TVS MOTOR SHARE PRICE: टीवीएस मोटर कंपनी (TVS Motor Company) का पहली तिमाही के लिए शुद्ध मुनाफा 46 प्रतिशत बढ़कर 468 करोड़ रुपये हो गया है। चेन्नई स्थित दोपहिया और तिपहिया वाहन बनाने वाली कंपनी ने आय में 20 प्रतिशत का इजाफा हुआ। कंपनी की आय बढ़कर 7,218 करोड़ रुपये हो गई। पहली तिमाही के दौरान बिक्री में अभूतपूर्व वृद्धि, बेहतर मार्जिन, व्यापक प्रोडक्ट मिक्स के आधार पर टीवीएस मोटर के नतीजे अच्छे रहे। नतीजों के बाद ब्रोकरेज फर्मों ने इस स्टॉक पर अपनी रणनीति बनाई है। जेफरीज और नोमुरा ने टीवीएस मोटर पर खरीदारी की रेटिंग दी है। जबकि सीएलएसए ने इस स्टॉक पर बेयरिश नजरिया अपनाया है।
नोमुरा ने टीवीएस मोटर पर खरीदारी की रेटिंग दी है। उन्होंने इसके शेयर का लक्ष्य 1,539 रुपये प्रति शेयर तय किया है। उनका कहना है कि कंपनी के कारोबार की ग्रोथ जारी रहेगी, पहली तिमाही का मार्जिन थोड़ा नीचे रहा है। स्टॉक को बढ़ाने के लिए सभी सेगमेंट में मजबूत प्रोडक्ट परफॉर्मेंस जरूरी है।
गोल्डमैन सैक्स ने टीवीएस मोटर पर न्यूट्रल रेटिंग दी है। उन्होंने इसके शेयर का लक्ष्य 1,340 रुपये प्रति शेयर तय किया है। उनका कहना है कि कंपनी के Q1 नतीजे उम्मीद के मुताबिक रहे। मैनेजमेंट ने संकेत दिया कि निर्यात बाजारों में खुदरा बिक्री तिमाही आधार पर बढ़ रही है। वित्त वर्ष 24 के शेष हिस्से में थोक विक्रेताओं को भी ऐसे रुझान की उम्मीद है। फंड इन्फ्यूजन के बाद टीवीएस क्रेडिट में कंपनी की हिस्सेदारी 85% से गिरकर 81% हो गई है।
सीएलएसए ने टीवीएस मोटर पर बिकवाली की रेटिंग दी है। उन्होंने इसके शेयर का लक्ष्य 1190 रुपये प्रति शेयर तय किया है। उनका कहना है कि EBITDA कमजोर रहने का मुख्य कारण स्टाफ और माल ढुलाई लागत में वृद्धि है। सहायक कंपनियों में निवेश से कैश फ्लो में कमी जारी है।
(डिस्क्लेमरः Moneycontrol.com पर दिए जाने वाले विचार और निवेश सलाह निवेश विशेषज्ञों के अपने निजी विचार और राय होते हैं। Moneycontrol यूजर्स को सलाह देता है कि वह कोई निवेश निर्णय लेने के पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट से सलाह लें।)