Asian Paints Q4 Results: 69% उछला पेंट कंपनी का मुनाफा, हर शेयर पर देगी ₹23 का डिविडेंड

Asian Paints Q4 Results: एशियन पेंट्स ने मार्च तिमाही में उम्मीद से बेहतर नतीजे पेश किए हैं। कंपनी का मुनाफा 69% बढ़ा है, जबकि डेकोरेटिव पेंट्स कारोबार में मजबूत ग्रोथ देखने को मिली। साथ ही कंपनी ने 23 रुपये प्रति शेयर फाइनल डिविडेंड का भी ऐलान किया है। जानिए डिटेल।

अपडेटेड May 29, 2026 पर 2:39 PM
Story continues below Advertisement
एशियन पेंट्स के बोर्ड ने वित्त वर्ष 2025-26 के लिए 23 रुपये प्रति शेयर फाइनल डिविडेंड की सिफारिश की है।

Asian Paints Q4 Results: देश की सबसे बड़ी पेंट कंपनी एशियन पेंट्स ने मार्च तिमाही में उम्मीद से बेहतर नतीजे पेश किए हैं। कंपनी के प्रदर्शन को घरेलू डेकोरेटिव पेंट्स कारोबार की मजबूत ग्रोथ का सहारा मिला। खास बात यह रही कि डेकोरेटिव बिजनेस में वॉल्यूम ग्रोथ बाजार के अनुमान से काफी बेहतर रही।

मार्च तिमाही में कंपनी का शुद्ध मुनाफा 69% बढ़कर 1,185.5 करोड़ रुपये पहुंच गया। बाजार का अनुमान 1,060 करोड़ रुपये का था। पिछले साल की समान तिमाही में कंपनी को 183 करोड़ रुपये का असाधारण नुकसान हुआ था, जिसका असर इस बार के नतीजों में भी दिखा।

रेवेन्यू और EBITDA भी मजबूत


एशियन पेंट्स का कुल रेवेन्यू 10.6% बढ़कर 9,247 करोड़ रुपये हो गया। पिछले साल यह 8,359 करोड़ रुपये था। यह आंकड़ा भी बाजार के 8,765 करोड़ रुपये के अनुमान से बेहतर रहा।

वहीं EBITDA यानी ब्याज, टैक्स और अन्य खर्चों से पहले का मुनाफा 24.4% बढ़कर 1,787 करोड़ रुपये पहुंच गया। एक साल पहले यह 1,436.2 करोड़ रुपये था। बाजार को 1,594 करोड़ रुपये के EBITDA की उम्मीद थी।

मार्जिन में अच्छा सुधार

मार्च तिमाही में कंपनी का EBITDA मार्जिन बढ़कर 19.3% हो गया, जो पिछले साल 17.2% था। बाजार का अनुमान 18.2% का था।

कंपनी ने कहा कि कच्चे माल की कीमतों में नरमी, लागत पर नियंत्रण और परिचालन दक्षता में सुधार से मार्जिन बेहतर हुए। साथ ही कंपनी ने लंबी अवधि की ग्रोथ योजनाओं में निवेश भी जारी रखा।

डेकोरेटिव पेंट्स बिजनेस ने दिखाया दम

मार्च तिमाही में एशियन पेंट्स के घरेलू डेकोरेटिव पेंट्स कारोबार की वॉल्यूम ग्रोथ 12.4% रही। बाजार को 9% से 10% ग्रोथ की उम्मीद थी। यह वित्त वर्ष 2025 की पहली तिमाही के बाद कंपनी की सबसे तेज वॉल्यूम ग्रोथ है।

इंडस्ट्रियल कोटिंग्स कारोबार में मजबूत प्रदर्शन देखने को मिला। इसकी वजह से कुल कोटिंग्स बिजनेस में वॉल्यूम ग्रोथ 12.7% और वैल्यू ग्रोथ 11% रही।

पश्चिम एशिया का तनाव बना चुनौती

एशियन पेंट्स ने कहा कि कुछ अंतरराष्ट्रीय बाजारों में उतार-चढ़ाव के बावजूद उसका विदेशी कारोबार लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रहा है और मुनाफे में भी सुधार आया है। वहीं होम डेकोर बिजनेस में भी धीरे-धीरे सुधार देखने को मिल रहा है।

कंपनी के एमडी और सीईओ अमित सिंगल ने कहा कि पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष की वजह से मांग को लेकर कुछ अनिश्चितता बनी हुई है। हालांकि कंपनी का मानना है कि मजबूत बुनियादी स्थिति और बेहतर एग्जीक्यूशन के दम पर वह इस चुनौती से निपटने में सक्षम है।

23 रुपये प्रति शेयर डिविडेंड

एशियन पेंट्स के बोर्ड ने वित्त वर्ष 2025-26 के लिए 23 रुपये प्रति शेयर फाइनल डिविडेंड की सिफारिश की है। इससे पहले कंपनी नवंबर 2025 में 4.50 रुपये प्रति शेयर का अंतरिम डिविडेंड दे चुकी है। दोनों को मिलाकर FY26 के लिए कुल डिविडेंड 27.50 रुपये प्रति शेयर हो जाएगा।

फाइनल डिविडेंड के लिए रिकॉर्ड डेट 23 जून 2026 तय की गई है। शेयरधारकों की मंजूरी मिलने पर डिविडेंड का भुगतान 13 जुलाई 2026 या उसके बाद किया जाएगा।

शेयर पर क्या रहा असर?

नतीजों के बाद शुरुआती कारोबार में एशियन पेंट्स के शेयरों में अच्छी तेजी देखने को मिली। हालांकि बाद में कुछ मुनाफावसूली भी हुई। इसके बावजूद एशियन पेंट्स का शेयर करीब 2% की बढ़त के साथ 2,718 रुपये के आसपास कारोबार करता दिखा।

पिछले एक महीने में कंपनी का शेयर करीब 11% चढ़ चुका है। हालांकि साल 2026 की शुरुआत से अब तक इसमें लगभग 2% की गिरावट बनी हुई है।

Top Stock Picks : मिड और स्मॉलकैप शेयरों में दिख रहा दम, इन दो शेयरों में हो सकती है बंपर कमाई

Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।