Bajaj Housing Finance Share Price: Q1 में बांटे 33% ज्यादा लोन, खुश होकर जेपी मॉर्गन ने बढ़ाई रेटिंग; शेयर 6% तक चढ़ा

Bajaj Housing Finance Share Price: बजाज हाउसिंग फाइनेंस, बजाज फाइनेंस के मालिकाना हक वाली कंपनी है। यह सितंबर 2024 में लिस्ट हुई थी। इसका IPO 6560 करोड़ रुपये का रहा था। जून तिमाही में कंपनी ने लगभग 19,500 करोड़ रुपये के लोन बांटे

अपडेटेड Jul 03, 2026 पर 12:19 PM
ब्रोकरेज ने Bajaj Housing Finance के शेयर की रेटिंग 'अंडरवेट' से बढ़ाकर 'न्यूट्रल' कर दी है।

डायवर्सिफाइड NBFC बजाज हाउसिंग फाइनेंस के शेयरों में 3 जुलाई को दिन में 6 प्रतिशत तक की बढ़त दिखी। बीएसई पर शेयर 94 रुपये के हाई तक गया। कंपनी ने एक दिन पहले अप्रैल-जून 2026 तिमाही के बिजनेस का लेखाजोखा शेयर किया था। इसके बाद ब्रोकरेज JPMorgan ने कंपनी के शेयर की रेटिंग को अपग्रेड किया है, जिससे खरीद बढ़ी है। ब्रोकरेज ने शेयर की रेटिंग 'अंडरवेट' से बढ़ाकर 'न्यूट्रल' कर दी है और स्टॉक को 'पॉजिटिव कैटलिस्ट वॉच' में रखा है।

इसका मतलब है कि विश्लेषकों को आगामी शॉर्ट टर्म घटनाओं जैसे कि अर्निंग रिजल्ट्स आदि के कारण शेयर में तेजी की उम्मीद है। टारगेट प्राइस 85 रुपये प्रति शेयर दिया है। हालांकि यह पिछले क्लोजिंग प्राइस से 4 प्रतिशत कम है।

बजाज हाउसिंग फाइनेंस के मुताबिक, जून 2026 तिमाही के दौरान उसने लगभग 19,500 करोड़ रुपये के लोन बांटे। यह आंकड़ा एक साल पहले की समान तिमाही के 14,651 करोड़ रुपये से लगभग 33 प्रतिशत ज्यादा है। मार्च 2026 तिमाही में बजाज हाउसिंग फाइनेंस ने 17,506 करोड़ रुपये से ज्यादा के लोन बांटे थे। 30 जून, 2026 तक कंपनी के एसेट्स अंडर मैनेजमेंट (AUM) का आंकड़ा सालाना आधार पर 24 प्रतिशत बढ़कर लगभग 1.50 लाख करोड़ रुपये हो गया। लोन एसेट्स लगभग 1.31 लाख करोड़ रुपये के रहे, जो एक साल पहले 1.06 लाख करोड़ रुपये के थे।


ब्रोकरेज के तर्क

JPMorgan के अनुसार, वित्त वर्ष 2026-27 में कंपनी के लोन ग्रोथ के मामले में मार्केट की उम्मीदों से बेहतर प्रदर्शन करने की संभावना है। जहां मार्केट को लगभग 22 प्रतिशत लोन ग्रोथ की उम्मीद है, वहीं ब्रोकरेज ने 25 प्रतिशत ग्रोथ का अनुमान लगाया है। बजाज हाउसिंग फाइनेंस ने जून तिमाही में साल-दर-साल आधार पर 24 प्रतिशत की लोन ग्रोथ दर्ज की। ब्रोकरेज को यह भी उम्मीद है कि कंपनी जुलाई-सितंबर 2026 तिमाही में भी अपने फंड की लागत को समझदारी से मैनेज करेगी।

Stock Market Rise: बाजार में लगातार तीसरे दिन अच्छी बढ़त, निफ्टी 24300 के पार; 4 कारणों से तेजी ​बरकरार

Bajaj Housing Finance का शेयर 3 महीनों में 17 प्रतिशत चढ़ा

बजाज हाउसिंग फाइनेंस, बजाज फाइनेंस के मालिकाना हक वाली कंपनी है। यह सितंबर 2024 में लिस्ट हुई थी। इसका IPO 6560 करोड़ रुपये का रहा था। कंपनी का मार्केट कैप 76000 करोड़ रुपये से ज्यादा है। शेयर की फेस वैल्यू 10 रुपये है। BSE पर 52 सप्ताह का एडजस्टेड हाई 124.10 रुपये और एडजस्टेड लो 72.60 रुपये है। कंपनी में मार्च 2026 के आखिर तक प्रमोटर्स के पास 86.70 प्रतिशत हिस्सेदारी थी। शेयर एक साल में 24 प्रतिशत गिरा है। वहीं 3 महीनों में 17 प्रतिशत मजबूत हुआ है। शेयर BSE 200 इंडेक्स का हिस्सा है।

बजाज हाउसिंग फाइनेंस का जनवरी-मार्च 2026 तिमाही में स्टैंडअलोन बेसिस पर रेवेन्यू 2,902.61 करोड़ रुपये रहा। इस बीच शुद्ध मुनाफा 669.19 करोड़ रुपये दर्ज किया गया। वित्त वर्ष 2026 के दौरान स्टैंडअलोन रेवेन्यू 11,147.20 करोड़ रुपये और शुद्ध मुनाफा 2,560.34 करोड़ रुपये रहा।

Disclaimer: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।