टीवीएस मोटर (TVS MOTOR) के FY23 के तीसरी तिमाही के नतीजे अनुमान से अच्छे रहे। तीसरी तिमाही में कंपनी का मुनाफा 22% बढ़कर 352.8 करोड़ रुपये रहा। जबकि कंपनी की आय इस अवधि में 14.7% बढ़कर 6,545.4 करोड़ रुपये रही। कंपनी के बोर्ड ने अच्छे नतीजों से उत्साहित होकर 5 रुपये प्रति शेयर अंतरिम डिविडेंड का ऐलान किया है। कंपनी के मैनेजमेंट को Q4 में मार्जिन सुधरने की उम्मीद है। सेमीकंडक्टर की सप्लाई बढ़ने से वॉल्यूम में सुधार होगा। मैनेजमेंट का कहना है कि वॉल्यूम बढ़ने से एक्सपोर्ट में सुधार की उम्मीद भी है। अगले 12-18 महीने में नए EV प्रोडक्ट लॉन्च करने पर कंपनी का फोकस है। 5-25Kwh की बैटरी क्षमता के साथ नये ईवी का लॉन्च संभव है।
आज यानी 25 जनवरी 2023 को सुबह 9.46 बजे एनएसई पर ये शेयर 2.60 प्रतिशत या 25.60 अंक ऊपर 1009.45 के स्तर पर कारोबार कर रहा था।
गोल्डमैन सैक्स ने टीवीएस पर न्यूट्रल रेटिंग देकर इसका लक्ष्य 1,050 रुपये प्रति शेयर तय किया है। उनका कहना है कि कंपनी के Q3 नतीजे अनुमान के मुताबिक रहे। कंपनी 2 व्हीलर डिमांड में रिकवरी के बारे में आशावादी बनी हुई है।
यूबीएस ने टीवीएस मोटर पर खरीदारी की रेटिंग दी है। उन्होंने इसके शेयर का टारगेट 1,350 रुपये प्रति शेयर तय किया है। उनका कहना है कि EV Surge के बावजूद मार्जिन ठीक रही। इसकी तीसरी तिमाही के नतीजे उम्मीद के मुताबिक रहे।
सीएलएसए ने टीवीएस मोटर पर कहना है कि नजदीकी अवधि में डिमांड आउटलुक अनिश्चित रह सकता है। लिहाजा इन्होंने इस पर बिकवाली की रेटिंग दी है। इन्होंने इसका लक्ष्य 971 रुपये तय किया है।
मॉर्गन स्टैनली ने टीवीएस मोटर पर कहा कि कमजोर वॉल्यूम के बावजूद कंपनी के तीसरी तिमाही के नतीजे अनुमान के मुताबिक रहे। उनका कहना है कि नजदीकी अवधि में मार्जिन ट्रेंड जारी रह सकता है। ब्रोकरेज ने स्टॉक पर इक्वल-वेट रेटिंग दी है। उन्होंने इसका लक्ष्य 1121 रुपये तय किया है।
जेफरीज ने टीवीएस मोटर पर खरीदारी की रेटिंग दी है। उन्होंने इसका लक्ष्य 1550 रुपये तय किया है। उनका कहना कि कंपनी अगले 18 महीनों में कई प्रोडक्ट्स लॉन्च करने की योजना बना रही है।
सिटी ने टीवीएस मोटर पर बिकवाली की रेटिंग देकर इसका लक्ष्य 800 रुपये प्रति शेयर तय किया है। उनका कहना है कि कंपनी के बाईक सेगमेंट में घरेलू बाजार में हाई कॉम्पिटिशन देखने को मिल सकता है।
(डिस्क्लेमरः Moneycontrol.com पर दिए जाने वाले विचार और निवेश सलाह निवेश विशेषज्ञों के अपने निजी विचार और राय होते हैं। Moneycontrol यूजर्स को सलाह देता है कि वह कोई निवेश निर्णय लेने के पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट से सलाह लें। )