4 दिसंबर को नया हाई लगाने के बाद अब सभी की निगाहें बैंक निफ्टी के अगले कदम पर हैं। आईसीआईसीआई बैंक, भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआईएन), कोटक बैंक, पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) और इंडसइंड बैंक से मिले सपोर्ट के दम पर बैंकिंग इंडेक्स 4 दिसंबर को 1,617 अंक उछलकर 46,484.45 के रिकॉर्ड हाई पर पहुंच गया। बाजार जानकारों का कहना है कि वर्तमान तेजी बैंक निफ्टी को 47,000-48,000 के स्तर तक ले जा सकती है।
बैंकिंग शेयर तेजी के नए दौर में करेंगे लीडरशिप
मेहता इक्विटीज के प्रशांत तापसे का कहना है कि “विधानसभा चुनावों के नतीजे बाजार में तेजी के एक नए चरण की उम्मीद को बढ़ावा दे रहे हैं। एक स्थिर राजनीतिक माहौल निवेशकों के विश्वास को और बढ़ा सकता है। राजनीतिक स्थिरता से नीतियों में निरंतरता कायम रहती है। यह बात बाजार को पसंद आती है। प्रशांत तापसे ने आगे कहा कि सभी क्षेत्रों की जननी होने के नाते बैंकिंग सेक्टर बाजार में नए तेजी के दौर में सबसे पहली पंक्ति में नजर आएगा।
बैंक निफ्टी के लिए 46,000-45,800 पर सपोर्ट और 47,000-48,000 पर रजिस्टेंस
बैंक निफ्टी अब तक के उच्चतम स्तरों को पार करते हुए और मंदी की भावना को दूर करते हुए जोरदार वापसी की है। एलकेपी सिक्योरिटीज के कुणाल शाह ने कहा “बैंक निफ्टी में ये तेजी जारी रहने की उम्मीद है। इसके लिए 46,000-45,800 के ज़ोन में मजबूत सपोर्ट नजर आ रहा है, जो तेजड़ियों के लिए किसी गिरावट में एक सुरक्षा कवच के रूप में काम करेगा। वर्तमान तेजी में बैंक निफ्टी 47,000-48,000 के स्तर तक जाता नजर आ सकता है।"
पिछले महीने, भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) द्वारा पर्सनल लोन और क्रेडिट कार्ड के नियमों को कड़ा करने के बाद बैंकिंग इंडेक्स दबाव में था। 17 नवंबर को बाजार सेंटिमेंट तब निगेटिव हो गया जब बजाज फाइनेंस, एचडीएफसी बैंक, आईसीआईसीआई बैंक, एक्सिस बैंक, आरबीएल बैंक और एसबीआई कार्ड सहित तमाम बैंकिंग और गैर-बैंकिंग फाइनेंशियल शेयर 10 फीसदी तक टूट गए। आरबीआई ने सिस्टम में नकदी की उपलब्धता पर नियंत्रण करने और अनसिक्योर्ड लोन के बेलगाम विस्तार की नकेल कसने के लिए पूंजी आवश्यकताओं को बढ़ा दिया था। जिसके चलते बैंकिंग और फाइनेंशियल शेयरों पर दबाव बना था।
आरबीआई की घोषणा के बाद से, बैंक निफ्टी केवल 12 कारोबारी सत्रों में 5 फीसदी से ज्यादा बढ़ गया है। इस इंडेक्स में इस साल अब तक 7.5 फीसदी की बढ़त हुई है, जो निफ्टी 50 इंडेक्स से कमतर है। इस अवधि में निफ्टी 50 इंडेक्स में 13.6 फीसदी का उछाल आया है।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए विचार एक्सपर्ट के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदाई नहीं है। यूजर्स को मनी कंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।