Cyient DLM stock : 15 अप्रैल को Cyient DLM के शेयरों पर बाजार का फोकस देखने को मिल रहा। कोटक इंस्टीट्यूशनल इक्विटीज ने इस स्टॉक पर "सेल" कॉल और 570 रुपये के लक्ष्य मूल्य के साथ अपनी कवरेज शुरू की है। पिछले कारोबारी सत्र यानी 12 अप्रैल को ये स्टॉक 705 रुपए पर बंद हुआ था। वहीं, आज 15 अप्रैल को 11.20 बजे के आसपास 14.75 रुपए यानी 2.09 फीसदी की कमजोरी के साथ 690 रुपए के आसपास कारोबार कर रहा है। स्टॉक का दिन का लो 676.00 रुपए और दिन का हाई 698.40 रुपए है। स्टॉक का वॉल्यूम 70,610 शेयर के आसपास है। वहीं, मार्केट कैप 5,480 करोड़ रुपए है।
पिछले साल 67 फीसदी भागा स्टॉक
बैंगलोर स्थित Cyient DLM एयरोस्पेस, डिफेंस, मेडिकल टेक्नोलॉजी और इंडस्ट्रयिल सेक्टर के लिए मिशन-क्रिटिकल इलेक्ट्रॉनिक्स अप्लीकेशन सेवाएं प्रदान करती है। ब्रोकरेज को उम्मीद है कि वित्त वर्ष 2024 से वित्त वर्ष 2026 तक कंपनी के रेवेन्यू में मजबूत ग्रोथ देखने को मिलेगी। लेकिन कमजोर मार्जिन प्रोफाइल और बिगड़ते वर्किंग कैपिटल साइकिल के चलते स्टॉक को लेकर सावधानी बरतने की सलाह है। पिछले साल के दौरान स्टॉक में लगभग 67 फीसदी की बढ़त हुई है।
कैसा रहा कंपनी का प्रदर्शन
कंपनी के प्रदर्शन पर नजर डालें तो दिसंबर तिमाही में साइएंट डीएलएम के नेट प्रॉफिट में साल-दर-साल 26 फीसदी की ग्रोथ देखने को मिली थी और ये 18 करोड़ रुपये पर रहा था। कंपनी का रेवेन्यू भी पिछले वित्त वर्ष के 291.8 करोड़ रुपये के मुकाबले 10 फीसदी बढ़कर 321 करोड़ रुपये पर रहा था। कंपनी के मुनाफे में एयरोस्पेस और डिफेंस सेक्टर का सबसे ज्यादा योगदान रहा था।
8 अप्रैल को जारी अपनी एक रिपोर्ट में ब्रोकरेज कंपनी मोतीलाल ओसवाल के विश्लेषकों ने कहा था कि अपनी समकक्ष कंपनियों में से, Cyient DLM अपने मजबूत ग्राहक बेस और एयरोस्पेस और डिफेंस सेक्टर (घरेलू और निर्यात दोनों) में कई दशकों के अनुभव का फायदा उठाकर बढ़ते EMS अवसर को हथियाने के लिए बेहतर स्थिति में है। ब्रोकरेज ने यह भी कहा था कि डिफेंस सेक्टर के स्वदेशीकरण पर देश के फोकस के साथ तालमेल बिठाने और कंपनी की घरेलू डिफेंस ग्रोथ की कहानी को आगे बढ़ाने के लिए कंपनी ने डिफेंस में सेक्टर में मजबूत पकड़ और गहरे संबंधों रखने वाले लोगों को काम पर रखा है।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए विचार एक्सपर्ट के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदाई नहीं है। यूजर्स को मनी कंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।