शेयर बाजार में शुक्रवार, 3 जुलाई को लगातार तीसरे दिन तेजी है। सेंसेक्स हरे निशान में खुलने के बाद पिछली क्लोजिंग से 655 अंक से ज्यादा चढ़कर 78,157.52 के हाई तक गया। इसी तरह निफ्टी भी बढ़त में खुला और फिर 200 अंक से ज्यादा उछलकर 24,378.15 के हाई तक गया। एक दिन पहले सेंसेक्स 579.48 अंक या 0.75 प्रतिशत बढ़कर 77,502.12 पर बंद हुआ था। निफ्टी 169.85 अंक या 0.71 प्रतिशत की तेजी के साथ 24,175.70 पर बंद हुआ था। शुक्रवार को शेयर बाजार में तेजी बरकरार रहने के पीछे क्या वजह हैं, आइए जानते हैं...
फेड रेट में बढ़ोतरी को लेकर चिंता कम होना
अमेरिका में नौकरियों का डेटा उम्मीद से कमजोर रहने से फेडरल रिजर्व द्वारा निकट अवधि में बेंचमार्क ब्याज दरें बढ़ाए जाने को लेकर चिंता कम हुई। इससे उभरते बाजारों में जोखिम लेने की इच्छा बढ़ी। रॉयटर्स के मुताबिक, अमेरिकी लेबर डिपार्टमेंट के ब्यूरो ऑफ लेबर स्टैटिस्टिक्स का कहना है कि जून में नॉन-फार्म पेरोल में 57,000 नौकरियां बढ़ीं।
एशियाई बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, निक्केई-225 में 1.12 प्रतिशत और सेट कंपोजिट में 1.4 प्रतिशत की तेजी है। जकार्ता कंपोजिट 2 प्रतिशत से ज्यादा उछला है। KOSPI 5.5 प्रतिशत चढ़ा है। हेंगसेंग में भी लगभग 1 प्रतिशत की तेजी हे। अमेरिकी शेयर बाजारों में गुरुवार को मिला-जुला रुख रहा। डाउ जोन्स इंडस्ट्रियल एवरेज चढ़ा, जबकि नैस्डैक कंपोजिट गिर गया। वहीं एसएंडपी 500 फ्लैट रहा।
मार्केट के उतार-चढ़ाव को दर्शाने वाले India VIX में 3 प्रतिशत से ज्यादा की गिरावट दिख रही है। यह दर्शाता है कि बाजार में अनिश्चितता और जोखिम की आशंका कम हुई है, जो आमतौर पर इक्विटी बाजार के लिए अच्छा माना जाता है।
गिफ्ट निफ्टी में 160 अंकों की तेजी
गिफ्ट निफ्टी में शुक्रवार को 160 अंकों की तेजी दिख रही है। यह अमेरिकी डॉलर में डिनोमिनेटेड एक डेरिवेटिव फ्यूचर्स कॉन्ट्रैक्ट है, जो Nifty 50 सूचकांक पर बेस्ड है। यह गुजरात के GIFT सिटी स्थित NSE इंटरनेशनल एक्सचेंज पर कारोबार करता है।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।