BSE इंडेक्स सर्विसेज ने कई बेंचमार्क इंडेक्सेज में बदलावों की घोषणा की है। ये 22 जून, 2026 से लागू होंगे। बदलाव वाले इंडेक्सेज में BSE 100, BSE Sensex 50 और BSE Sensex Next 50 शामिल हैं। BSE Index Services का कहना है कि रिव्यू उसकी नियमित अर्ध-वार्षिक पुनर्गठन प्रक्रिया के तहत किया गया। बदलाव सोमवार, 22 जून 2026 को ट्रेडिंग शुरू होते ही प्रभावी हो जाएंगे।
सबसे पहले बात करते हैं BSE 100 की। इस इंडेक्स में अशोक लीलैंड, वन97 कम्युनिकेशंस यानि पेटीएम और CG पावर एंड इंडस्ट्रियल सॉल्यूशंस की एंट्री होने वाली है। ये कंपनियां क्रमशः अंबुजा सीमेंट्स, ट्यूब इनवेस्टमेंट्स ऑफ इंडिया और कोलगेट-पामोलिव इंडिया की जगह लेंगी। BSE Sensex 50 में फेरबदल के तहत TVS मोटर कंपनी को इंडेक्स में शामिल किया गया है। वहीं अदाणी एंटरप्राइजेज इस इंडेक्स से बाहर हो जाएगी।
इसी तरह BSE Sensex Next 50 में अदाणी एंटरप्राइजेज की एंट्री होगी और TVS मोटर कंपनी बाहर हो जाएगी। इस इंडेक्स में जगह बनाने जा रहे अन्य शेयरों में अशोक लीलैंड, वन97 कम्युनिकेशंस और CG पावर एंड इंडस्ट्रियल सॉल्यूशंस शामिल हैं। ये कंपनियां अंबुजा सीमेंट्स, कोलगेट-पामोलिव इंडिया और ट्यूब इनवेस्टमेंट्स ऑफ इंडिया की जगह लेंगी। सेक्टोरल इंडेक्स में, L&T टेक्नोलॉजी सर्विसेज को BSE Focused IT इंडेक्स में शामिल किया गया है। यह Cyient की जगह लेगी।
इंडेक्सेज में समय-समय पर होने वाले इस फेरबदल का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि बेंचमार्क इंडेक्स, लिस्टेड कंपनियों के मार्केट ट्रेंड, लिक्विडिटी और फ्री-फ्लोट मार्केट कैपिटलाइजेशन को सही ढंग से दर्शाएं। बेंचमार्क इंडेक्सेज में शामिल होने से अक्सर इंडेक्स-ट्रैकिंग फंड और एक्सचेंज-ट्रेडेड फंड (ETFs) से पैसिव इनफ्लो (निवेश) आता है। वहीं इंडेक्स से हटाए गए शेयरों में इसके विपरीत आउटफ्लो (बिकवाली) देखने को मिल सकता है।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।