इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर बनाने वाली एथर एनर्जी लिमिटेड ने कई तरीकों से ₹2,500 करोड़ तक जुटाने के प्रस्ताव को मंजूरी दी है। इन तरीकों में क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल प्लेसमेंट (QIP), राइट्स इश्यू, प्रेफरेंशियल इश्यू और फॉरेन करेंसी कनवर्टिबल बॉन्ड (FCCB) जारी करना शामिल है। कंपनी ने शेयर बाजारों को बताया है कि फंड जुटाने के इस प्रस्ताव में ₹1,500 करोड़ तक के इक्विटी शेयरों का QIP शामिल है। रेगुलेटरी और शेयरधारकों की मंजूरी मिलने के बाद QIP के पैसे को एक या ज्यादा किश्तों में जुटाया जाएगा। कंपनी के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स ने 12 जून को हुई बैठक में इस फैसले को मंजूरी दी।
इसके अलावा कंपनी के बोर्ड ने इक्विटी शेयरों, FCCB या इक्विटी शेयरों में बदली जा सकने वाली अन्य पात्र सिक्योरिटीज के जरिए ₹1,000 करोड़ तक जुटाने को मंजूरी दी है। इन सिक्योरिटीज को प्रेफरेंशियल इश्यू, राइट्स इश्यू या लागू कानूनों के तहत मंजूर किसी अन्य तरीके से, एक या ज्यादा किश्तों में जारी किया जा सकता है। इस पर भी अभी रेगुलेटरी मंजूरी और शेयरहोल्डर्स की मंजूरी मिलना बाकी है।
एथर एनर्जी के मुताबिक, सिक्योरिटीज रुपये में या एक या ज्यादा विदेशी मुद्राओं में हो सकती हैं। बोर्ड ने फंड जुटाने से जुड़े सभी मामलों को संभालने के लिए एक फंडरेजिंग कमेटी बनाई है। इनवेस्टर्स, इश्यू प्राइस, सिक्योरिटीज की संख्या, लिस्टिंग की जगह, कन्वर्जन की शर्तें और इश्यू से जुड़ी अन्य जानकारी (जहां लागू हो) बोर्ड की ओर से सही समय पर लागू नियमों के अनुसार तय की जाएगी।
Ather Energy इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर मार्केट में तीसरी सबसे बड़ी कंपनी
मार्केट शेयर के हिसाब से एथर एनर्जी, TVS मोटर और बजाज ऑटो के बाद इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर बनाने वाली तीसरी सबसे बड़ी कंपनी है। इसने वित्त वर्ष 2026 में 2.62 लाख यूनिट बेचीं, जो वित्त वर्ष 2025 की तुलना में 69% ज्यादा हैं। ज्यादातर बिक्री जनवरी और मार्च के बीच हुई, जब वेस्ट एशिया में युद्ध शुरू होने के बाद कच्चे तेल की कीमतें 120 डॉलर प्रति बैरल से ऊपर चली गईं।
एथर एनर्जी का जनवरी-मार्च 2026 तिमाही में शुद्ध घाटा सालाना आधार पर 57 प्रतिशत घटकर 100.23 करोड़ रुपये रह गया। एक साल पहले घाटा 234.36 करोड़ रुपये था। ऑपरेशंस से कंसोलिडेटेड रेवेन्यू 74 प्रतिशत बढ़कर 1,174.66 करोड़ रुपये रहा, जो मार्च 2025 तिमाही में 676.8 करोड़ रुपये था।
शेयर एक साल में 227 प्रतिशत चढ़ा
एथर एनर्जी के शेयर की कीमत वर्तमान में BSE पर 1028.15 रुपये है। कंपनी का मार्केट कैप 39300 करोड़ रुपये से ज्यादा है। यह मई 2025 में शेयर बाजार में लिस्ट हुई थी। इसका IPO 2980.76 करोड़ रुपये का था। एक साल में शेयर 227 प्रतिशत और 3 महीनों में 45 प्रतिशत चढ़ा है। कंपनी में मार्च 2026 के आखिर तक प्रमोटर्स के पास 40.77 प्रतिशत हिस्सेदारी थी।
एथर एनर्जी लिमिटेड अब इंश्योरेंस कॉरपोरेट एजेंट बिजनेस में भी है। कंपनी ने इसके लिए 27 मई, 2026 को एथर इंश्योरेंस लिमिटेड नाम से एक नई सब्सिडियरी शुरू की। इसमें एथर एनर्जी की पूरी 100 प्रतिशत हिस्सेदारी है। यह सब्सिडियरी इंश्योरेंस सेक्टर में एक कॉरपोरेट एजेंट के तौर पर काम करेगी, जिसका मकसद इंश्योरेंस पॉलिसी देना और उन्हें आसान बनाना होगा।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।