LIC Share Price: भारतीय जीवन बीमा निगम (LIC) के शेयर मंगलवार 20 दिसंबर को बीएसई पर 3 फीसदी की उछाल के साथ 754.40 रुपये के स्तर तक पहुंच गए। यह पिछले 6 महीनों का इसका सबसे ऊंचा स्तर है। यह लगातार दूसरा दिन है, जब LIC के शेयर तेजी के साथ कारोबार कर रहे हैं। पिछले 2 दिनों में LIC का शेयर करीब 10% मजबूत हुआ है। वहीं पिछले एक महीने में इसमें करीब 20% की तेजी आई है। जबकि इसके मुकाबले सेंसेक्स में पिछले 1 महीने में 1 फीसदी की गिरावट आई है। इस तेजी के साथ LIC का मार्केट कैप बढ़कर 4.72 लाख करोड़ रुपये पर पहुंच गया है।
तो इसलिए भाग रहा LIC का शेयर?
एक इंडस्ट्री एक्सपर्ट ने कहा, सरकार के कम्पोजिट इंश्योरेंस लाइसेंस (कम्पोजिट इंश्योरर जो लाइफ और जनरल इंश्योरेंस पॉलिसीज बेच सके) जारी करने के प्रस्ताव, सरकार की एलआईसी के हेड के रूप में प्राइवेट सेक्टर से नियुक्ति करने की खबरों, ऊंचे डिविडेंड और बोनस शेयर जारी करने की उम्मीद के चलते प्रॉफिट बुकिंग की पुरानी खबरों के चलते शेयर मजबूत हो रहा है।
एक अन्य इंडस्ट्री एक्सपर्ट ने कहा, एलआईसी बिजनेस बढ़ा रही है। इसके अलावा, सेक्टोरल रेगुलेटर के प्रस्तावित बदलावों से एलआईसी को खासी मदद मिलेगी। शेयर में तेजी की ये वजह भी हो सकती हैं। अकाउंटिंग पॉलिसी में बदलाव से वित्त वर्ष 23 की दूसरी तिमाही में एलआईसी का प्रॉफिट बढ़कर 14,271.80 करोड़ रुपये के स्तर पर पहुंच गया।
IRCTC में बढ़ाई हिस्सेदारी
इस बीच LIC ने इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कॉरपोरेशन (LIC) अपनी हिस्सेदारी 5% से बढ़ाकर 7.3% कर दी है। साथ ही IRCTC में अब LIC सबसे बड़ी शेयरहोल्डर बन गई है। IRCTC, रेल मंत्रालय के तहत आने वाली एक सरकारी कंपनी है।
HDFC एसेट मैनेजमेंट कंपनी में अतिरिक्त हिस्सेदारी खरीदी
इसके अलावा LIC ने इस साल प्राइवेट सेक्टर की प्रमुख एसेट मैनेजमेंट कंपनी एचडीएफसी एएमसी (HDFC AMC) में भी अपनी हिस्सेदारी बढ़ाई है। LIC ने शेयर बाजार से HDFC AMC में अतिरिक्त हिस्सेदारी खरीदी है। HDFC एसेट मैनेजमेंट कंपनी ने एक बयान में बताया कि LIC ने उसके 43.27 लाख अतिरिक्त शेयर या 2.03% अतिरिक्त हिस्सेदारी खरीदारी है। कंपनी ने बताया LIC ने यह हिस्सेदारी 30 मार्च 2022 से 14 दिसंबर 2022 के बीच कई ओपन मार्केट ट्रांजैक्शंस के जरिए खरीदी है।
दोपहर सवा 2 बजे खबर लिखे जाने के समय, LIC के शेयर बीएसई पर 1.55 फीसदी की उछाल के साथ 745.95 रुपये के भाव पर कारोबार कर रहे थे।
डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना हेतु दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।