Pharma Stocks: फार्मा शेयरों में इस समय काफी जोश दिख रहा है। इस महीने निफ्टी का फार्मा इंडेक्स निफ्टी फार्मा (Nifty Pharma) 3 फीसदी से अधिक मजबूत हुआ है। मार्केट एक्सपर्ट्स के मुताबिक फार्मा शेयरों में निवेश का शानदार मौका है। घरेलू ब्रोकरेज फर्म मोतीलाल ओसवाल ने इस सेक्टर के पांच ऐसे शेयर सुझाए हैं जिसमें से तीन तो पिछले साल एक साल के हाई पर था यानी कि अभी ये अच्छे-खासे डिस्काउंट पर मिल रहे हैं और पैसे लगाकर तगड़ा मुनाफा कमा सकते हैं। ब्रोकरेज फर्म ने अपोलो हॉस्पिटल्स (Apollo Hospitals), सन फार्मा (Sun Pharma), सोलारा एक्टिव फार्मा (Solara Active Pharma), ग्रेन्यूल्स (Granules), पीरामल फार्मा (Piramal Pharma) में पैसे लगाने की सलाह दी है। इनमें निवेश कर 23 फीसदी मुनाफा कमा सकते हैं।
अस्पतालों की चेन ऑपरेट करने वाली अपोलो हॉस्पिटल्स के शेयर इस महीने 5 फीसदी से अधिक मजबूत हुए हैं और ब्रोकरेज के मुताबिक अभी यह 12 फीसदी और चढ़ेगा। इसके शेयर अभी बीएसई पर 5092.25 रुपये पर हैं और यह 5700 रुपये पर पहुंच सकता है। इस साल 15 फरवरी 2023 को यह एक साल के निचले स्तर 4,078.40 रुपये पर था। इसके बाद 5 महीने में यह 31 फीसदी से अधिक मजबूत होकर एक साल के हाई 5,362 रुपये पर पहुंच गया। हालांकि इस हाई से फिलहाल यह 5 फीसदी डिस्काउंट पर है।
सन फार्मा देश की सबसे बडी और दुनिया की चौथी सबसे बड़ी स्पेशलिटी जेनेरिक फार्मा कंपनी है। इस महीने यह 3 फीसदी से अधिक उछलकर बीएसई पर फिलहाल 1149.80 रुपये पर है। ब्रोकरेज फर्म के मुताबिक यह 1310 रुपये तक जा सकता है जो मौजूदा लेवल से करीब 14 फीसदी अपसाइड है। पिछले महीने 3 अगस्त 2023 को यह 1169.90 रुपये पर था जो इसका करीब 8 साल का रिकॉर्ड हाई है। 19 सितंबर 2022 को यह एक साल के निचले स्तर 856.85 रुपये पर था।
एपीआई (एक्टिव फार्मा इनग्रेडिएंट) कंपनी सोलारा एक्टिव फार्मा में मौजूदा लेवल पर निवेश कर 15 फीसदी मुनाफा कमा सकते हैं। इसके शेयर अभी बीएसई पर 365.40 रुपये पर हैं और ब्रोकरेज ने इसमें निवेश के लिए 420 रुपये का टारगेट प्राइस दिया है। पिछले साल 21 दिसंबर 2022 को यह एक साल के हाई 494.90 रुपये पर था लेकिन फिर 3 महीने में यह 34 फीसदी से अधिक टूटकर 31 मार्च 2023 को यह एक साल के निचले स्तर 326 रुपये पर आ गया। इस लेवल से अब तक यह 12 फीसदी रिकवर हो चुका है। इस महीने यह डेढ़ फीसदी से अधिक मजबूत हुआ है।
पैरासीटामोल, आईबूप्रोफेन और मेटफॉर्मिन जैसी बिना पेटेंट की दवाएं बनाने वाली ग्रेन्यूल्स इंडिया के शेयर अभी 331.10 रुपये पर हैं। इस महीने यह 11 फीसदी से अधिक ऊपर चढ़ चुका है। ब्रोकरेज के मुताबिक अभी यह 12 फीसदी और चढ़ेगा। पिछले साल 4 नवंबर 2022 को यह एक साल के हाई 381.25 रुपये पर था। इसके बाद पांच महीने में यह 30 फीसदी फिसलकर एक साल के निचले स्तर 267.85 रुपये पर आ गया। हालांकि इस लेवल से यह करीब 24 फीसदी रिकवर हो गया।
पीरामल फार्मा के शेयर इस महीने 0.78 फीसदी कमजोर हुए हैं। अब ब्रोकरेज के मुताबिक इस गिरावट को निवेश के मौके के रूप में देखना चाहिए क्योंकि यह 125 रुपये तक जाएगा जो मौजूदा लेवल से 23 फीसदी अपसाइड है। इसके शेयर अभी बीएसई पर 101.65 रुपये पर हैं। पिछले साल 19 अक्टूबर 2022 को यह 197.16 रुपये की रिकॉर्ड हाई पर था। इसके बाद 5 महीने में यह 69 फीसदी टूटकर 28 मार्च 2023 को 61.68 रुपये पर आ गया जो एक साल का निचला स्तर है। इस निचले स्तर से यह 65 फीसदी रिकवर हो चुका है।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।