। खुदरा निवेशकों के दम पर इसके आईपीओ को ओवरऑल 2 गुना से अधिक बोली मिली थी। आईपीओ के तहत ₹47 के भाव पर शेयर जारी हुए हैं। आज BSE पर इसकी ₹47.00 पर एंट्री हुई है यानी कि आईपीओ निवेशकों को कोई लिस्टिंग गेन नहीं मिला। आईपीओ निवेशकों को और झटका तब लगा, जब शेयर टूट गए। टूटकर यह ₹44.65 (Aritas Vinyl Share Price) के लोअर सर्किट पर आ गया और इसी पर बंद भी हुआ यानी कि पहले कारोबारी दिन की समाप्ति पर आईपीओ निवेशक 5% घाटे में हैं।

Aritas Vinyl IPO के पैसे कैसे होंगे खर्च

एरिटास विनाइल का ₹38 करोड़ का आईपीओ सब्सक्रिप्शन के लिए 16-20 जनवरी तक खुला था। इस आईपीओ को निवेशकों का अच्छा रिस्पांस मिला था और ओवरऑल यह 2.21 गुना सब्सक्राइब हुआ था। इसमें क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स (QIB) के लिए आरक्षित हिस्सा 1.00 गुना (एक्स-एंकर), नॉन-इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स (NII) का हिस्सा 1.24 गुना और खुदरा निवेशकों का हिस्सा 2.88 गुना भरा था। इस आईपीओ के तहत ₹33 करोड़ के नए शेयर जारी हुए हैं। इसके अलावा ₹10 की फेस वैल्यू वाले 9,84,400 शेयर ऑफर फॉर सेल विंडो के तहत बिके हैं। ऑफर फॉर सेल का पैसा तो शेयर बेचने वाले शेयरहोल्डर्स को मिला है। वहीं नए शेयरों के जरिए जुटाए गए पैसों में से ₹4.26 करोड़ सोलर पावर प्रोजेक्ट के कैपिटल एक्सपेंडिचर, ₹20.45 करोड़ वर्किंग कैपिटल की जरूरतों और बाकी पैसे आम कॉरपोरेट उद्देश्यों पर खर्च होंगे।


Aritas Vinyl के बारे में

वर्ष 2020 में बनी एरिटास विनाइल पीयू सिंथेटिक लेदर और पीवीसी-कोटेड लेदर जैसे आर्टिफिशियल लेदर बनाती है। कंपनी इसे ट्रांसफर कोटिंग टेक्नोलॉजी के जरिए बनाती है जिनका इस्तेमाल ऑटोमोटिव, फैशन और इंटीरियर डिजाइन जैसी इंडस्ट्रीज में होता है। इसके प्रोडक्ट्स का ग्रीस, ओमान, यूएई, श्रीलंका, अमेरिका समेत कई देशों को निर्यात भी होता है। इसकी मैन्युफैक्चरिंग फैसिलिटी अहमदाबाद में है।

कंपनी के वित्तीय सेहत की बात करें तो यह लगातार मजबूत हो रही है। वित्त वर्ष 2023 में इसे ₹99 लाख का शुद्ध मुनाफा हुआ था जो अगले वित्त वर्ष 2024 में उछलकर ₹1.67 करोड़ और फिर वित्त वर्ष 2025 में ₹4.13 करोड़ पर पहुंच गया। इस दौरान कंपनी की टोटल इनकम भी सालाना 38% से अधिक की चक्रवृद्धि दर (CAGR) से बढ़कर ₹98.02 करोड़ पर पहुंच गई। चालू वित्त वर्ष 2026 की बात करें तो अप्रैल-अगस्त 2025 में कंपनी को ₹2.42 करोड़ का शुद्ध मुनाफा और ₹40.58 करोड़ का टोटल इनकम हासिल हो चुका है। अगस्त 2025 के आखिरी में कंपनी पर ₹37.78 करोड़ का टोटल कर्ज था जबकि रिजर्व और सरप्लस में ₹10.21 करोड़ पड़े थे।

PhonePe ने IPO का अपडेटेड ड्राफ्ट किया जमा, Walmart बेचेगी 9% हिस्सा

डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।