Share Market Today: भारतीय शेयर बाजार में आज 20 दिसंबर को भारी उतार-चढ़ाव के साथ कारोबार देखने को मिला। दिन के कारोबार के दौरान सेंसेक्स एक समय करीब 700 अंकों तक लुढ़क गया था। हालांकि बाद में इसने रिकवरी देखने को मिली है और कारोबार खत्म होते समय बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का 30 शेयरों वाला प्रमुख सूचकांक सेंसेक्स (Sensex) करीब 0.17 फीसदी या 103.90 अंक लुढ़ककर 61,702.29 अंक पर बंद हुआ। वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का 50 शेयरों वाला प्रमुख सूचकांक निफ्टी (Nifty) आज 0.18% फीसदी या 32.85 अंक गिरकर 18,387.60 के स्तर पर आ गया। ऑटो, एफएमसीजी और रियल्टी शेयरों में आज खासतौर से गिरावट देखने को मिली। इस गिरावट के साथ शेयर बाजार के निवेशकों की संपत्ति में आज करीब 51 हजार करोड़ रुपये घट गई।
