इस बार उभरते बाजारों ( emerging markets)और एशिया प्रशांत क्षेत्र के इक्विटी बाजारों (Asia Pacific equities)के लिए मंदी का दौर काफी लंबा रहा है। जोनाथन गार्नर (Jonathan Garner)के साथ मिलकर लिखी गई मॉर्गन स्टेनली की नवीनतम रिपोर्ट के मुताबिक, उभरते बाजार (EM)पहली बार फरवरी 2021 में मुश्किल में पड़ते नजर आए। इसका मतलब यह है कि हम 600 दिनों से मंदी के बाजार में हैं। आम तौर पर किसी बियर मार्केट की अवधि 289 दिनों की होती है। मॉर्गन स्टैनली की इस रिपोर्ट में आगे कहा गया है कि पीक से बॉटम का माइनस 40 फीसदी का मूव भी औसत से ज्यादा है। 2021 के डॉटकॉम संकट के दौरान पीक से बॉटम हासिल करने में 589 दिन लगा था जबकि इस बार इसमें 590 दिन लगे हैं।
लेकिन मॉर्गन स्टेनली का यह भी मानना है कि अब सुरंग के अंतिम छोर से उम्मीद की किरण दिखाई दे रही है। अब इमर्जिंग और तमाम एशियाई बाजार मंदी के अंतिम दौर में नजर आ रहे हैं। जल्द ही हमें बियर मार्केट का साइकिल पूरा होता नजर आएगा। मॉर्गन स्टैनली ने अपनी इस रिपोर्ट में प्रतिकात्मक भाषा का उपयोग करते हुए कहा है कि काफी बड़े जंगल की कटाई हो चुकी है। अब हमें अगले चक्र के लिए नए पौधे रोपने की तैयारी करनी चाहिए।
भारत पर क्या है मॉर्गन स्टैनली की राय
मॉर्गन स्टेनली भारत पर Underweightहै। मॉर्गन स्टैनली ने अपनी इस रिपोर्ट में कहा है कि इंडोनेशिया, सिंगापुर और भारत की इकोनॉमी बुनियादी तौर पर काफी मजबूत है और यहां की मैक्रो कंडिशन भी अच्छी है। इसके बावजूद भी ये बाजार महंगे नजर आ रहे हैं। इस रिपोर्ट में आगे कहा गया है कि 2022 में भारतीय बाजार ने तुलनात्मक रूप से काफी अच्छा प्रदर्शन किया है। ऐसे में अब इमर्जिंग मार्केट में फिर से आने वाले उछाल में भारत पिछड़ता नजर आ सकता है। गौरतलब है कि इस साल निफ्टी में अब तक सिर्फ 1.7 फीसदी की गिरावट आई है जबकि MSCI EM index 35 फीसदी टूटा है।
मॉर्गन स्टेनली ने कोरिया और ताइवान को अपग्रेड करके Overweight रेटिंग दी है। जबकि भारत के लिए वह अंडरवेट है। भारतीय बाजार पर अंडरवेट होने के बावजूद मॉर्गन स्टैनली भारत के फाइनेंशियल सेक्टर पर ओवरवेट है। इसके अलावा ब्रोकरेज हाउस वैल्यूएशन के आधार पर भारत के इंडस्ट्रियल सेक्टर की रेटिंग अंडरवेट की है।
मॉर्गन स्टैनली ने अपने GEM Focus लिस्ट में ICICI Bank को जोड़ा है औऱ इसके लिए 1225 रुपये का लक्ष्य दिया है। मॉर्गन स्टेनली का मानना है कि ICICI Bank बैंक की वर्तमान लेवल से 40 फीसदी की तेजी देखने को मिल सकती है। मॉर्गन स्टेनली भारत के लॉन्ग टर्म संभावनाओं को लेकर बुलिश बना हुआ है। मॉर्गन स्टेनली का कहना है कि लंबी अवधि के नजरिए से भारतीय बाजार में कमाई होने की अच्छी संभावना है।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए विचार एक्सपर्ट के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदाई नहीं है। यूजर्स को मनी कंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।