Bank Nifty Trend : बुधवार को बाजार में आई तेजी की अगुवाई बैंकिंग शेयर कर रहे हैं। कच्चे तेल की कीमतों में नरमी आने से घरेलू बाजार को लेकर निवेशकों का भरोसा बढ़ा है। इसके चलते निफ्टी बैंक 1,653 अंक यानी 2.76 फीसदी उछलकर 61,350 के स्तर को पार कर गया है। आज बैंकिंग और फाइनेंशियल शेयरों में जोरदार खरीदारी देखने को मिल रही है। इसके चलते बेंचमार्क इंडेक्स आठ महीने के हाई पर पहुंच गए हैं। बाजार के विदेशी फंडों की तरफ से हो रहे निवेश से भी सपोर्ट मिल रहा है। लगभग दो साल तक लगातार बिकवाली करने के बाद विदेशी फंड फिर से भारतीय बाजार में लौट आए हैं।
कच्चे तेल में नरमी से मिला बड़ा सपोर्ट
कच्चे तेल की कीमतों में नरमी आने से रुपये पर दबाव को लेकर बनी चिंताएं भी कम हुई हैं। यह विदेशी निवेशकों के नजरिए से एक बड़ी बात है। निफ्टी बैंक आज 61,394.30 के हाई पर पहुंच गया । यह इंडेक्स अपने अब तक के उच्चतम स्तर से लगभग 350 अंक दूर रह गया है।
पिछले ट्रेडिंग सेशन में ब्रेंट क्रूड फ्यूचर्स गिरकर 89.16 डॉलर प्रति बैरल के दो महीने के निचले स्तर पर आ गए। अमेरिकी अधिकारियों ने कहा है कि ईरान के खिलाफ और सैन्य कार्रवाई की संभावना कम है। इससे तेल की आपूर्ति से जुड़ी चिंताएं कम हुई हैं। चूंकि भारत तेल आयात पर निर्भर है,इसलिए कच्चे तेल की कीमतों में कमी को भारतीय अर्थव्यवस्था के लिए पॉजिटिव माना जा रहा है।
कच्चे तेल की कीमतों में नरमी आने से महंगाई को काबू में रखने,करंट अकाउंट पर दबाव कम करने और रुपये को मजबूती देने में मदद मिल सकती है। इससे भारतीय रिजर्व बैंक को दरों में कटौती करने की गुंजाइश भी मिल सकती है। हालांकि ब्याज दरों और बैंक शेयरों पर इसका असर महंगाई और ग्रोथ के आउटलुक पर निर्भर करेगा।
निफ्टी बैंक के सभी 14 शेयरों में खरीदारी
आज निफ्टी बैंक के सभी 14 शेयरों में खरीदारी देखने को मिली है,जिसमें बैंक ऑफ बड़ौदा 6 प्रतिशत की बढ़त के साथ सबसे आगे नजर आ रहा है। पंजाब नेशनल बैंक और फेडरल बैंक में 4.71 प्रतिशत और 4.21 प्रतिशत की तेजी आई है। बड़े बैंकों की बात करें तो यस बैंक, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया, HDFC बैंक, कोटक महिंद्रा बैंक और ICICI बैंक के शेयरों में 3.5 प्रतिशत तक की तेजी आई।
दूसरे फाइनेंशियल शेयरों में भी तेजी
इस तेजी का असर दूसरे फाइनेंशियल शेयरों तक पहुंचा है जिससे निफ्टी फाइनेंशियल सर्विसेज इंडेक्स 2 प्रतिशत चढ़ गया है। इसके साथ ही, इस महीने अब तक इसमें कुल 13 प्रतिशत की बढ़त दर्ज की गई है। सरकारी और निजी,दोनों सक्टरों के बैंकों के शेयरों में खरीदारी देखने को मिल रही है। निफ्टी प्राइवेट बैंक इंडेक्स में 2.12 प्रतिशत की बढ़त दिख रही है। जबकि निफ्टी पीएसयू बैंक इंडेक्स 3.5 प्रतिशत ऊपर चढ़ा है।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए विचार एक्सपर्ट के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदाई नहीं है। यूजर्स को मनी कंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।