BSE Share Price: लगातार 5वें दिन गिरा शेयर, क्या बेच दें, होल्ड करें या खरीद लें?

BSE Share Price: 18 अगस्त को यह शेयर 0.70 फीसदी गिरकर 3,308 रुपये पर बंद हुआ। एक हफ्ते में यह शेयर 7 फीसदी से ज्यादा गिरा है। दरअसल, दो ब्रोकरेज फर्मों ने इस शेयर की रेटिंग घटाई है, जिससे स्टॉक पर बिकवाली का दबाव बढ़ गया है

अपडेटेड Aug 18, 2026 पर 4:26 PM
बीएसई का शेयर इस साल करीब 26 फीसदी चढ़ा है।

BSE Share Price: बीएसई के शेयरों में 18 अगस्त को लगातार पांचवें दिन गिरावट आई। दो ब्रोकरेज फर्मों ने इस शेयर की रेटिंग घटाई है, जिससे स्टॉक पर बिकवाली का दबाव बढ़ गया है। 18 अगस्त को यह शेयर 0.70 फीसदी गिरकर 3,308 रुपये पर बंद हुआ। एक हफ्ते में यह शेयर 7 फीसदी से ज्यादा गिरा है। सवाल है कि क्या इस शेयर को बेच दें, होल्ड करें या सस्ते भाव पर खरीद लें?

बीएसई के शेयर में कमजोरी के संकेत

एलकेपी सिक्योरिटीज में टेक्निकल एनालिस्ट वत्सल भुवा ने कहा कि गिरावट से पहले बीएसई के शेयर में एक हफ्ते में जबर्दस्त तेजी दिखी थी। इस दौरान इसका भाव 2,676 से बढ़कर 4,455 रुपये पर पहुंच गया था। उन्होंने कहा कि शेयर 38.2 फीसदी और 61.8 फीसदी फिबोनाकी रिट्रेसमेंट लेवल को पार कर चुका है। इसमें 20-डीएमए और 50-डीएम एर ट्रेडिंग हो रही है। यह बेयरिश प्रेशर लगातार जारी रहने का संकेत है। रिलेटिव स्ट्रेंथ इंडेक्स (RSI) भी करीब 32.5 फीसदी है, जिससे कमजोर मोमेंटम का संकेत मिलता है।


नुवामा ने शेयर पर घटाई रेटिंग 

उन्होंने कहा कि लॉन्ग टर्म इनवेस्टर्स को इस शेयर में 3,000 रुपये पर स्टॉपलॉस लगाना होगा। इस शेयर में तेज गिरावट की शुरुआत नुवामा इंस्टीट्यूशनल इक्विटीज की रिपोर्ट के बाद हुई थी। ब्रोकरेज फर्म ने शेयर पर अपनी रेटिंग घटाई है। पहले उसने शेयर पर 'buy' रेटिंग दी थी। अब उसने रेटिंग घटाकर 'hold' कर दी है। उसने शेयर का टारगेट प्राइस भी घटाया है। इसे 21 फीसदी घटाकर 3,240 रुपये कर दिया है। Nuvama ने बीएसई के शेयर के FY27 के लिए प्रति शेयर अर्निंग्स के अनुमान को 6.3 फीसदी और FY28 के लिए 15 फीसदी घटा दिया है।

एवरेज ट्रेडिंग वॉल्यूम में बड़ी गिरावट

इससे पहले ब्रोकरेज फर्म जेफरीज ने बीएसई के शेयर पर रेटिंग घटाई थी। उसने इस शेयर पर अपनी रेटिंग बदलकर 'अंडरपरफॉर्म' कर दी थी। शेयर के टारगेट प्राइस को भी 16 फीसदी तक घटा दिया था। नोमुरा ने कहा है कि बीएसई का एवरेज डेली ट्रेडेड वॉल्यूम गिरकर 18,100 करोड़ रुपये रह गया है। यह जून 2025 के बाद से सबसे कम है। मास्टर कैपिटल सर्विसेज के चीफ रिसर्च अफसर रवि सिंह ने कहा कि वह अचानक शेयर पर बेयरिश रुख की जगह होल्ड की सलाह देंगे।

यह भी पढ़ें: Tata Group News: एन चंद्रशेखरन ने आखिर टाटा संस के चेयरमैन पद से क्यों दिया इस्तीफा? जानिए टाटा समूह के अंदर की पूरी कहानी

इस साल करीब 26 फीसदी चढ़ा है

इससे पहले बीएसई के शेयर ने भारी बिकवाली के बाद एक से ज्यादा बार तेज रिकवरी की क्षमता दिखाई है। सिंह ने कहा कि अगर बिकवाली का दबाव थमता है तो फिर से इस शेयर में तेज रिकवरी दिख सकती है। बीएसई का शेयर इस साल करीब 26 फीसदी चढ़ा है। बीते एक महीने में यह 9 फीसदी से ज्यादा गिरा है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।