Atul Auto Shares: तिपहिया गाड़ियां बनाने वाली अतुल ऑटो के शेयर आज ढहते मार्केट में भी रॉकेट बन गए। एक तरफ तो चालू वित्त वर्ष 2025-26 के पहले कारोबारी दिन यानी आज 1 अप्रैल को इक्विटी बेंचमार्क इंडेक्स बीएसई सेंसेक्स (BSE Sensex) और निफ्टी 50 (Nifty 50) डेढ़ फीसदी से अधिक फिसल गए तो दूसरी तरफ अतुल ऑटो के शेयर करीब 17 फीसदी ऊपर चढ़ गए। यह तेजी मार्च के दमदार सेल्स डेटा पर आई है। इसके चलते अतुल ऑटो के शेयर इंट्रा-डे में बीएसई पर 16.90 फीसदी उछलकर 516.00 रुपये पर पहुंच गए। मुनाफावसूली के चलते भाव थोड़े नरम पड़े हैं और आज यह 14.64 फीसदी की बढ़त के साथ 506.00 रुपये के भाव पर बंद हुआ है।
Atul Auto के लिए कैसा रहा मार्च महीना?
अतुल ऑटो ने आज मार्च महीने का कारोबार अपडेट जारी किया। मार्च महीने में कंपनी की टोटल सेल्स सालाना आधार पर 18.06 फीसदी उछलकर 3,128 यूनिट्स पर पहुंच गई। घरेलू सेल्स की बात करें तो मार्च महीने में सालाना आधार पर यह 17.50 फीसदी उछलकर 2886 यूनिट्स पर पहुंच गई।
एक साल में कैसी रही शेयरों की चाल?
अतुल ऑटो के शेयर पिछले साल 4 जुलाई 2024 को 840.00 रुपये पर थे जो इसके शेयरों के लिए एक साल का रिकॉर्ड हाई लेवल है। शेयरों की यह तेजी यहीं थम गई और इस हाई लेवल से 9 महीने से भी कम समय में यह 51 फीसदी से अधिक फिसलकर पिछले महीने 13 मार्च 2025 को 407.05 रुपये के भाव पर आ गया जो इसके शेयरों के लिए एक साल का रिकॉर्ड निचला स्तर है। निचले स्तर पर शेयर संभले और खरीदारी के दम पर 24 फीसदी से अधिक रिकवर हुए लेकिन अब भी एक साल के हाई से यह करीब 40 फीसदी डाउनसाइड है।
डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।