Titan Share Price: राकेश झुनझुनवाला के पोर्टफोलियो की पसंदीदा कंपनियों में से एक Titan के शेयरों में आज 7 जुलाई को 6% से ज्यादा तेजी आई। इसकी वजह रही जून तिमाही में कंपनी के सेल्स में जबरदस्त ग्रोथ। हालांकि इस ग्रोथ की वजह लो बेस इफेक्ट है लेकिन जून तिमाही में Titan की सेल्स 120% बढ़ी है।
Titan Company के शेयर आज कारोबार के अंत में 5.78% की तेजी यानी 116.40 रुपए बढ़कर 2129.95 रुपए पर बंद हुए हैं। हालांकि यह तेजी पिछले एक हफ्ते से बरकरार है। पिछले 5 दिनों में Titan के शेयर 12.61% चढ़े हैं।
Titan की ग्रोथ जून तिमाही में कैसी रही?
फिस्कल ईयर 2023 की पहली तिमाही में Titan के ज्वैलरी की सेल्स एक साल पहले की इसी तिमाही के मुकाबले 207% बढ़ी है। वहीं घड़ियों और वियरेबल आइटम की सेल्स एक साल पहले की जून तिमाही के मुकाबले 158% बढ़ी है।
कंपनी ने मार्केट को दी गई जानकारी में बताया, "फिस्कल ईयर 2023 की शुरुआत ज्वैलरी बिजनेस के लिए अच्छा रहा है। कोरोनावायरस संक्रमण की वजह से दो साल तक कमजोर डिमांड के बाद इस साल मई में अक्षय तृतिया में अच्छी मांग रही।"
फिस्कल ईयर 2023 की पहली तिमाही में Titan ने 120 नए स्टोर्स खोले हैं। अब कंपनी के कुल स्टोर्स की संख्या बढ़कर 2160 पहुंच गई है।
Titan के शेयरों में क्या करें निवेशक?
फॉरेन रिसर्च फर्म सिटी ने Titan के शेयरों को 'खरीदने' की सलाह बरकरार रखते हुए इसका टारगेट प्राइस 2890 रुपए कर दिया है। फिस्कल ईयर 2023 की पहली तिमाही में कंपनी की सेल्स ग्रोथ 23% रही। इसमें बुलियन की बिक्री शामिल नहीं है। सिटी को उम्मीद है कि आने वाले दिनों में डिमांड बढ़ने के साथ शेयरों में और तेजी आएगी।
CNBC-TV18 की एक रिपोर्ट के मुताबिक, गोल्ड पर इंपोर्ट ड्यूटी बढ़ाने, गोल्ड की कीमतों में उतारचढ़ाव और गलाकाट प्रतियोगिता के कारण Titan का मुनाफा प्रभावित हो सकता है।
ब्रोकरेज फर्म मॉर्गन स्टैनली ने Titan के लिए ओवरवेट रेटिंग बरकरार रखते हुए इसका टारगेट प्राइस 2621 रुपए तय किया है।
Titan में राकेश झुनझुनवाला की कितनी है हिस्सेदारी?
जनवरी से मार्च 2022 तक Titan के शेयरहोल्डिंग पैटर्न के मुताबिक, राकेश झुनझुनवाला के पास टाइटन के 3,53,10,395 शेयर यानी करीब 3.98% हिस्सेदारी थी। वहीं उनकी पत्नी रेखा झुनझुनवाला के पास 95,40,575 शेयर यानी 1.07% हिस्सेदारी थी। कुल मिलाकर राकेश झुनझुनवाला के पास Titan के 4,48,50,970 शेयर यानी करीब 5.05% हिस्सेदारी है।