BHEL Q3 Result: मुनाफे में 191% का तगड़ा उछाल, शेयरों की खरीदारी से पहले चेक करें रिजल्ट की खास बातें

BHEL Q3 Result: चालू वित्त वर्ष 2026 की तीसरी तिमाही में भेल का रेवेन्यू और ऑपरेटिंग लेवल पर मुनाफा बढ़ा। इसका नेट प्रॉफिट 191% बढ़ गया। हालांकि इसके रेवेन्यू और ऑपरेटिंग प्रॉफिट की ग्रोथ उम्मीद से कम रही। इसका असर आज शेयरों की चाल पर भी दिखा। चेक करें कंपनी के लिए दिसंबर 2025 तिमाही कैसी रही और इसके मुनाफे में तेज उछाल की वजह क्या रही?

अपडेटेड Jan 19, 2026 पर 4:06 PM
Story continues below Advertisement
BHEL Q3 Results: दिसंबर 2025 तिमाही में भेल का रेवेन्यू सालाना आधार पर 16.4% बढ़कर ₹8,473 करोड़ पर पहुंच गया।

BHEL Q3 Result: देश की सबसे बड़ी इंजीनियरिंग और मैन्युफैक्चरिंग कंपनियों में शुमार भारत हैवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड (BHEL) के शेयरों में आज काफी उठा-पटक दिखी। भेल को दिसंबर 2025 तिमाही में हायर अदर इनकम के दम पर 191% से अधिक मुनाफा हासिल हुआ तो कंपनी का रेवेन्यू भी इस दौरान 16% से अधिक बढ़ गया। हालांकि कंपनी के रेवेन्यू की ग्रोथ उम्मीद से कमजोर रही और ऑपरेटिंग लेवल पर भी कंपनी के मुनाफे की रफ्तार सुस्त रही। शेयरों की बात करें तो आज बीएसई पर यह 0.94% की गिरावट के साथ ₹263.05 (BHEL Share Price) पर बंद हुआ है। इंट्रा-डे में यह 3.37% टूटकर ₹256.60 तक आ गया था।

BHEL Q3 Results: खास बातें

दिसंबर 2025 तिमाही में भेल का रेवेन्यू सालाना आधार पर 16.4% बढ़कर ₹8,473 करोड़ पर पहुंच गया। इस दौरान कंपनी का शुद्ध मुनाफा भी 191.04% उछलकर ₹390 करोड़ पर पहुंच गया। इसे हायर अदर इनकम से सपोर्ट मिला जोकि दिसंबर तिमाही में सालाना आधार पर दोगुना से अधिक बढ़कर ₹108 करोड़ से बढ़कर ₹219 करोड़ पर पहुंच गया। ऑपरेटिंग लेवल पर बात करें तो भेल का EBITDA यानी ऑपरेटिंग प्रॉफिट 79% बढ़कर ₹546 करोड़ पर पहुंच गया तो ऑपरेटिंग मार्जिन भी 4.2% से 6.4% पर पहुंच गया। न्यूज एजेंसी ब्लूमबर्ग के सर्वे में कंपनी को ₹8,827 करोड़ के रेवेन्यू और ₹704 करोड़ के ऑपरेटिंग प्रॉफिट का अनुमान लगाया गया था।


कारोबारी नतीजे के साथ-साथ एक और एक्सचेंज फाइलिंग में भेल ने एक और बड़ा ऐलान तिया। भेल के बोर्ड ने मौजूदा कारोबारी माहौल का हवाला देते हुए वाराणसी में नए प्लांट के सेटअप को समय से पहले बंद करने की मंजूरी दे दी है। इस नए प्लांट के लिए जिन प्रोडक्ट्स की योजना बनाई गई थी, उन्हें अब अन्य मौजूदा यूनिट्स में तैयार किया जा रहा है। करीब दो साल पहले जनवरी 2024 में कंपनी ने ऐलान किया था कि वह अगले दो वर्षों में वाराणसी में एक नया रेलवे प्रपल्सन सिस्टम बनाने की योजना बना रही है। इसके तहत डेट और इक्विटी मिलाकर ₹345 करोड़ के निवेश की योजना थी।

एक साल में कैसी रही शेयरों की चाल?

भेल के शेयरों ने कम समय में ही निवेशकों की ताबड़तोड़ कमाई कराई थी। भेल के शेयर पिछले साल 3 मार्च 2025 को ₹176.00 पर थे जो इसके शेयरों के लिए एक साल का रिकॉर्ड निचला स्तर है। इस निचले स्तर से यह 10 ही महीने में 73.78% उछलकर 7 जनवरी 2026 को ₹305.85 पर पहुंच गया जो इसके शेयरों के लिए एक साल का रिकॉर्ड हाई लेवल है।

ICICI Bank के शेयर धडाम, पांच ब्रोकरेज फर्मों से जाने आगे की निवेश स्ट्रैटेजी

डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।