दो अच्छी कंपनियां लेकिन शेयरों से रहें दूर! ब्रोकरेज बेयरेश, आपके पास है कोई?

Stock News: स्टॉक मार्केट में निवेश को लेकर एक बेसिक सलाह ये दी जाती है कि अच्छी कंपनी चुनकर पैसे लगाएं लेकिन ब्रोकरेज फर्म बर्न्स्टीन की मानें तो यह हर मामले में लागू ही हो, ऐसा जरूरी नहीं है। बर्न्स्टीन के मुताबिक ये दो कंपनियां धांसू तो हैं लेकिन इनके शेयरों में अभी पैसे लगाने का कोई मतलब नहीं है और बेयरेश रुझान कायम रखा है। चेक करें क्या ये दो स्टॉक आपके पोर्टफोलियो में हैं और इन पर ब्रोकरेज बेयरेश क्यों है?

अपडेटेड Jan 05, 2026 पर 5:02 PM
Story continues below Advertisement
Premier Energies के लिए बर्न्स्टीन ने टारगेट प्राइस को ₹780 से घटाकर ₹718 कर दिया जबकि Waaree Energies का टारगेट प्राइस ₹2087 से हल्का-सा बढ़ाकर ₹2,109 कर दिया है।

Stock News: घरेलू स्टॉक मार्केट में काफी उठा-पटक के बीच आज रिन्यूएबल सेक्टर की दो दिग्गज कंपनियों- प्रीमियर एनर्जीज (Premier Energies) और वारी एनर्जीज (Waaree Energies) के शेयरों में बिकवाली का काफी दबाव दिखा। ब्रोकरेज फर्म बर्न्स्टीन का मानना है कि ये दोनों कंपनियां काफी अच्छी तो हैं लेकिन इनके प्रोडक्ट्स के लिए मजबूत मांग आने में अभी काफी समय है। इसका झटका आज इन दोनों कंपनियों के शेयरों पर भी दिखा और दोनों धड़ाम हो गए। आज बीएसई पर प्रीमियर एनर्जीज के शेयर 6.94% की गिरावट के साथ ₹787.70 (Premier Energies Share Price) पर तो वारी एनर्जीज के शेयर 5.31% की फिसलन के साथ ₹2714.40 (Waaree Energies Share Price) पर बंद हुए हैं।

Premier Energies और Waaree Energies पर क्यों है बर्न्स्टीन बेयरेश?

ब्रोकरेज फर्म बर्नस्टीन का मानना ​​है कि प्रीमियर और वारी एनर्जीज अच्छी कंपनियां तो हैं। हालांकि इसके बावजूद इन्हें ऐसे मार्केट में पीक मार्जिन पर हायर मल्टीपल नहीं दिए जा सकता, जहां बिग सप्लाई वेव आने में 12-18 महीने बाकी हैं। ब्रोकरेज फर्म का कहना है कि मौजूदा मांग की तुलना में कंपनियों की क्षमता काफी अधिक है यानी कि डिमांड की तुलना में सप्लाई काफी अधिक है। ब्रोकरेज फर्म का मानना है कि सोलर एनर्जी में धीरे-धीरे तेजी आएगी और घरेलू मार्केट में बड़े पैमाने पर बिजली बनाने वाली कंपनियों से घरेलू सेल की मांग वित्तीय वर्ष 2028-2029 से ही आएगी, जबकि पहले इसके वित्त वर्ष 2027 के मध्य से ही आने की उम्मीद थी। ब्रोकरेज फर्म का मानना है कि प्रीमियर और वारी एनर्जीज के मार्जिन में कमी के संकेत वित्त वर्ष 2026 की तीसरी तिमाही के नतीजे में दिखने लगेंगे।


क्या है टारगेट प्राइस?

प्रीमियर एनर्जीज के लिए बर्न्स्टीन ने टारगेट प्राइस को ₹780 से घटाकर ₹718 कर दिया जबकि वारी एनर्जीज का टारगेट प्राइस ₹2087 से हल्का-सा बढ़ाकर ₹2,109 कर दिया है। ओवरऑल बात करें तो प्रीमियम एनर्जीज को कवर करने वाले 12 एनालिस्ट्स में से छह ने इसे खरीदारी की रेटिंग दी है तो दो ने होल्ड और चार ने सेल रेटिंग दी है। वहीं वारी एनर्जीज को कवर करने वाले 13 एनालिस्ट्स में से नौ ने इसे खरीदारी और चार ने सेल रेटिंग दी है।

एक साल में कैसी रही शेयरों की चाल?

प्रीमियर एनर्जीज के शेयर पिछले साल 3 जनवरी 2025 को ₹1378.15 पर थे जो इसके शेयरों के लिए एक साल का रिकॉर्ड हाई है। इस हाई से यह तीन ही महीने में 45.18% फिसलकर 7 अप्रैल 2025 को ₹755.55 पर आ गया जो इसके शेयरों के लिए एक साल का रिकॉर्ड निचला स्तर है। अब वारी एनर्जीज की बात करें तो इसके शेयर पिछले साल 7 अप्रैल 2025 को ₹1808.65 पर थे जो इसके शेयरों के लिए एक साल का रिकॉर्ड निचला स्तर है। इस निचले स्तर से यह पांच ही महीने में 113.66% उछलकर 12 सितंबर 2025 को ₹3864.40 पर पहुंच गया जो इसके शेयरों के लिए एक साल का रिकॉर्ड हाई लेवल है।

भारतीय शेयर बाजार की विदेशी ब्रोकरेज ने घटाई रेटिंग, कहा- 2026 में अब सिर्फ 7.5% रिटर्न की उम्मीद

डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।