भारत डायनेमिक्स से सरकार खरीदेगी इनवार मिसाइलें, ₹3000 करोड़ का हो सकता है ऑर्डर, शेयर 52-हफ्ते के हाई पर

Bharat Dynamics Shares: भारत सरकार देश की सैन्य ताकत को और मजबूत करने के लिए भारत डायनेमिक्स (BDL) से लगभग 500 इनवार एंटी-टैंक गाइडेड मिसाइलों (ATGMs) को खरीदने की योजना बना रही है। इस डिफेंस सौदे की लागत 2,000 करोड़ से 3,000 करोड़ रुपये के बीच हो सकती है। इस बीच भारत डायनेमिक्स के शेयर आज 4% तक उछलकर अपने नए 52-वीक हाई पर पहुंच गए

अपडेटेड May 27, 2025 पर 1:43 PM
Story continues below Advertisement
Bharat Dynamics Shares: इनवार मिसाइलों को टैंक प्लेटफॉर्म से लॉन्च करने के लिए डिजाइन किया गया है।

Bharat Dynamics Shares: भारत सरकार देश की सैन्य ताकत को और मजबूत करने के लिए भारत डायनेमिक्स (BDL) से लगभग 500 इनवार एंटी-टैंक गाइडेड मिसाइलों (ATGMs) को खरीदने की योजना बना रही है। इस डिफेंस सौदे की लागत 2,000 करोड़ से 3,000 करोड़ रुपये के बीच हो सकती है। सरकार के एक सीनियर अधिकारी ने मनीकंट्रोल को यह जानकारी दी है। इस बीच भारत डायनेमिक्स के शेयर आज 27 मई को कारोबार के दौरान 4% तक उछलकर 1,991.50 रुपये के अपने नए 52-वीक हाई पर पहुंच गए।

इनवार मिसाइलें खासतौर से T-90 मेन बैटल टैंकों से दागी जाने वाली गाइडेड मिसाइलें हैं, जो अपनी सटीक निशाना साधने की क्षमता के लिए जानी जाती हैं। भारत की अग्रिम पंक्ति की टैंक रेजिमेंट्स में पहले से ही इन मिसाइलों का इस्तेमाल हो रहा है। इस खरीद के जरिए सरकार भारत की बख्तरबंद युद्ध क्षमताओं को और अधिक धार देने की तैयारी में है।

एक अधिकारी ने बताया, “इनवार मिसाइलों को टैंक प्लेटफॉर्म से लॉन्च करने के लिए डिजाइन किया गया है। रक्षा मंत्रालय, भारत डायनेमिक्स से 500 मिसाइलों के ऑर्डर को अंतिम रूप दे रहा है, जिस पर कुल खर्च 2,000 करोड़ रुपये से 3,000 करोड़ रुपये के बीच होने की उम्मीद है।”


अधिकारी ने बताया कि फिलहाल इस प्रस्ताव का वित्तीय आकलन चल रहा है, जिसकी रिपोर्ट के बाद ही यह तय हो सकेगा कि अंतिम मंजूरी किस स्तर से ली जाएगी। उन्होंने बताया, "रक्षा खरीद मामलों में लागत के अनुसार मंजूरी के अलग-अलग स्तर होते हैं। 2,000 करोड़ रुपये तक के ऑर्डर को रक्षा मंत्री की मंजूरी से पास किया जा सकता है। अगर राशि 3,000 करोड़ के करीब होती है तो इसे वित्त मंत्री की मंजूरी की आवश्यकता होती है। अगर लागत 3,000 करोड़ रुपये से अधिक होती है तो सौदे को कैबिनेट की मंजूरी लेनी पड़ती है।"

यह सौदा खासकर भारत की पश्चिमी और उत्तरी सीमाओं पर सैन्य तैयारियों को मजबूत करेगा, जहां टी-90 टैंकों पर आधारित मैकेनाइज्ड फॉर्मेशन बड़ी भूमिका निभाते हैं।

डिफेंस एक्विजिशन काउंसिल (DAC) की भूमिका

अधिकारी ने बताया कि इस पैमाने के प्रस्तावे आम तौर पर रक्षा मंत्री की अध्यक्षता वाली डिफेंस एक्विजिशन काउंसिल (DAC) से होकर गुजरते हैं, जो 2000 करोड़ रुपये तक की रक्षा खरीद को मंजूरी देता है। इससे ऊपर की राशि के लिए उच्च स्तर की मंजूरी आवश्यक होती है। बता दें कि ऑपरेशन सिंदूर के बाद रक्षा मंत्री ने इस महीने की शुरुआत में भारतीय सेना को हथियारों और गोला-बारूद की खरीद के लिए इमरजेंसी प्रावधानों के तहत 40,000 करोड़ रुपये मंजूर किए थे।

'मेक इन इंडिया' को मिलेगा बढ़ावा

यह खरीद भारत सरकार की 'आत्मनिर्भर भारत' और 'मेक इन इंडिया' पहल के तहत देश में रक्षा उत्पादन को बढ़ावा देने के दिशा में एक और बड़ा कदम माना जा रहा है। भारत डायनामिक्स लिमिटेड, भारत सरकार के स्वामित्व वाली एक सरकारी कंपनी है। यह कंपनी भारतीय सशस्त्र बलों के लिए मिसाइल सिस्टम्स और सटीक मारक क्षमता वाले हथियारों को बनाती और सप्लाई करती है।

इस साल 73% चढ़ा शेयर

दोपहर 12.30 बजे के करीब, भारत डायनेमिक्स के शेयर 2.86 फीसदी की तेजी के साथ 1964 रुपये के भाव पर कारोबार कर रहे थे। पिछले एक महीने में कंपनी के शेयरों में 32 फीसदी और इस साल की शुरुआत से अबतक करीब 73 फीसदी की तेजी आ चुकी है।

यह भी पढ़ें- Stock Market Crash: शेयर बाजार क्रैश, सेंसेक्स 820 अंक लुढ़का, इन 9 कारणों से आई बड़ी गिरावट

डिस्क्लेमरः Moneycontrol पर एक्सपर्ट्स/ब्रोकरेज फर्म्स की ओर से दिए जाने वाले विचार और निवेश सलाह उनके अपने होते हैं, न कि वेबसाइट और उसके मैनेजमेंट के। Moneycontrol यूजर्स को सलाह देता है कि वह कोई भी निवेश निर्णय लेने के पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट से सलाह लें।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।