Bajaj Finance:दिल्ली स्थित अक्षत मित्तल ने कुछ महीने पहले बजाज फाइनेंस से होम लोन लिया था। लेकिन जब उनको कंपनी से लोन की अमाउंट मिली तो उनसे एक ऐसे इंश्योरेंस स्कीम के लिए एक्स्ट्रा चार्ज ले लिया गया जिसके लिए उन्होंने अप्लाई ही नहीं किया था। अक्षत ने बताया कि जब उनको इस बारे में मंथली EMI का स्टेटमेंट मिला तो उन्होंने देखा कि उन से इंश्योरेंस का शुल्क ले लिया गया है। इस बारे में जब उन्होंने कंपनी को मेल किया तो कंपनी ने उनके मेल को पूरी तरह से इग्नोर कर दिया। इसके बाद अक्षत ने दिल्ली के रोहिणी कंज्यूमर कोर्ट में कंपनी के खिलाफ मुकदमा दायर कर दिया।
उसके बाद जब बजाज फाइनेंस के कॉल सेटर को कॉल किया तो उन्होंने अपनी गलती मानी । फिर भी जब अक्षत ने उनसे अपने लोन के साथ लिंक किए गए इंश्योरेंस को वापस लेने और शुल्क लौटाने की बात कही तो कंपनी के कर्मचारी ने उनसे तेज आवाज में बात करनी शुरू कर दी। उनकी मांग को भी ठुकरा दिया। इसके बाद अक्षत ने बजाज फाइनेंस को 2-3 बार कॉल किया। लेकिन कंपनी की तरफ से उनको कोई जवाब नहीं दिया गया।
मुंबई की राना दत्ता की भी शिकायत है कि उनको प्रति दिन बजाज फाइनेंस की तरफ से 5-6 अवांछित कॉल आती हैं। बजाज फाइनेंस को लेकर तमाम लोगों ने इस तरह की शिकायत की है।
इस बारे में जब मनीकंट्रोल ने बजाज फाइनेंस से पूछताछ की तो कंपनी ने कहा कि उनकी तरफ से पूरा ध्यान रखा जाता है कि कोई भी रिकवरी एजेंट किसी के साथ कोई बदसुलूकी न करें। कंपनी ने आगे कहा कि हम इस बारे में आरबीआई द्वारा निर्धारित नियमों का पूरी तरह से पालन करते हैं। कंपनी के एजेंट द्वारा इन नियमों का पालन न करने पर कंपनी की तरफ से जीरो टॉलरेंस पॉलिसी अपनाई जाती है।
हैदराबाद के प्रमिला जंगम का दर्द
हालांकि कंपनी के ग्राहकों का कुछ और ही कहना है। बजाज फाइनेंस की एक ग्राहक हैदराबाद की प्रमिला जंगम ने कहा कि बजाज फाइनेंस का एक रिकवरी एजेंट लोन की रिकवरी के लिए उनके साथ ही उनके फेमिली मेंबर को भी फोन करके गाली देता है। चंदू का नाम का यह रिकवरी एजेंट अपने को इलाके का बड़ा गुंडा बताते हुए जान से मारने की भी धमकी देता है। इस पर प्रमिला जंगम ने पुलिश स्टेशन में शिकायत भी की है।
कंपनी की आक्रामक रणनीति की वजह क्या है?
जानकारों का कहना है कि कैपिटल मार्केट में बढ़ती प्रतिद्वंविदता के कारण NBFC कपनियां अपनी बाजार हिस्सेदारी बढ़ाने के लिए इस तरह के हथकंडे अपना रही हैं। उसमें बजाज फाइनेंस भी शामिल है। हाल ही में, ब्रोकरेज फर्म एंबिट ने कहा है कि होम लोन बाजार में बढ़ती प्रतिस्पर्धा के बीच बजाज फाइनेंस को बाजार हिस्सेदारी हासिल करने के लिए कई चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है और कंपनी के बड़े आकार और भारी प्रतिस्पर्धा के कारण आगे कंपनी की ग्रोथ धीमी पड़ सकती है। एंबिट कैपिटल ने आगे कहा है कि बढ़ती प्रतिस्पर्धा से बजाज फाइनेंस की एसेट ग्रोथ पर दबाव पड़ने की संभावना है। ब्रोकरेज ने शेयर पर 5,028 रुपये के लक्ष्य के साथ ‘sell’ रेटिंग दी है।
RBI समय-ससय पर बैंकों और NBFC कंपनियों को लोन की रिकवरी और रिकवरी एजेंट के व्यवहार को लेकर दिशा निर्देश जारी करता रहता है। 14 फरवरी को एक निर्देश में आरबीआई ने कहा था कि अगर किसी लोन के भुगतान में देरी होती है तो डिजिटल लेंडर को रिकवरी एजेंट का पूरा विवरण ग्राहक को देना होगा। इसके अलावा RBI के दिशा निर्देशों में यह भी कहा गया है कि लोन की मंजूरी के समय ग्राहक को बैंक के पैनल में शामिल अधिकृत एजेंटों की भी जानकारी दी जानी चाहिए। आरबीआई ने 22 अगस्त 2022 को जारी निर्देश में कहा था कि कोई भी रिकवरी एजेंट किसी ग्राहक को सुबह 8 बजे के पहले और शाम को 7 बजे के बाद रिकवरी के लिए कोई भी कॉल नहीं करेगा और किसी भी तरह की धमकी नहीं देगा।
बजाज फाइनेंस 2.3 ट्रिलियन रुपये की कुल संपत्ति के साथ देश की दिग्गज एनबीएफसी कंपनी
बताते चलें कि बजाज फाइनेंस भारत के 31 ट्रिलियन रुपये के एनबीएफसी इंडस्ट्री में काम करने वाली एनबीएफसी कंपनी (एनबीएफसी) है। बजाज ग्रुप द्वारा प्रोमोटेड बजाज फाइनेंस कई बैंकों से भी बड़ी कंपनी है। 2.3 ट्रिलियन रुपये की कुल संपत्ति और एनबीएफसी मार्केट में लगभग 8 फीसदी की बाजार हिस्सेदारी के साथ बजाज फाइनेंस एशिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था की सबसे बड़ी शैडो बैंक है। कंपनी का कस्टमर बेस 6.6 करोड़ है। इसकी 3504 शाखाएं हैं। फर्म बैंकों और दूसरी एनबीएफसी कंपनियों के साथ प्रतिस्पर्धा करते हुए होम, ऑटो और पर्सनल लोन प्रदान करती है।
आज के कारोबारी सत्र में बजाज फाइनेंस के शेयरों तेजी देखने को मिली है। आज ये शेयर एनएसई पर 57 रुपए यानी 0.97 फीसदी की बढ़त के साथ 5961.45 रुपए पर बंद हुआ है। आज का इस शेयर का दिन का हाई 5998 रुपए का और दिन का लो 5900 रुपए का है। स्टॉक का 52 वीक हाई 7778.00 रुपए का और 52 वीक लो 5220 रुपए का है।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए विचार एक्सपर्ट के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदाई नहीं है। यूजर्स को मनी कंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।